सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

60 लाख 60 हजार रुपए के लागत वाली पानी टंकी का निर्माण 3 साल बीतने के बाद भी नहीं हुआ

जरहागांव/ ग्राम पंचायत कोना में लोगों की सुविधा के लिए जल जीवन मिशन के तहत 2021 में पानी टंकी निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। निर्माण कार्य 60 लाख 60 हजार रुपए के लागत से किया जा रहा है। 3 साल बीतने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा है। गांव के 11 वार्ड में से 4 वार्ड का हैंडपंप खराब हो चुका है। इस वजह से वार्डवासियों को 200 से 300 मीटर अधिक दूरी तय कर पानी लाना पड़ रहा है।

बता दें कि ग्राम पंचायत कोना में पानी सप्लाई से पहले ही टंकी में लीकेज की समस्या सामने आई है। वहीं वार्ड नंबर 5 और 6 में ही नया पाइप लाइन बिछाया गया है। 3 साल से निर्माण कार्य अधूरा होने की वजह से लोगों को गर्मी के दिनों में पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। बता दें कि गांव के 1, 3, 5 और 6 वार्ड का हैंडपंप खराब हुए एक से डेढ़ महीना बीत चुका है। इस वजह से वार्डवासी 200 से 300 मीटर अधिक दूरी तय कर पानी ला रहे हैं। मामले की शिकायत करने के बाद भी अब तक हैंडपंप का मरम्मत नहीं कराया गया है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश हैं।

मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई वार्ड नंबर 1 के पंच लखन कश्यप, वार्ड नंबर 3 पंच संतोषी साहू, वार्ड नंबर 5 पंच लता साहू और वार्ड नंबर 6 पंच अंबिका मोहले ने संयुक्त रूप से बताया कि वार्ड में हैंडपंप खराब हुए एक से डेढ़ महीना बीत चुका है। इस वजह से लोगों को पानी के लिए यहां-वहां भटकना पड़ रहा है और वह करीब 200 से 300 मीटर दूर से पानी लेकर आ रहे हैं। मामले की जानकारी सरपंच सहित उच्च अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक किसी ने भी मामले में संज्ञान नहीं लिया है और ना ही हैंडपंप का मरम्मत कराया है।

गर्मी में जल स्तर नीचे चले जाने से होती है परेशानी कोना सरपंच ऋषि दीवान ने बताया कि गांव में 3 साल से जल जीवन मिशन का कार्य अधूरा है। गर्मी के दिनों में जल स्तर नीचे गिर जाता है। इस वजह से पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है। गांव के चार वार्डों का हैंडपंप भी खराब है। निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए ठेकेदार से बात की थी, लेकिन वे ध्यान नहीं दे रहे हैं। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दी गई है।

टिप्पणियाँ