सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

1700 रुपए में मेडल पान खाइए

छत्तीसगढ़ में मोदी के लिए 'I LOVE YOU' वाला पानः मेडल पान 1700 रुपए का; 'कमल फूल' की डिमांड ज्यादा, कीमत 180 रुपए

छत्तीसगढ़ के जीवन लाल देवांगन चुनावी मौसम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को I LOVE YOU पान खिलाना चाहते हैं। वो कहते हैं कि, PM मोदी के लिए तीन तरह के पान बनाए हैं। I LOVE U पान खिलाने के अलावा मोदी जी को कमल फूल और मेडल वाला पान भेंट करने की इच्छा है। जीवन लाल अभी तक राष्ट्रपति से लेकर कई नेताओं और अभिनेताओं को पान खिला चुके हैं।

दरअसल, जीवन लाल गरियाबंद में पान की दुकान संचालित करते हैं। दैनिक भास्कर की टीम चुनाव की ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान महासमुंद सीट के गरियाबंद पहुंची तो उनसे मुलाकात में रोचक किस्से निकल आए। जीवन लाल कमल फूल की डिजाइन का पान तैयार कर रहे थे। कहते हैं कि चुनावी मौसम में सबसे ज्यादा डिमांड इसी पान की है।

मुद्दों पर मोदी का चेहरा भारी

जीवन लाल वैसे तो 500 तरह का पान बनाते हैं। हर किसी का अपना फ्लेवर है, लेकिन वह बताते हैं कि मोदी के चाहने वाले सबसे ज्यादा कमल फूल पान की ही मांग कर रहे हैं। लोग शौक से इस डिजाइन को लेते हैं। इसकी कीमत 180 रुपए हैं। वहीं जो पान वह PM मोदी को खिलाना चाहते हैं वह 160 रुपए का और मेडल वाला पान 1700 रुपए का है।

71 साल के जीवन लाल खुद भी मोदी को बहुत पसंद करते हैं। कहते हैं कि राम मंदिर और विकास कार्यों के चलते उनके ऊपर भरोसा है। वह चाहते हैं कि PM मोदी गरियाबंद प्रचार के लिए आएं। इससे उनको बहुत खुशी होगी। जीवन लाल बताते हैं कि यहां मुद्दों पर मोदी का चेहरा भारी है। वैसे देश के प्रति PM के विचारों के चलते उनको सपोर्ट करने की बात कहते हैं।


पूर्व CM भूपेश बघेल भी पहुंचे थे पान खाने

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सभी विधानसभा सीटों का दौरा कर रहे थे। भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान जब वे गरियाबंद जिले में जीवन लाल की दुकान पर भी पहुंच गए। दरअसल जीवन लाल ने उस समय भूपेश बघेल को अपनी दुकान में आकर पान खाने का न्योता दिया था। भूपेश ने इस दौरान जीवन लाल के हाथों बने पान का स्वाद लिया था।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने काफिला रुकवाकर खाया था पान।


इन नेता और अभिनेताओं को खिला चुके हैं पान

71 साल के जीवन लाल ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, शंकर दयाल शर्मा, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, मनमोहन सिंह, एसडी देवगौड़ा समेत सुषमा स्वराज, फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा, धर्मेंद्र, सोनाली बेंद्रे और किरण खेर समेत कई बड़ी हस्तियों को अपना बनाया पान खिलाया है।

सुषमा स्वराज के साथ जीवन लाल और उनकी पत्नी भूपत देवांगन ।

फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के साथ जीवन लाल की एक धुंधली तस्वीर।

पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा को पान खिलाते जीवन लाल देवांगन।


पान की 500 डिजाइन का कॉपीराइट

पान बनाने के इस हुनर का कॉपीराइट भी जीवन लाल देवांगन के पास है। 500 तरह के यूनीक डिजाइन का कॉपीराइट जीवन लाल ले चुके हैं। छोटी सी गुमटी लगाने वाले जीवन लाल के पान के खूबसूरत डिजाइन, फ्लेवर और टेस्ट काफी लोकप्रिय हैं।

पान के अलग-अलग डिजाइन को लेकर लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और यूनीक वर्ल्ड रिकॉर्ड जीवन लाल के नाम पर हैं। उनकी I LOVE U पान के अलावा कमल का फूल, मेल-फीमेल, दीपक, मेडल, गुझिया समेत कई डिजाइन के पान लेने लोग दूर-दूर से उनके पास आते हैं।

इंडियाज गॉट टैलेंट में पान बनाते जीवन लाल और उनकी पत्नी भूपत देवांगन ।

धर्मेंद्र, सोनाली बेन्द्रे और किरण खेर को पान खिला चुके हैं जीवन लाल।

इंडियाज गॉट टैलेंट में नजर आ चुके हैं जीवन लाल

रियलिटी शो इंडियाज गॉट टैलेंट के सीजन-3 में जीवन लाल अपनी पत्नी भूपत देवांगन के साथ नजर आ चुके हैं। जीवन लाल ने यहां फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र, सोनाली बेंद्रे और किरण खेर को अलग-अलग डिजाइन का पान खिलाया था। जहां जजों ने उनके इस हुनर की बेहद तारीफ की थी।

टिप्पणियाँ