क्या आप मेयोनीज या टोमैटो केचप के बिना फास्ट फूड या जंक फूड की कल्पना कर सकते हैं ? शायद नहीं। मेयोनीज या टोमैटो केचप हमारे खान-पान का अहम हिस्सा बनता जा रहा है लेकिन क्या आप जानते हैं कि फास्ट फूड और जंक फूड के साथ खाए जाने वाले आपके पसंदीदा मेयोनीज, टौमेटो केचप और सॉस सेहत के लिए नुकसानदायक हैं।जानें.....
एक्सपर्ट से -अनु अग्रवाल-न्यूट्रिशन एंड डाइटेटिक्स, नई दिल्ली
मेयोनीज क्या है?
मेयोनीज को बनाने में तेल, अंडे की जर्दी, नींबू का रस या सिरका का इस्तेमाल किया जाता है। स्वाद को बढ़ाने के लिए नमक, काली मिर्च और अन्य मसालों के साथ थोड़ी मात्रा में सफेद सरसों भी डाली जाती है। इसके पेस्ट को तब तक अच्छी तरह मिलाया जाता है, जब तक कि यह गाढ़ा न हो जाए। लेकिन बाजार में मिलने वाले मेयोनीज में कई हानिकारक केमिकल्स का यूज किया जा रहा है। सॉर्बेट्स और बेंजोएट जैसे सबसे आम प्रिजर्वेटिव हैं जिनका उपयोग मेयोनीज को बनाने में किया जा रहा है।
मेयोनीज से बढ़ सकता है वजन
मेयोनीज ज्यादा खाने से वजन बढ़ने की आशंका ज्यादा रहती है। क्योंकि मेयोनीज में काफी मात्रा में कैलोरी पाई जाती है। साथ ही इसमें फैट की मात्रा भी बहुत अधिक होती है। इससे पेट की चर्बी भी बहुत तेजी से बढ़ सकती है।
कोलेस्ट्रॉल लेवल को बढाए
एक चम्मच मेयोनीज में लगभग 1.6 ग्राम सैचुरेटेड फैट पाया जाता है। ऐसे में अगर आप अधिक मेयोनीज खाते हैं तो इससे कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है। हाई कोलेस्ट्रॉल से दिल से जुड़ी बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।
दिल की बीमारियों का खतरा
मेयोनीज ज्यादा खाने से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है। क्योंकि मेयोनीज में ओमेगा-6 फैटी एसिड की मात्रा ज्यादा होती है। जो ब्लड प्रेशर के लेवल को बढ़ा सकती है। ज्यादा मेयोनीज खाने से दिल का दौरा और स्ट्रोक जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ने का खतरा है।
ब्लड शुगर लेवल को बढ़ाये
मेयोनीज ज्यादा खाने से ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है। अगर आप रोजाना बहुत अधिक मात्रा में मेयोनीज खाते हैं तो इससे डायबिटीज होने की आशंका भी रहती है। डायबिटीज के मरीजों को मेयोनीज खाने से बचना चाहिए।
ये समस्या होंगी
बाजार में मिलने वाले मेयोनीज में प्रिजर्वेटिव और आर्टिफिशियल केमिकल मिलाई जाती हैं। इसमें मौजूद MSG (मोनोसोडियम ग्लूटामेट) सेहत के लिए काफी नुकसानदायक होते हैं। ऐसे में अधिक मेयोनीज खाने से कई लोगों को सिरदर्द, कमजोरी और मतली जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
मेयोनीज खराब तो नहीं है, यह कैसे जान सकते हैं?
मेयोनीज खराब तो नहीं है यह जानने के लिए कुछ तरीके अपना सकते हैं। जैसेकि-
- ऐसी मेयोनीज खाने से बचें, जिस पर फफूंद लगी हो। मेयोनीज का रंग पीला या भूरा पड़ चुका है तो जान लीजिए कि वह खराब हो चुकी है।
- कई बार मेयोनीज दिखने में ठीक लगती है। ऐसे में उसे खाने से पहले खट्टापन, कड़वे स्वाद और गंध की जांच जरूर कर लें।
- बिना खुली हुई पैक्ड मेयोनीज के तीन महीने तक चलने की संभावना होती है। वहीं खुली मेयोनीज फ्रिज में लगभग दो महीने तक चल सकती है।
नुकसानदायक हो सकता है जयादा टोमैटो केचप खाना
फास्ट फूड खाने पर टोमैटो केचप या टोमैटो सॉस बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी बहुत पसंद आता है। बर्गर, पिज्जा, पास्ता, फ्रेंच फ्राइज या पेटीज जैसी खाने की चीजें टोमैटो केचप के बिना बेस्वाद लगती हैं। हालांकि, केचप या सॉस प्रिजर्वेटिव और आर्टिफिशियल केमिकल से मिलकर बनी होती हैं। लंबे समय तक टमाटर सॉस खाने से डायबिटीज और मोटापे जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के होने की आशंका रहती है। इसलिए घर पर ताजा टमाटर सॉस तैयार करना एक बेहतर विकल्प है।
टोमैटो केचप से स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं?
- टोमैटो केचप में मौजूद हाई शुगर की वजह से मुंह में हानिकारक बैक्टीरिया पैदा हो सकते हैं। जिससे कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं।
- हाई शुगर इंटेक और फ्रुक्टोज कॉर्न सिरप की वजह से मोटापा और इंसुलिन बढ़ने का खतरा रहता है।
- टमाटर केचप में मैलिक एसिड और साइट्रिक एसिड जैसे एसिड होते हैं। जिसकी वजह से एसिडिटी और सीने में जलन हो सकती है। जिन लोगों को पाचन संबंधी समस्याएं हैं उन्हें टमाटर का केचप खाने से बचना चाहिए।
- प्रॉसेस्ड फूड और प्रिजर्व फूड ज्यादा खाने से सूजन बढ़ने का खतरा रहता है ऐसे में जोड़ों के दर्द की समस्या हो सकती हैं।
केचप में मौजूद टमाटर हिस्टामाइन से भरपूर होते हैं। हिस्टामाइन एक केमिकल होता है जो शरीर में कुछ अनचाही चीज के जाने पर रिलीज होता है। इसके लक्षणों में छींक आना, खुजली होना, सिर दर्द या रैशेज जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
सूडान डाई क्या है
सूडान रंग सिंथेटिक कार्बनिक यौगिकों का एक समूह है, जो आमतौर पर खाने और कपड़ों को रंगीन करने के लिए उपयोग किया जाता है। इन रंगों को मिर्च पाउडर, करी पाउडर और ताड़ के तेल जैसी खाने की चीजों के रंग को बढ़ाने के लिए किया जाता है। सूडान डाई को खाने-पीने की चीजों में शामिल करना सही नहीं माना जाता है क्योंकि इससे कैंसर और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के बढ़ते का खतरा रहता है। अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय संघ सहित कई देशों में खाने-पीने की चीजों में सूडान डाई का उपयोग करना प्रतिबंधित है।

टिप्पणियाँ