डी-फार्मा के छात्रों ने उत्तर-पुस्तिका में लिखा जय श्री राम...: मिला 56 फीसद अंक, RTI के तहत हुआ मामले का खुलासा, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 2 प्रोफेसरों पर कार्रवाई
जौनपुर के पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शिक्षकों का हैरतअंगेज कारनामा सामने आया है। डी-फार्मा के पहले और दूसरे सेमेस्टर के 4 छात्रों को जय श्रीराम और भारतीय क्रिकेटर्स के नाम लिखने पर पास किया गया है। चारों छात्र 56 फीसदी अंकों के साथ पास हो गए हैं। मामला सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया। अब इस मामले में परीक्षा समिति ने दो शिक्षक डॉ. आशुतोष गुप्ता और डॉ. विनय वर्मा को दोषी करार दिया है। इनके खिलाफ राजभवन पत्र भेजकर कार्यमुक्त करने की शिकायत की गई है।
पूरा मामला जानते हैं
पूर्वांचल विवि के पूर्व छात्र दिव्यांशु ने 3 अगस्त 2023 आरटीआई में शिकायत कर सही जानकारी की मांग की थी। इसमें उन्होंने डी-फार्मा प्रथम सेमेस्टर के 18 छात्रों के रोल नंबर उपलब्ध कराते हुए, उनकी उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग की थी। इसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा 58 उत्तर-पुस्तिकाओं की प्रति उपलब्ध कराने को कहा गया था। जिसके बाद 42 उत्तर पुस्तिकाओं की प्रति उपलब्ध कराई गई। जिसमें सामने आया कि जय श्री राम.... लिखने पर 56 फीसदी अंको से पास किये गए।
सूचना अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी के जवाब में छात्र को जो उत्तर पुस्तिकाओं की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। जिसका बार कोड संख्या 4149113 की कॉपी में छात्र ने लिखा था, जय श्री राम पास हो जाएं, इसके अलावा विराट कोहली, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या समेत अन्य खिलाड़ियों के नाम लिखे थे। उत्तर पुस्तिका में प्रश्नों के उत्तर लिखने के बजाय जय श्री राम और क्रिकेट खिलाड़ियों के नाम लिखने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा छात्र को 75 में से 42 अंक यानी 56 फीसदी अंक देकर पास किया गया था। ऐसा ही मामला बार कोड 4149154, 4149158, 4149217 की कॉपियों में भी देखने को मिला और छात्रों को भी पास कर दिया गया था।
पूर्व छात्र दिव्यांशु ने शपथपत्र के साथ राजभवन में शिकायत की थी। शिकायती पत्र में आरोप है कि पैसे लेकर छात्रों को पास कर दिया गया था। राजभवन द्वारा शिकायत को संज्ञान लेते हुए 21 दिसम्बर 2023 को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया गया था।

टिप्पणियाँ