• उद्योग संघ ने कहा- ग्रीन बेल्ट की जिम्मेदारी संघ को दी जाए
इंडस्ट्रियल एरिया सिरगिट्टी में ग्रीन बेल्ट की जमीन को चोरी-छिपे उद्योग विभाग बेच रहा है। जहां ग्रीन बेल्ट के लिए खाली जमीन छोड़ी गई है, वेबसाइट में इसका रिकॉर्ड नहीं है और यहां अब बाउंड्रीवाल खड़ी हो गई है। छग लघु एवं सहायक उद्योग संघ के अध्यक्ष ने इसकी शिकायत भी की है। जांच होगी तब इसका खुलासा होगा कि अब तक ग्रीन बेल्ट की कितनी जमीनें बेची जा चुकी है।
इंडस्ट्रियल एरिया सिरगिट्टी, तिफरा में सेक्टर ए, बी और सी में करीब 400 एकड़ जमीन है, जिसमें वर्तमान में 500 उद्योग स्थापित हैं। इनमें से कई बंद हो चुके हैं। नियम के तहत 10% क्षेत्र ग्रीन बेल्ट के लिए रिजर्व होना चाहिए और मौके पर 10% क्षेत्र छोड़ा भी गया। आरोप है कि उद्योग विभाग द्वारा इन जमीनों को धीरे-धीरे कारोबारियों को बेचा जा रहा है, जबकि नियम है कि ग्रीन बेल्ट की जमीन नहीं बेच सकते। इसी तरह कोई भी जमीन खाली होने होने पर वेबसाइट में इसका रिकॉर्ड शो करने का भी नियम है, लेकिन खाली जमीन की जानकारी वेबसाइट पर नहीं दिखाई जा रही है।
इससे माना जा रहा है कि ग्रीन बेल्ट की जमीन बेचने की आड़ लंबे समय से बड़ा खेल हो रहा है। उद्योग संघ का कहना है कि सिरगिट्टी में नर्मदा कोल्ड ड्रिंक के सामने 15 एकड़ में संघ की ओर से पौधरोपण किया गया था। इसके चलते ये जमीन आज भी सुरक्षित है। संघ ने अन्य खाली जमीन को ग्रीन बेल्ट के लिए देने की मांग की है, ताकि जमीन को सुरक्षित रखा जा सके।
उद्योग विभाग ही बेच रहा ग्रीन बेल्ट को इंडस्ट्रियल एरिया सिरगिट्टी में ग्रीन बेल्ट को उद्योग विभाग के अफसर नियम के खिलाफ जाकर बेच रहे हैं, जबकि ग्रीन बेल्ट को बेचा नहीं जा सकता। सिरगिट्टी में साहू ब्रिक्स और एक अन्य जगह में अब ग्रीन बेल्ट पर बाउंड्रीवाल खड़ी हो गई है। जांच के बाद ही कई खुलासे होंगे। - हरीश केडिया, अध्यक्ष, सहायक एवं लघु उद्योग संघ आरोप गलत है, पूरा सिस्टम ऑनलाइन है
ग्रीन बेल्ट की जमीन बेचने का आरोप पूरी तरह से गलत है। पूरा सिस्टम ऑनलाइन है, इसलिए जमीन कैसे बेची जा सकती है। फिर भर जहां बाउंड्रीवाल बनाई जा रही है, वहां की जांच कराई जाएगी। - एमएल कुसरे, सीजीएम, उद्योग विभाग
जानिए... सेक्टर बी में कहां ग्रीन बेल्ट की जमीन बेच दी गई सेक्टर बी में साहू ब्रिक्स के सामने और इसी से लगी और खाली जगह ग्रीन बेल्ट के लिए आरक्षित थी। अब यहां पर किसी व्यक्ति विशेष द्वारा बाउंड्रीवाल खड़ी कर दी गई है। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि उद्योग विभाग ने यहां की जमीन बेच दी है।

टिप्पणियाँ