सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

अधिकारियों ने सिर्फ एक बाथरूम के मरम्मत पर 40 लाख खर्च करके फर्जीवाड़ा किया

  •  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरू घासीदास सेंट्रल ​यूनिवर्सिटी में आईं तो मेंटेनेंस के नाम पर पीडब्ल्यूडी ने फूंके 3.19 करोड़ रुपए 

बिलासपुर/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रवास के दौरान पीडब्ल्यूडी ने 3.19 करोड़ रुपए फूंक दिए। नए और पुराने सर्किट हाउस में सिर्फ बाथरूम की मरम्मत पर ही 40 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। इसी तरह सेंट्रल यूनिवर्सिटी में हेलीपैड के चारों ओर जाली लगाने और पहुंच मार्ग बनाने में 39 लाख खर्च किए गए, जहां जाली ही नहीं है। छोटे-छोटे पैच में सड़क बनाने, मरम्मत और शोल्डर के काम किए बिना ही लाखों रुपए खर्च किए गए हैं। गुरू घासीदास सेंट्रल ​यूनिवर्सिटी के 10वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति मुर्मू एक सितंबर को बिलासपुर दौरे पर आई थीं। वे रतनपुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर भी दर्शन के लिए गईं थीं। तीन घंटे वे बिलासपुर में रहीं और इस दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने 3.19 करोड़ रुपए ऐसे कार्यों पर खर्च किए, जो मौके पर दिख ही नहीं रहे हैं।

पीडब्ल्यूडी ने महामहिम के दौरे पर जिन कार्यों में यह राशि खर्च की है, उसकी जानकारी और मौके पर हुए कार्यों की तस्वीर जब विभाग के ही कुछ अधिकारियों को भेजी गई तो उन्हें यह जानकर आश्चर्य हुआ कि वीआईपी के ठहरने के लिए तैयार कमरों और बाथरूम में 40 लाख कैसे खर्च किए गए, जबकि ये कमरे पहले ही साफ-सुथरे और फर्निश्ड होते हैं। महामहिम के दौरे के साथ ही यह भी तय था कि वे नए या पुराने किसी भी सर्किट हाउस में नहीं ठहरेंगी। इसके बाद भी इतनी खर्च फूंक दी गई।

पंडित सुंदरलाल शर्मा यूनिवर्सिटी में हेलीपेड पहुंच मार्ग में मुरुम शोल्डर का काम बताया गया है। इसे भी विभाग के इंजीनियर दबी जुबान में खानापूर्ति बता रहे हैं। एक लेवल से मुरुम की लेयर तक नहीं डाली गई है, जबकि इस काम में ही 14.87 लाख रुपए का खर्च दिखाया जा रहा है। इसी तरह थाना भवन से लेकर रोजगार दफ्तर में भी खर्च बताया गया है।

पीडब्ल्यूडी ने मेंटेनेंस के नाम पर पैसे फूंके

  1. थाना भवन, रोजगार कार्यालय, महिला आईटीआई व अन्य स्थानों पर बीटी पैच वर्क - 24.5 लाख
  2. पं. ओपन विवि में हेलीपेड व बाउंड्रीवॉल में पोताई, कांक्रीट व बाउंड्रीवॉल में पुट्टी - 11.8 लाख
  3. रतनपुर महामाया मंदिर परिसर व विश्रामगृह में सेफ रूम, ग्रीन रूम व अन्य मरम्मत कार्य - 4.98 लाख
  4. रतनपुर पहुंच मार्ग मरम्मत कार्य - 19.90 लाख
  5. पं. सुंदरलाल विश्वविद्यालय हैली पेड में शोल्डर कार्य व मैदान में मुरुम कार्य - 14.87 लाख
  6. रतनपुर महामाया मंदिर परिसर व विश्रामगृह में सेफ रूम, ग्रीन रूम व अन्य मरम्मत कार्य - 14.94 लाख
  7. पं. सुंदरलाल विश्वविद्यालय हेलीपेड में कांक्रीट कार्य - 9.70 लाख
  8. रतनपुर फोरलेन मार्ग के डिवाइडर में पेंटिंग, व जीजीयू हैलीपेड जाली व पहुंच मार्ग का कार्य - 39.80 लाख
  9. शासकीय इंजीनियरिंग और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय पहुंच मार्ग शोल्डर मरम्मत कार्य - 12.69 लाख
  10. बिलासपुर के उच्च विश्रामगृह के सभी बाथरूम में मरम्मत कार्य - 12.95 लाख
  11. नए उच्च विश्रामगृह के सभी बाथरूम की मरम्मत - 27.53 लाख
  12. पंडित सुंदरलाल यूनिवर्सिटी हेलीपेड पहुंच मार्ग में जीएसबी कार्य - 14.57 लाख
  13. रतनपुर महामाया मंदिर परिसर व विश्रामगृह में सेफ रूम, ग्रीन रूम व अन्य मरम्मत कार्य - 11.86 लाख
  14. रतनपुर फोरलेन मार्ग में 4 किमी तक रोड मार्किंग का कार्य - 19.96 लाख
  15. रतनपुर फोरलेन मार्ग में 1 किलोमीटर तक डिवाइडर की पेंटिंग का कार्य - 19.98 लाख
  16. रतनपुर फोरलेन मार्ग में 3.40 किलोमीटर तक रोड मार्किंग का कार्य - 17.50 लाख

पीएमजीएसवाई के काम को बताया अपना

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में कोनी से नगोई बिरकोना मार्ग में 15 मई 2022 को जो सड़क 5.36 करोड़ रुपए की लागत से बनाई गई थी। उसे ही शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज और गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी में पहुंच मार्ग में शोल्डर का काम बता दिया गया और 12.79 लाख रुपए का खर्च दिखा दिया।

कार्यों की पड़ताल 

जिन कमियों की बात कर रहे हैं, यदि उसमें सरकारी राशि के दुरुपयोग की बात सामने आई तो कार्रवाई करेंगे। फिलहाल जो कार्य हुए हैं, उनकी पड़ताल के बाद ही कुछ कहना संभव होगा।

-वायके गोपाल, एसई, अधीक्षण अभियंता सर्किल कार्यालय, बिलासपुर

टिप्पणियाँ