सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

PWD एसडीओ ने ठेका देने में किया फर्जीवाड़ा


जिले में पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग केएल पैकरा के खिलाफ ठेकेदारों ने मोर्चा खोलते बाहरी ठेकेदारों से सांठगांठ करने का आरोप लगाया है। ठेकेदारों का आरोप है कि एसडीओ द्वारा स्थानीय ठेकेदारों की अनदेखी कर जिले के बाहर के ठेकेदारों के साथ सांठगांठ कर गुणवत्ताहीन कार्य व कार्य के अधिक का भुगतान किया जा रहा है। स्थानीय ठेकेदारों ने इसकी शिकायत कलेक्टर से करते कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत करने पहुंचे स्थानीय ठेकेदारों ने बताया जिले के समस्त शासकीय आवासीय व गैर आवासीय भवनों में विद्युतीकरण के लिए निविदा आमंत्रित की गई थी।

जिले के स्थानीय ठेकेदारों को निविदा प्राप्त हुई थी। कुछ माह पश्चात पुनः जोनल टेंडर लगाकर बाहरी ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने की नियत से प्रथम आमंत्रण में ही सिंगल सपोर्ट में चार बाहरी ठेकेदारों के साथ सांठ-गांठ कर कार्य आबंटित कर कार्यादेश जारी कर दिया गया। जो कि नियम विरूद्ध है।

शासन प्रशासन को नुकसान पहुंचाते अधिक दर पर टेंडर दिया गया। इन ठेकेदारों का बील बनाकर भुगतान किया जा रहा है जबकि जिले के स्थानीय ठेकेदार जो कि विभाग में कई वर्षों से काम कर रहे है उनका विगत तीन वर्षों से भुगतान रोक दिया गया है। स्थानीय ठेकेदारों की मानसिक व आर्थिक स्थिति काफी बिगड़ चुकी है ठेकेदार आज व्यापारियों, बैंक कर्ज से परेशान हो चुके हैं।

ठेकेदारों ने दोबारा लगाए गए कांकेर जिले के जोनल निविदा की दण्डाधिकारी जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ उचित कार्यवाही कर कांकेर में वर्तमान में पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी को हटाने की मांग की है। मांग करने वालों में सौरभ डहरिया, नितिन दवे, संजय मेहता, अभिषेक, अखिलेश आदि शामिल हैं।

टिप्पणियाँ