सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

बहरूपिया महोत्सव- यमराज हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करते दिखे तो बच्चों के राम दरबार ने किया आकर्षित

मनेंद्रगढ़/चिरमिरी/ मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी में नए साल के पहले रविवार को बहरूपिया महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकार कई वेशभूषाओं में अपनी कला का प्रदर्शन करते दिखे। चिरमिरी के हल्दीबाड़ी मुख्य बाजार में बहरूपियों की परेड देखने के लिए हजारों की भीड़ लगी रही।

सड़क पर यमराज हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करते दिखे तो तांत्रिक भूत भगाते नजर आए। काली मां, सिकंदर, श्रीकृष्ण का स्वरूप धारण किए कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों के राम दरबार ने लोगों का ध्यान खींचा।

एक किलोमीटर की परेड में दिखे कई रंग

चिरमिरी के मुख्य बाजार हल्दीबाड़ी के सेंट्रल बैंक से लेकर आईसीआईसी बैंक के बीच इस परेड में कलाकार कई रंगों में दिखे। समूह वर्ग में शिवजी की बारात, टोनी प्रथा, रामजी दरबार, हेलमेट पहनने के लिए लोगों को जागरूक करते यमराज, विष्णु के नरसिंह अवतार आकर्षण का केंद्र रहे। एकल वर्ग में सिकंदर, श्रीकृष्ण, मां काली के रूप में कलाकारों ने लोगों का ध्यान खींचा।

100 से ज्यादा कलाकारों ने लिया हिस्सा

चिरमिरी में यूथ क्लब द्वारा सात साल से बहरूपिया प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मनेंद्रगढ़ के ख्यातिप्राप्त बहरूपिया प्रतियोगिता की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता में एकल और समूह वर्ग में कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं। इस साल करीब सवा सौ कलाकार प्रतियोगिता में पहुंचे। एकल और समूह वर्ग में अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे।

हजारों लोगों की लगी भीड़

चिरमिरी में बहरूपिया प्रतियोगिता को देखने के लिए मनेंद्रगढ़ सहित दूर दराज से भी लोग पहुंचे हैं। इस प्रतियोगिता में चिरमिरी, मनेंद्रगढ़ सहित आसपास के अन्य स्थानों के कलाकार एवं मध्यप्रदेश के राजनगर के प्रतिभागी भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

एक से बढ़कर एक प्रस्तुति

अयोध्या श्री राम मंदिर उत्सव को लेकर कई प्रतिभागियों ने श्रीराम सेना का चित्रण किया। कहीं प्रतिभागी कलाकार सबरी के राम, वनवासी राम का रूप धारण किए हुए थे। कलाकारों में सिकंदर, मिशन चन्द्रयान, छत्तीसगढ़ की परंपरा, आदिवासी, टोनही प्रड़ताड़ना, वानर, ऑनलाइन शॉपिंग, महादेव, भूतनाथ की टोली, वनराज, महाकाली, भरतनाट्यम करते कांतारा, दो बड़े नंदी जैसे अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी।

टिप्पणियाँ