झुर्रियां अब सिर्फ बढ़ती उम्र की निशानी नहीं रहीं, बल्कि युवाओं के चेहरे की चमक को भी झुर्रियों ने फीका कर दिया है। बाजार में झुर्रियों से छुटकारा दिलाने के लिए एंटी एजिंग क्रीम, फेसवॉश और अंडरआई क्रीम जैसे प्रोडक्ट्स आते हैं, जो झुर्रियों को खत्म करने का दावा करते हैं। झुर्रियों को खत्म करने के लिए लोग हजारों रूपए खर्च करते हैं, लेकिन इसके पीछे की बड़ी वजह कोलेजन है।
शरीर में अगर कोलेजन सही होगा तो कभी एंटी एजिंग क्रीम की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। कोलेजन सही होने पर न सिर्फ चेहरे पर चमके आएगी, बल्कि जोड़ों में दर्द की समस्या भी कम होगी।
अमेरिका की नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की रिपोर्ट के अनुसार कोलेजन का स्किन की थिकनेस पर सीधा असर पड़ता है। कोलेजन कम होने पर त्वचा सिकुड़ने लगती है। आंखों के नीचे नीली नसें दिखने लगती हैं।
- -कोलेजन क्या है, इसकी कमी क्यों होती है?
- -कोलेजन कम होने से किस तरह की परेशानियां हो सकती हैं?
- -कोलेजन को कम होने से कैसे रोका जा सकता है?
कोलेजन क्या होता है
कोलेजन शरीर में पाए जाने वाला एक प्रकार का प्रोटीन है। जो मांसपेशियों, खून की नसों, आंखों, दिल, हड्डियों और स्किन में पाया जाता है। यह सभी अंगों के सेल्स को ग्लू(गोंद) की तरह जोड़कर रखता है। शरीर में कोलेजन कई तरह से फायदा पहुंचाता है। जैसेकि-
- हड्डियों को मजबूत बनाने में मददगार है।
- त्वचा को जोड़ने का काम करता है।
- चोट लगने के बाद जल्दी ठीक होने में मदद करता है।
कोलेजन की कमी क्यों होती है
जब शरीर को पोषण की ज्यादा जरुरत होती है और वह पूरी नहीं हो पाती तो शरीर में कोलेजन की कमी होने लगती है। इसके अलावा जब शरीर प्रोटीन को अच्छे से नहीं पचा पाता, तब भी कोलेजन की कमी हो जाती है। हमारी खराब लाइफस्टाइल भी कोलेजन की कमी के लिए जिम्मेदार है।
कोलेजन से भरपूर खाना डाइट में करें शामिल
कोलेजन के लिए शरीर को प्रोटीनयुक्त डाइट के साथ विटामिन सी, विटामिन डी, जिंक जैसे पोषक तत्वों की जरुरत होती है। इसके लिए अपनी डाइट में दूध, दही, पनीर जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स शामिल कर सकते हैं। ये प्रोबायोटिक डेयरी प्रोडक्ट्स आपकी गट हेल्थ को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। रोज सुबह एक कटोरी दही खाने से स्किन नेचुरली ग्लो करेगी।
कलरफुल सब्जियों को थाली में दें जगह
अपनी डाइट में शिमला मिर्च, गाजर, ककड़ी और टमाटर जैसी कलरफुल सब्जियों को शामिल करें। इनमें एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। जो कोलेजन को बढ़ाने और स्किन की हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद हैं।
हरी सब्जियां कोलेजन काे बढ़ाने में मददगार
हरी सब्जियां जैसे पालक, धनियां, ब्रोकली और सरसों की पत्तियों में क्लोरोफिल पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। जो ब्लड को डीटॉक्स करने में मदद करता है। नियमित इन्हें अपनी डाइट में शामिल करने से त्वचा नेचुरली ग्लो करने लगती है।
साइट्रस फ्रूट्स से स्किन बनेगी हेल्दी
साइट्रस फ्रूट्स यानी खट्टे फल। इन्हें खाने से न सिर्फ इम्यूनिटी स्ट्रॉन्ग बनती है, बल्कि ये फ्रूट्स शरीर में कोलेजन को बढ़ाने में मददगार होते हैं। इसमें मौजूद विटामिन-C स्किन एजिंग को रोकता है और दाग-धब्बों और झुर्रियों को कम करता है। साथ ही साइट्रस फूट्स में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट बालों के लिए भी बेहद फायदेमंद होते हैं।
नियमित संतरा, नींबू, आंवला खाने से स्किन में निखार आता है।
ड्राईफ्रूट्स से शरीर में बढ़ता कोलेजन
कोलेजन को बढ़ाने में बादाम, अखरोट, काजू, किशमिश, खजूर और अंजीर जैसै ड्राईफ्रूट्स भी सहायक होते हैं, क्योंकि इनमें जिंक, आयरन, कैल्शियम, विटामिन्स जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं। जिनसे स्किन हेल्दी रहती है और बालों का झड़ना भी कम होता है। साथ ही ब्लड का सर्कुलेशन भी बेहतर होता है।
यह तो रही बात खाने-पीने की चीजों की। अब यह समझते हैं कि लाइफस्टाइल में किस तरह के बदलाव करके कोलेजन को बढ़ाया जा सकता है।
- हेल्दी लाइफस्टाइल भी बहुत जरूरी है।
- कोलेजन को बढ़ाने के लिए न लें स्ट्रेस
कोलेजन के कम होने की एक बड़ी वजह स्ट्रेस यानी तनाव भी है। जो लोग ज्यादा तनाव लेते हैं, उनके चेहरे पर झुर्रियां, मुंहासे, ड्राईनेस की आशंका बढ़ जाती है। क्योंकि ज्यादा तनाव लेने से कॉर्टिसोल नाम का हाॅर्मोन एक्टिव होता है जो कोलेजन के स्तर को कम करता है।
नियमित एक्सरसाइज से बढ़ता कोलेजन
अगर आप रेगुलर कोई न कोई एक्सरसाइज, योग, प्राणायाम या टहलते हैं तो इससे भी शरीर में कोलेजन का लेवल बढ़ता है। त्वचा चमकदार बनती है। झुर्रियां नहीं पड़ती हैं।
रात में न यूज करें इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स
2010 में जर्नल ऑफ इन्वेस्टिगेटिव डर्मेटोलॉजी द्वारा एक स्टडी की गई। स्टडी के मुताबिक स्क्रीन की ब्लू लाइट से ऑक्सीडेटिव तनाव होता है जो कोलेजन को कम कर देता है। इसलिए रात के समय स्मार्टफोन, लैपटॉप, कंप्यूटर का उपयोग कम से कम करें। इससे आपकी स्किन हेल्दी बनेगी।
लाइफस्टाइल में करें ये बदलाव
- ज्यादा देर धूप में न बैठें। प्रतिदिन 10-20 मिनट तक धूप सेकने से शरीर को पर्याप्त मात्रा में विटामिन-डी मिल जाता है।
- 7-8 घंटे की गहरी और अच्छी नींद लें। साथ ही लेट नाइट सोने से बचें।
- सुबह जल्दी उठने का प्रयास करें और कुछ देर खुली हवा में जरूर टहलें।
- स्मोकिंग और शराब से दूरी बनाएं।
- रात के समय इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को कम से कम यूज करें।

टिप्पणियाँ