सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

दिल टूटने पर क्यों होता है दर्द, इसकी असली वजह साइंस है, जानते है कैसे

रंगों और खुशियों का त्योहार हाेली नजदीक है। बसंत आने के बाद कहीं पेड़ों पर फूल ही फूल नजर आ रहे हैं ताे कहीं शाखों से पत्ते गायब दिख रहे हैं। नई काेपलें और नए पत्ते निकल रहे हैं। आम के पेड़ों पर छोटे-छोटे फल दिखने शुरू हो गए हैं। ये मौसम किसी शायर की तरह है, जो अलग-अलग अंदाज में अपनी रोमांटिक शायरी सुना रहा है।

युवाओं के लिए यह मौसम रोमांस के महीने की तरह है। इसमें प्रेमी अपनी प्रेमिका से मुहब्बत का इजहार करता है। उसे रिझाने के लिए गुलाब के फूल से लेकर तरह-तरह के फूलों से सजा बुके देता है। अलग-अलग रंगों की तरह ही वह तमाम रंग के वादे करता है। हवाओं-फिजाओं हर ओर से बस मुहब्बत की खुशबू आती है। इसीलिए इसे महीने को प्यार का महीना भी कुछ लोग कहते हैं।

  1. -क्यों हर किसी से नहीं होता प्यार।
  2. -क्या अपोजिट्स अट्रैक्ट करते हैं।
  3. -दिल टूटने पर क्यों होता है दर्द।
  4. -साथी का दिल टूटा तो कैसे संभालें।

कहते हैं न कि प्यार किया नहीं जाता, हो जाता है। असल में इसके पीछे सारा खेल विज्ञान का है। आइए देखते हैं कैसे-

पहली नजर में प्यार

पहली नजर के प्यार के लिए नजर से अधिक आपके डीएनए की अहम भूमिका है। फेमस क्रोएशियाई जेनिटिसिस्ट तमारा ब्राउन के मुताबिक, डीएनए का एक हिस्सा है मानव ल्यूकोसाइट एंटीजन। यह पहली नजर में ट्रू लव खोजने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। इसके चलते हमारे शरीर से खास महक आती है। इसी से कोई आपकी पसंद या नापसंद बनता है।


दिल टूटने पर होता है ऐसा 

प्यार में पड़ा इंसान तरह-तरह के अनुभव करता है। उसके मन और शरीर में कई बदलाव होते हैं। असल में ये बदलाव ही आपको प्यार के लिए प्रेरित कर रहे होते हैं। वैज्ञानिकों की मानें तो प्रेम की शुरुआत में हमारे शरीर में तीन तरह के केमिकल्स खलबली मचाते हैं। ये दिमाग में प्यार के बीज की तरह हैं-

  1. नोराड्रेनालाइन
  2. डोपामाइन
  3. फेनएथलामिन

ये तीनों केमिकल मिलकर ही हमारे दिमाग में प्यार का पौधा तैयार करते हैं।

नोराड्रेनालाइन का सारा खेल

नोराड्रेनालाइन नाम का केमिकल आपके दिमाग को प्यार के लिए उकसाता है। इसके कारण एड्रेनालाइन बनना शुरू होता है, जिससे आपके दिल की धड़कन तेज हो जाती है। आप खुद को नर्वस महसूस कर सकते हैं। इससे हथेली पर पसीना आ सकता है। इसके बाद दूसरा केमिकल डोपामाइन रिलीज होता है, जो आपको अच्छा महसूस कराता है। इसके बाद फेनएथलामिन नाम का केमिकल रिलीज होता है, जो आपको अनोखा एहसास दिलाता है। इन अहसासों को हम प्यार की निशानी मानकर चलते हैं। जैसे ही यह सब होता है, हमें लगता है कि प्यार हो गया है।

तीन तरह का होता है प्यार

विज्ञान प्यार को तीन अलग कैटगरीज में बांटकर देखता है। ये तीन लेवल की तरह भी हैं। जैसे-जैसे प्यार बढ़ता है, ये जगह लेते जाते हैं।

  • लस्ट
  • अट्रैक्शन
  • लगाव

  1. पहली तरह का प्यार है लस्ट। यह पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन और महिलाओं में एस्ट्रोजेन हॉर्मोन के कारण होता है।
  2. दूसरी तरह का प्यार आकर्षण है। इसमें नशे की तलब जैसा एहसास होता है, जैसे कोई लती व्यक्ति शराब या सिगरेट की तलाश करे।
  3. तीसरे और आखिरी लेवल में आपको साथी से लगाव हो जाता है। आप उसके साथ भविष्य की योजनाएं बनाते हैं।

क्या अपोजिट्स अट्रैक्ट करते हैं?

आपने अकसर सुना होगा कि अपोजिट्स अट्रैक्ट करते हैं। यह बात अपोजिट सेक्स के बीच तो काफी हद तक ठीक है। लेकिन विचारों के मामले में बहुत सही नहीं समझ आती है।

शुरू-शुरू में हो सकता है कि किसी का अपोजिट नेचर आपको नया और एक्साइटिंग लगे। इसके चलते आपको अट्रैक्शन हो जाए। पर यकीन मानिए यह बहुत लंबे वक्त तक नहीं टिकता है। अमेरिकी यूनिवर्सिटी कोलेराडो बॉल्डर की रोमांटिक रिलेशनशिप पर की गई एक रिसर्च भी इसी ओर इशारा करती है। इसके मुताबिक, 89% युवा ऐसे पार्टनर्स के साथ लंबे वक्त तक रिश्ते में रह पाते हैं, जिनकी सोच, विचार और लाइफ वैल्यूज मेल खाती हों।

दिल टूटने पर क्यों होता है दर्द

प्रेमी जोड़े के बीच जैसे-जैसे प्रेम प्रगाढ़ होता है। दुनिया भी अच्छी सी लगने लगती है। मानो सबकुछ अपने ही हक में तो हो रहा है, सब हमारे मुताबिक। लेकिन सब दिन एक से कहां रहते हैं। ऐसा भी दिन आता है जब दिल टूटता है, प्रेमी जोड़ा बिछड़ता है। एक सुंदर दुनिया अचानक उजड़ सी जाती है।

दिमाग में तूफान सा उठता है, उथल-पुथल मच जाती है। इसका असर मन और शरीर पर पड़ता है। कई बार इसी दौरान लोग तनाव और फिर डिप्रेशन का शिकार हो जाते हैं। इसके पीछे भी हार्मोन्स ही जिम्मेदार होते हैं। सबसे पहले तो डोपामाइन जैसे फील गुड हाॅर्मोंस रिलीज होना बंद हो जाते हैं। कडल हाॅर्मोंस भी एक्टिव नहीं होते। ऑक्सीटॉसिन और सिरोटॉनिन जैसे हैप्पी हाॅर्मोन नहीं रिलीज हो रहे होते। ये सब मिलकर मन और शरीर को बुरी स्थिति की तरफ ले जाते हैं।

टिप्पणियाँ