सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

कुर्ती वापस न लेने पर महिला पहुचीं गुंडों को लेकर दुकानदार को पिटवाने

कोरबा/ शहर के घंटाघर के पास फुटपाथ पर दुकान लगाकर कपड़े बेचने वाले एक व्यक्ति ने बेची गई कुर्ती को तीन दिन बाद वापस लेने से इंकार कर दिया, जिससे आक्रोशित युवकों ने उससे मारपीट की। बालकोनगर थाना अंतर्गत शिवनगर रूमगरा निवासी योगेंद्र सागर घंटाघर के पेट्रोल पंप के सामने कपड़ा दुकान लगाता है। तीन दिन पहले उसके दुकान में तीन महिला पहुंची थी, जिन्होंने कुर्ती कपड़ा को 300 रुपए में खरीदा। मंगलवार को योगेंद्र रोज की तरह दुकान पर था। देर शाम लगभग 7 बजे उसके पास उक्त तीनों महिला पहुंची, जो कुर्ती देते हुए पैसा वापस करने की बात कहने लगी।

योगेंद्र सागर ने उन्हें कुर्ती कपड़ा पहनकर व धोकर लाए हो कहते हुए कपड़े का फटना बताया और वापस लेने से इंकार किया तो महिलाएं विवाद करने लगी। योगेंद्र ने साफ तौर पर कपड़ा वापस लेने से इंकार कर दिया। तब महिलाएं वहां से चली गई, लेकिन थोड़ी देर बाद उनमें से एक महिला अपने साथ युवक को लेकर पहुंची। दुकानदार को दिखाकर वहां से चली गई। उसके जाने के बाद युवक ने फोन लगाकर अपने दो दोस्त को बुला लिया। उनके पहुंचने के बाद तीनों ने मिलकर दुकानदार योगेंद्र से गाली गलौच करते हुए मारपीट की। मौके पर भीड़ लगने लगी तो युवक वहां से भाग निकले।

टिप्पणियाँ