बिलासपुर/ बिलासपुर में राजस्व मामलों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर हाईकोर्ट ने कलेक्टर अवनीश शरण और एसडीएम से शपथ पत्र के साथ जवाब मांगा है। मंगलवार को हाईकोर्ट में अफसरों को शपथपत्र प्रस्तुत करना है। लिहाजा, एक दिन पहले कलेक्टर ने हाईकोर्ट को दिखाने के लिए पटवारी समेत 3 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है।
दरअसल, याचिकाकर्ता रोहिणी दुबे ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें कहा गया है कि उसने तहसील कार्यालय बिलासपुर में डायवर्जन के लिए आवेदन दिया है। प्रकरण को लेकर सुनवाई नहीं की जा रही है। तहसील कार्यालय से कोई सूचना भी नहीं दी जा रही है।
याचिकाकर्ता ने यह भी कहा है कि डायवर्जन की फाइल आगे बढ़ाने और काम कराने के एवज में तहसील कार्यालय से राशि की मांग की गई थी। इसकी शिकायत तहसीलदार से करने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। याचिका में आरोप लगाया गया है कि तहसील कार्यालय में राजस्व प्रकरणों के निराकरण को लेकर भारी गड़बड़ी की जा रही है।
एसडीएम कार्यालय भी इसी कैंपस में है। इसके बाद भी बेधड़क उगाही की जा रही है, जिसके कारण लोग परेशान हैं। शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आम आदमी की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
हाईकोर्ट ने दिखाई सख्ती
इस केस की पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कलेक्टर अवनीश शरण और एसडीएम को नोटिस जारी कर राजस्व विभाग में लंबित मामलों के संबंध में पूरी रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्हें शपथपत्र प्रस्तुत करने के लिए कहा है।
निलंबन की कार्रवाई
हाईकोर्ट से नोटिस जारी होने के बाद अब मंगलवार को कलेक्टर अवनीश शरण को शपथ पत्र प्रस्तुत करना है। लिहाजा, इससे पहले उन्होंने हाईकोर्ट के आदेश के परिपालन का हवाला देते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिलासपुर के न्यायालय के प्रकरणों के निरीक्षण के संबंध में समिति का गठन किया था।
समिति ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि बिलासपुर एसडीएम के रीडर समीर कुमार तिवारी और तखतपुर के रीडर निर्मल शुक्ला ने गंभीर लापरवाही बरती है। कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों रीडर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में समीर कुमार तिवारी को पचपेड़ी अटैच किया गया है।
पटवारी हल्का नंबर 41 मौजा सिरगिट्टी के पटवारी विजय भारत साहू द्वारा समय-सीमा के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया। इसे गंभीर मानते हुए पटवारी विजय भारत साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में विजय भारत साहू का मुख्यालय तहसील कार्यालय बेलतरा में रहेगा।

टिप्पणियाँ