सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

घोटालेबाज शिक्षा अधिकारियों को उच्चअधिकारियों का संरक्षण

रायपुर }डीबी स्टार। सरकारी स्कूलों में शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने और योजनाओं के संचालन के लिए जिन जिला शिक्षा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है इनके खिलाफ ही सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार की शिकायतें हैं। 5 साल में 33 जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) में केस दर्ज हुए हैं। इसमें गबन, भ्रष्टाचार, घूसखोरी और अनियमितता की शिकायतें शामिल हैं। जांच में 12 डीईओ दोषी भी मिले हैं। लेकिन इन पर कार्रवाई नहीं हुई है।

शेष 21 की जांच व कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। सभी केस मिलाकर कुल 10-12 करोड़ रुपए की अनियमितता बताई गई है। शासन से संचालित सरकारी योजना व पदोन्नति, ट्रांसफर में भ्रष्टाचार हुआ है। कईयों के विरुद्ध केस दर्ज होने के बावजूद ये अब भी जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पड़ताल में पता चला कि व्याख्याता व प्राचार्यों को डीईओ बनाकर जिलों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसे लेकर हाईकोर्ट पहले भी आपत्ति जता चुका है कि जूनियर को बीईओ-डीईओ नहीं बनाया जाना है। 33 में से 80 फीसदी डीईओ प्रभारी के तौर पर काम कर रहे हैं। जिनके खिलाफ केस दर्ज हुआ है। 90 फीसदी डीईओ अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं।

जिन जिला शिक्षा अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें हैं, उनमें से कई रिटायर हो चुके हैं। कई के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। जांच के बाद इन पर कार्रवाई होगी। कई अभी भी उसी पद पर पदस्थ हैं, तो उन्हें जल्द हटाया जाएगा। अशोक नारायण बंजारा, प्रभारी संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय

जल्द होगी कार्रवाई

INVESTIGATION

2024-25

{ महासमुंद के तात्कालिक डीईओ एस. चन्द्रसेन के खिलाफ सहायक शिक्षक/विज्ञान प्रयोगशाला ई संवर्ग की प्रधान पाठक पदोन्नति नियमनिर्देश के विपरीत होने संबंधी अनियमितता का केस दर्ज है।
{ रायपुर के तात्कालीन डीईओ हिमांशु भारतीय, विजय कुमार खंडेलवाल पर मान्यता संबंधी घोटाला की शिकायत पर अनियमितता का केस दर्ज है। वर्तमान में हिमांशु भारतीय ही रायपुर के डीईओ है।
{ तात्कालीन डीईओ रामललित पटेल रिश्वत लेने के कारण एन्टी करप्शन ब्यूरो में पकड़ा गया था।
{ जगदलपुर के तात्कालीन डीईओ भारती प्रधान पर राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो रायपुर से प्राप्त शिकायती पत्र जिसमें शिक्षकों के संलग्नीकरण के पश्चात् अपने कार्यालय एवं अन्य कार्यालयों में संलग्न करने के संबंध में शिकायत दर्ज है।
{ सांरगढ़-बिलाईगढ़ के तात्कालीन डीईओ एलपी पटेल पर 10वीं व 12 वीं की वार्षिक परीक्षा 2025 हेतु निरीक्षण के लिए कलेक्टर द्वारा गठित उड़नदस्ता दल में बिना अनुमति के परिवर्तन के कारण का केस दर्ज है।

{ तात्कानील डीईओ राजनांदगांव आदित्य खरे, अभय जायसवाल, सूरजपुर डीईओ - रामललित पटेल, जशपुर डीईओ - प्रमोद कुमार भटनागर, सहायक संचालक-सरोज खलखो - सहायक संचालक कार्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर तेजराम जगदल्ले, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी धमतरी पर लाखों की किताबें कबाड़ में रद्दी के भाव में बेचने के संबंध में केस दर्ज है।

2025-26

{ प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी सांरगढ़- बिलाईगढ़ डी.एन. मिश्रा पर आवश्यकता से अधिक गणवेश की जानकारी दिए जाने के कारण केस दर्ज है।

{ अशोक कुमार सिन्हा, तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा युक्तियुक्तकरण मे अनियमिता का केस दर्ज है।

{ बी. बाखला, सेवा निवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी, रायगढ़ के विरुद्ध जिला ग्रंथालय रायगढ़ में तकनीकी उन्नयन हेतु सिंघानिया ग्रुप इंडस्ट्रीज द्वारा की गई सामग्री आपूर्ति से संबंधित 2 अनुबंध में संदेह होने के संबंध में क्रय प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत पर केस दर्ज है।

2022-23

{ बेमेतरा की डीईओ मधुलिका तिवारी ने विज्ञान प्रायोगिक सामग्री और फर्नीचर खरीदी में क्रय भण्डार नियम का पालन नहीं किया। आंशिक दोष सिद्ध हुआ है। चेतावनी देते हुए प्रकरण को नस्तीबद्ध किया गया। जशपुर डीईओ रहकर सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक में पदोन्नति की भी शिकायतें हैं।

{ कोण्डागांव के डीईओ राजेश मिश्रा (मूल पद व्याख्याता) के खिलाफ नियमविरुद्ध युक्तियुक्तकरण/स्थानांतरण, भृत्यों की नियुक्ति, अतिथि शिक्षकों/ विद्यामितानों की नियुक्ति और महापुरूषों की छायाचित्र एवं फर्नीचर क्रय में वित्तीय अनियमितता करने का प्रकरण दर्ज है। जांच अधूरी है। 2022-23 में कोण्डागांव के डीईओ राजेश मिश्रा (मूल पद व्याख्याता) के विरुद्ध सेवा भर्ती नियम के विपरीत सहायक ग्रथपाल के 1 पद पर भर्ती पर शिकायत थी। जांच में दोषी पाए गए लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

{ बीजापुर के डीईओ, प्रमोद कुमार ठाकुर और बस्तर डीईओ भारती प्रधान के विरुद्ध केन्द्रीय भण्डार, नेकॉफ एवं एन.सी.सी.एफ. के माध्यम से सूखा राशन सामग्री क्रय के मामले में वित्तीय अनियमितता का केस दर्ज है। जांच अधूरी, कार्रवाई भी नहीं हुई।

{ जांजगीर-चांपा के डीईओ के. एस. तोमर पर विधि विरूद्व अनुकंपा नियुक्ति देने, पुत्र एवं स्कूल संचालन समिति के नजदीकी रिश्तेदारों को नियुक्ति दी है। फलस्वरूप उपरोक्त कर्मचारियों को अनुदान मद से तीन माह मई से जुलाई 2021 तक का वेतन की राशि रूपये 4,68,966/-भुगतान की गई जिससे शासन को उक्त राशि की हानि हुई है दोषी पाया गया है। कार्रवाई नहीं हुई।

{ जे.के. प्रसाद, तत्कालीन जिला शिक्षा अधि. जशपुर द्वारा अनुकंपा नियुक्ति में अनियमितता की गई थी। दोषी मिलने पर भी कार्रवाई नहीं हुई।

{ चैनू सिंह ध्रुव, तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी बालौदाबाजार-भाटापारा के खिलाफ स्थानांतरण नीति वर्ष 2022 की कंडिका 3.9 का पालन न करते हुए शासन के नियमों के विरूद्ध पदस्थापना करना अनियमितता का केस दर्ज है। जांच व कार्रवाई प्रक्रियाधीन बताई गई है।

{ बीजापुर प्रभारी डीईओ प्रमोद कुमार ने नियम विरुद्ध शिक्षकों को संलग्नीकरण किया। फर्नीचर खरीदी में गड़बड़ी की शिकायतें हुईं हैं। जांच मं ये दोषी भी मिले हैं। लेकिन कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

{ कोण्डागांव के तात्कालिक डीईओ अशोक पटेल पर सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के पदोन्नति-पदस्थापना में अनियमितता की शिकायत दर्ज है। जांच लंबित बताई गई है।

{ गरियाबंद जिले के डीईओ भोपाल ताण्डेय ने 3 करोड़ 27 लाख से ज्यादा के फायर एस्टिंग्यूसर खरीदी में अनियमितता बरती थी। जांच में दोषी मिले हैं। कार्रवाई अबतक नहीं हुई।

2023-24

{ सूरजपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रामललित पटेल के विरुद्ध प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना अंतर्गत 34 लाख से अधिक अनियमितता में प्रकरण दर्ज है। जांच कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

{ बलौदाबाजार-भाटापारा के तात्कालिक डीईओ राकेश शर्मा के खिलाफ स्वामी आत्मानंद में शिक्षकों की भर्ती में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज है। जांच व कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

{ सरगुजा के तात्कालिक डीईओ रहे संजय गुप्ता पर टाटपट्टी/ ब्लैकबोर्ड/सरस्वती सायकल योजन अंतर्गत सायकल खरीदी में नियमो का पालन नही किया जाने के संबंध में शिकायत दर्ज है।

{ मानपुर-मोहला-अं.चौकी के तात्कालिक डीईओ कमल कपूर बंजारे के खिलाफ आत्मानंद स्कूलों में संविदा भर्ती में गड़बड़ी, नियुक्ति और पदस्थापना के लिए लेनदेन अनियमितता का केस दर्ज है।

{ बिलासपुर के तात्कानील डीईओ शशि कुमार प्रसाद, पी. दासरथी, रामानंद हीराधर पर अनुकम्पा नियुक्ति दिये जाने में अनियमितता का प्रकरण दर्ज है।

{ महासमुंद के तात्कालीक बी.एल. कुर्रे सामान्य भविष्य निधि खाते में पर्याप्त राशि बचत नही होने के बाद भी राशि निकालना, ऋणात्मक शेष राशिआहरण करना अनियमितता का केस दर्ज है।

टिप्पणियाँ