सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

स्मार्टफोन में छिपी धूल-मिट्टी ऐसे साफ करें

टेक्नोलॉजी में पिछले एक या दो दशकों में बहुत तेजी से बदलाव आया है। टेक्नोलॉजी के इस दौर में लोगों की जरूरतें भी काफी हद तक बदल गई हैं। सब कुछ स्मार्ट हो रहा है। रोटी, कपड़ा और मकान के अलावा अब एक और चीज अब स्मार्टफोन भी हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। खाना खाते समय या वॉशरूम में स्मार्टफोन चलाते रहना लोगों की आदत हो गई है.

लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारा स्मार्टफोन हर जगह से गंदगी लेता है। यह गंदगी हमारे आपके छूने और कहीं पर भी रख देने से धूल-मिट्टी के रूप में स्मार्टफोन में आ जाती है। जिससे कुछ समय बाद स्मार्टफोन के कुछ फंक्शन अच्छे से काम नहीं करते और स्मार्टफोन के जल्दी खराब होने की आंशका बढ़ जाती है।

उपेन्द्र शर्मा, टेक एक्सपर्ट, आगरा

 स्मार्टफोन के स्पीकर, चार्जिंग पॉइंट या कैमरे में धूल-मिट्टी के कण कैसै चिपक जाते हैं?

बैग, जेब, कार, टेबल या जहां भी आप स्मार्टफोन को रखते हैं, वहां मौजूद धूल के छोटे-छोटे कण स्मार्टफोन की स्क्रीन, स्पीकर, माइक, कैमरे के आसपास, चार्जिंग पॉइंट या हेडफोन जैक के अंदर चिपक जाते हैं। धूल में भी बेहद कम मात्रा में चुंबकीय तत्व हो सकते हैं, जो स्पीकर या माइक की तरफ आकर्षित होते हैं। स्मार्टफोन में लंबे समय तक बने रहने से धूल के ये कण जम जाते हैं।

स्मार्टफोन के स्पीकर या चार्जिंग पॉइंट में धूल मिट्टी है या नहीं, कैसे पता करें ?

आप स्मार्टफोन के स्पीकर या चार्जिंग पॉइंट काले रंग का दिख रहा है तो समझिए कि इस पर लोहे की परत चढ़ रही है। अगर आपके स्पीकर या चार्जिंग पॉइंट का रंग काले की जगह भूरा या पीला दिखाई दे रहा है तो समझिए कि उस पर धूल जमी है।

अगर स्मार्टफोन पर धूल-मिट्टी के कण जम गए हैं तो उससे स्मार्टफोन में किस तरह की समस्या आ सकती है?

शरीर को अगर लंबे समय तक साफ न रखा जाए तो वह बीमार पड़ने लग जाता है। इसी तरह समय पर स्मार्टफोन पर जमी धूल-मिट्टी को साफ न किया जाए तो स्मार्टफोन की हेल्थ को भी नुकसान पहुंचता है। स्मार्टफोन के कई फंक्शन बहुत कम काम करने लगते हैं या फिर काम करना ही बंद कर देते हैं।

लंबे समय तक स्मार्टफोन साफ न करने से फोन में इस तरह के बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

स्मार्टफोन पर लगी धूल को घर पर साफ किया जा सकता है?

हां, जरूरी नहीं है कि स्मार्टफोन के भीतर गई धूल-मिट्टी को साफ करने के लिए सर्विस सेंटर या किसी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान का सहारा लिया जाए। नीचे दिए कुछ तरीकों को अपनाकर आप घर पर ही आराम से स्मार्टफोन को साफ कर सकते हैं।

टूथब्रश के ब्रिसल्स धूल-मिट्टी को निकालते हैं बाहर

अगर स्मार्टफोन के चार्जिंग पॉइंट या स्पीकर में धूल-मिट्टी चली गई है तो इसे टूथब्रश से साफ कर सकते हैं। इनमें मौजूद ब्रिसल्स चार्जिंग पॉइंट या स्पीकर के भीतर जाकर धूल-मिट्टी के कणों को बाहर निकाल देते हैं। यह पूरी तरह से सेफ भी होते हैं। इससे स्मार्टफोन को किसी भी तरह का नुकसान नहीं होता।

कॉपर वायर सफाई के लिए अच्छा ऑप्शन

कॉपर का वायर बेहद पतला होता है जो आसानी से चार्जिंग पॉइंट या स्पीकर के अंदर चला जाता है और धूल-मिट्टी को साफ कर देता है। ये मुलायम होते हैं जो चार्जिंग पॉइंट या स्पीकर के अंदर आराम से जाकर सफाई कर सकते हैं।

माइक्रो फाइबर क्लॉथ से करें साफ

माइक्रो फाइबर क्लॉथ बहुत नरम होते हैं। एक वर्ग इंच में 1.5 लाख से ज्यादा फाइबर होता है। इसलिए यह सूखी धूल-मिट्टी को बहुत ही अच्छे से साफ करता है। आमतौर पर चश्मे के लेंस को साफ करने के लिए इसका यूज किया जाता है।

कॉटन ईयरबड्स से करें साफ-सफाई

कॉटन ईयरबड्स आसानी से बाजार में मिल जाते हैं। लोग इन्हें कान साफ करने के लिए खरीदते हैं। आइसोप्रोपाइल अल्कोहल से बने किसी भी सफाई क्लीनर को कॉटन ईयरबड्स पर लगाकर चार्जिंग पॉइंट या स्क्रीन के आसपास साफ किया जा सकता है। ध्यान रहे कि किसी भी सफाई क्लीनर में 70% से ज्यादा आइसोप्रोपाइल एल्कोहल न हो। ऐसा होने पर यह स्क्रीन को नुकसान पहुंच सकता है।

 स्मार्टफोन पर धूल मिट्टी न लगे, इसके लिए किस तरह की सावधानियां बरतनी चाहिए?

 ज्यादातर स्मार्टफोन में चार्जिंग पॉइंट या स्पीकर नीचे की तरफ होते हैं। ऐसे में जब भी हम बैठते हैं तो पैंट की जेब में मौजूद धूल या मिट्टी के छोटे-छोटे कण उसमें चले जाते हैं। कार में भी लोग फोन कहीं भी रख देते हैं।

कार या जेब में स्मार्टफोन रखते समय पहले जांच लें कि कहीं धूल या मिट्टी के कण तो नहीं हैं।

स्मार्टफोन पर लगा कवर गिरने पर टूटने से बचाने का काम करता है, लेकिन लोग महीनों तक इसे कभी उतारकर नहीं देखते। जरूरी है कि 10-15 दिन बाद स्मार्टफोन के कवर को उतारकर अच्छे से साफ कर लेना चाहिए। जिससे इसमें मौजूद धूल या मिट्टी के कण स्मार्टफोन के भीतर न जा सके।

आजकल बाजार में चार्जिंग पॉइंट या स्पीकर को ढकने वाले स्मार्टफोन मिलते हैं। इस तरह के कवर धूल-मिट्टी को अंदर से जाने से बचाते हैं।

टिप्पणियाँ