सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

रेलवे स्टेशन से सवारी लेकर जा रही ई-रिक्शा नाले में गिरी, बाल बाल बचे सवारी

बिलासपुर/ बिलासपुर में रेलवे स्टेशन से यात्री लेकर आ रही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर अचानक नाले में गिरकर पलट गई। इस हादसे में उसमें सवार यात्री बाल-बाल बच गए। ई-रिक्शा में एक ही परिवार के 3 सदस्यों को मामूली चोट लगी है। स्थानीय लोगों ने मदद कर यात्रियों के साथ ही ई-रिक्शा को बाहर निकाला। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम ई-रिक्शा का चालक रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों का इंतजार कर रहा था। उसी समय एक ही परिवार के वहां सदस्य पहुंचे और ई-रिक्शा को तोरवा के पास जाने के लिए बुक किया। इसके बाद सभी यात्री ई-रिक्शा में सवार हो गए।

नाले में पलट गई ई-रिक्शा

अभी ई-रिक्शा का चालक सवारी लेकर रेलवे स्टेशन से निकला ही था, तभी रास्ते में हेमूनगर रोड के पास ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित हो गई और नाले में गिरकर पलट गई। जिससे यात्री और उनका सामान भी नाले में गिर गया। हादसे में यात्री बाल-बाल बच गए। हालांकि 3 यात्रियों को मामूली चोट आई है।

स्थानीय लोगों ने मदद कर निकाला बाहर

इस घटना के बाद वहां आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने यात्रियों और उनके सामान को नाले से बाहर निकाला। ई-रिक्शा में ड्राइवर समेत 5 लोग सवार थे। लोगों ने ड्राइवर की मदद कर ई-रिक्शा को सीधा किया, जिसके बाद उसे नाले से ऊपर लेकर आए।

जाम की स्थिति भी सुधार नहीं सकी पुलिस

इस हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके चलते सड़क जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद भी पुलिस को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। पुलिस का कहना है कि हादसे की जानकारी उन्हें नहीं मिली है और न ही किसी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

टिप्पणियाँ