अप्रैल में पूरा होना था जिला अस्पताल भवन का निर्माण, डेडलाइन 9 महीने बढ़ाई गई
कोरिया व एमसीबी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए भवन निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही की वजह से निर्माण की डेडलाइन बार-बार बदल रही है, जिसे लेकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने नाराजगी जताई है। 35 करोड़ की लागत से कंचनपुर में बन रहे जिला अस्पताल के निर्माण पूरा होने की डेडलाइन अप्रैल महीने में ही पूरी हो गई, लेकिन भवन बनकर तैयार नहीं हुआ, अब कलेक्टर ने जिला अस्पताल भवन निर्माण के लिए 9 माह का समय ठेकेदार को और दिया है। ठेकेदार द्वारा निर्माण में लेटलतीफी की वजह से आम लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मालूम हो कि कोरिया जिला में नए जिला अस्पताल भवन का निर्माण सरगुजा जिला विभाजन के 23 साल बाद शुरू किया गया। 4 अप्रैल 2022 से निर्माण शुरू किया गया था और इसे 4 अप्रैल 2022 में निर्माण पूरा कर जिला स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करना था लेकिन यहां भी भवन निर्माण में लापरवाही की गई है। सीजीएमएससी अंबिकापुर को भवन निर्माण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ड्रग वेयर हाउस के पास गेज नदी के किनारे नए जिला अस्पताल की बिल्डिंग और सीएचएमओ कार्यालय के पास एमसीएच बिल्डिंग का निर्माण चल रहा है, जिसे अब तक पूरा हो जाना था।
बिल्डिंग बनने से स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ेंगी और कोरिया सहित पड़ोसी जिला सूरजपुर व कोरबा के कोरबी क्षेत्र के मरीजों को लाभ मिलेगा। कोरिया जिला बनने के बाद 25 साल से बैकुंठपुर के पुराने भवन में 100 बेड अस्पताल बिल्डिंग में जिला अस्पताल संचालित है। भवन निर्माण में लेटलतीफी की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने सीजीएमएससी इंजीनियर व ठेकेदार को आखिरी डेडलाइन मार्च 2025 दे दी है। भवन के पास ही मेटरनिटी व चाइल्ड यूनिट भी तैयार किया जा रहा है, जो सीधे इस भवन से जुड़ेगा। 200 बेड के नए अस्पताल भवन के लिए 35 करोड़ खर्च किए जा रहे है। डीएमएफ से तीन चरण में बजट का आबंटन किया जा रहा है।
नए भवन में मरीजों को ये सभी सुविधाएं मिलेंगी नए जिला अस्पताल भवन में आधुनिक आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, सीटी स्कैन, एमआईआर, ईसीजी आधुनिक लैब, बर्न व डायलिसिस यूनिट, ब्लड बैंक, कैजुअल्टी, ट्रामा यूनिट सहित अन्य अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें 7 लाख 45 हजार जनसंख्या को स्वास्थ्य सुविधाएं जिला मुख्यालय में उपलब्ध होंगी। नवीन मातृ व शिशु अस्पताल से महिला व बच्चों के स्वास्थ्य को नई दिशा मिलेगी। मातृ-शिशु अस्पताल में आईसीयू, एनआरसी, एसएनसीयू, प्रसव कक्ष की सुविधाएं होंगी। स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर 33 वेंटीलेटर बेड, 60 आईसीयू बेड, 539 ऑक्सीजनयुक्त बेड होंगे।
ग्राउंड फ्लोर का काम पूरा फर्स्ट फ्लोर का काम जारी ^सीएमएचओ डॉ आरएस सेंगर ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर का काम लगभग हो गया है, फर्स्ट फ्लोर का काम चल रहा है। सालभर का समय और दिया गया है।

टिप्पणियाँ