सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

हरी सब्जियों को सुखाने के ये नए तरीके अपनाएं

नई दिल्ली/ सर्दियों में कई लोग मटर, मेथी, गाजर, गोभी जैसी सब्जियां सुखाकर रखते हैं, ताकि गर्मियों और बरसात में उनका इस्तेमाल किया जा सके। सब्जियां सुखाकर रखना उन्हें प्रिजर्व करने का सबसे अच्छा और आसान तरीका है। लेकिन सब्जियों को सही तरीके से सुखाने और सहेजने का तरीका मालूम होना जरूरी है।

रांची की सीनियर डाइटीशियन डॉ. विजयश्री प्रसाद बता रही हैं सब्जियों को सही तरीके से सुखाने और सहेजने का तरीका।

सब्जियां सुखाने का तरीका 

डॉ. विजयश्री कहती हैं कि पहले महिलाएं घर पर रहती थीं इसलिए सब्जियां धूप में सुखाना उनके लिए आसान था। वो बीच बीच में सब्जियों को पलट लेती थीं ताकि वो हर तरफ से सूख जाएं।

लेकिन वर्किंग महिलाओं के लिए के लिए दिनभर सब्जियों को धूप में रखकर उनकी देखभाल करना संभव नहीं है। कई महिलाएं ऑफिस के लिए निकलते समय घर के अंदर सब्जियां फैलाकर सुखाने के लिए रख देती हैं। ऐसे में धूप न मिलने से सब्जियां ठीक से सूखती नहीं। ऐसी सब्जियों में फफूंद लग सकती है जो सेहत के लिए बहुत हानिकारक है।

सब्जियां सुखाने का पारंपरिक तरीका नहीं अपना सकते यानी सब्जियों को धूप में नहीं सुखा सकते तो उन्हें माइक्रोवेव में ड्राई किया जा सकता है। इससे सब्जियां अच्छी तरह ड्राई हो जाएंगी और उनमें फंगस नहीं लगेगा। अगर आप सब्जियों को सुखाने के लिए माइक्रोवेव का इस्तेमाल कर रहे हैं तो एक बार में थोड़ी मात्रा में ही सब्जियां सुखाएं।

सुखाई हुई सब्जियां, जैसे मेथी, मटर, पुदीना, आलू आदि को लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। अदरक को सुखाकर पाउडर बनाकर रखा जा सकता है। आलू के पापड़, बड़ियां जैसे कई चीजें तैयार की जा सकती हैं।

कई लोग सब्जियों को धूप में सुखाकर ड्राई कर लेते हैं और इन्हें अचार, सब्जी, सूप, सलाद के रूप में इस्तेमाल करते हैं।

लेकिन ऐसा करते समय मन में यह सवाल भी उठता है कि सुखाई हुई सब्जियां कितनी पौष्टिक होती हैं। डाइटीशियन डॉ. विजयश्री प्रसाद के अनुसार, सुखाई हुई सब्जियां भी पौष्टिक होती हैं। सुखाने के प्रोसेस में सब्जियों में से सिर्फ पानी में घुलनशील सॉल्युबल विटामिन जैसे विटामिन बी, सी और बीटा कैरोटीन नष्ट हो जाते हैं। बाकी सारे विटामिन सब्जियों में मौजूद रहते हैं। इसलिए इनका सेवन फायदेमंद होता है।

सब्जियां सुखाने का सही तरीका

सब्जियों को धूप में सुखाने का पारंपरिक तरीका बहुत सही है, लेकिन इसके लिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि सब्जियों में जरा सा भी सीलन बाकी न रहे।

सब्जियां धूप में सुखाते और एयरटाइट कंटेनर में सहेजते समय लापरवाही करने से उनमें फंगस लग सकता है। फफूंद लगी सब्जियां खाने से कई बीमारियां हो सकती हैं, जिससे फायदे से ज्यादा नुकसान हो सकता है।

सुखाने से पहले सब्जियों को अच्छी तरह धोकर काट लें। चाहें तो कटी हुई सब्जियों को कुछ देर नींबू के पानी में डुबोकर रख सकते हैं। इसके बाद सब्जियों को छत में या बालकनी में धूप में सुखाएं। बीच बीच में पलटते रहें।

रात में सब्जियों को घर के अंदर सुरक्षित जगह पर रखें। सुबह फिर दिनभर के लिए धूप में सुखाएं। यह प्रक्रिया 7-8 दिनों तक दोहराएं। जब सब्जियां अच्छी तरह सूख जाएं तब उन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखें।

टिप्पणियाँ