बेगूसराय/ बेगूसराय में शराब तस्करों के हमले में एक दरोगा की मौत हुई है। एक होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल है।मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे छतौना पुल पर दरोगा तीन होमगार्ड जवानों के साथ गाड़ियों को चेक कर रहे थे। तभी एक अल्टो कार सामने से आई। टीम गाड़ी को रोकने के लिए सामने खड़ी हो गई, लेकिन ड्राइवर ने रोकने की जगह पुलिस वालों पर गाड़ी चढ़ा दी।
![]() |
| गाड़ियों की चेकिंग के दौरान शराब तस्करों ने दरोगा पर चढ़ा दी गाड़ी, हो गई मौत |
दरोगा खमास चौधरी पुल से 25 फीट नीचे गिर गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। होमगार्ड का जवान बालेश्वर यादव भी गाड़ी की चपेट में आया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सदर अस्पताल में होमगार्ड जवान का इलाज जारी है। 2 जवानों ने भागकर अपनी जान बचाई है। दरोगा खमास चौधरी नावकोठी थाना में पोस्टेड थे। वहीं घायल सिपाही बालेश्वर यादव होमगार्ड जवान है।
मंगलवार की रात नावकोठी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक अल्टो कार से शराब की बड़ी खेप मंगाई जा रही है। इसी सूचना पर खामास चौधरी 3 होमगार्ड जवानों के साथ रात साढ़े 12 बजे छतौना पुल के पास खड़े थे।
- दरोगा की 3 बेटियां और एक बेटा है
दरोगा खमास के बेटे गौरव ने बताया कि वो लोग मधुबनी के रहने वाले हैं। उन्हें फोन कर बताया गया कि पिता की तबीयत खराब हो गई है। यहां आने पर पता चला कि उनकी मौत हो गई है। गौरव के अलावा उनकी तीन बहनें भी हैं। जानकारी के मुताबिक 2011 में खमास ने जमुई में जॉइन किया था। उसके बाद भागलपुर में ट्रेनिंग की थी। ट्रेनिंग होने के बाद बेगूसराय के नगर थाना में एसआई के रूप में पदस्थापित हुए थे। दरोगा खमास के चार भाई हैं। ये दूसरे नंबर पर थे। इनसे छोटे भाई सरकारी स्कूल में टीचर हैं।
- रात 1 बजे मदद के लिए पहुंचा था जवान
घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि पुल के पास ही मेरा घर है। देर रात 1 बजे एक होमगार्ड का जवान आया और कहने लगा कि मर्डर हो गया है। मदद करिए। उसके शरीर से खून बह रहा था। मैं आसपास के कुछ लोगों को लेकर पुल पर गया तो देखा कि नीचे दरोगा की लाश पड़ी थी।
- बेगूसराय एसपी ने बताई पूरी कहानी
बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि एसआई खमास चौधरी नवकोटी थाना में पोस्टेड थे। मंगलवार की रात को पुलिस को सूचना मिली की अल्टो कार से शराब की खेप ले जाई जा रही है। इसके बाद वो गश्ती गाड़ी के साथ मौके पर पहुंची और चेकिंग करने लगे। अल्टो गाड़ी को आता देख खमास चौधरी ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने स्पीड तेज कर दी और टक्कर मारकर भाग निकला।
टक्कर लगने के बाद वो पुल से नीचे पत्थर पर गिर गए। सिर में चोट लगने की वजह से उनकी मौके पर मौत हो गई। एक होमगार्ड का सिपाही भी इस घटना में घायल हुआ है। वो इलाजरत है।
- गाड़ी मालिक और ड्राइवर दोनों धंधे में शामिल
एसपी ने कहा कि गाड़ी के मालिक को कल ही अरेस्ट कर लिया गया। उससे पूछताछ में पता चला है कि गाड़ी रुपेश नाम का शख्स चला रहा था। उसके घर पर भी छापेमारी की गई है, लेकिन वो फरार है। गाड़ी मालिक और चालक दोनों धंधे में शामिल हैं। गाड़ी अभी बरामद नहीं हुई है। स्पेशल टीम बनाकर गाड़ी चलाने वाले की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
- परिजनों की मदद करेगी पुलिस
शहीद पुलिसकर्मी को पुलिस विभाग की तरफ से जो सहायता दी जाती है, उसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। उनके परिजनों के साथ बिहार पुलिस हमेशा खड़ी रहेगी।
- फांसी की दिलाएंगे सजा
एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि हमारे साथी की शहादत बेजा नहीं जाएगी। शराब माफियों के खिलाफ और तेज कार्रवाई की जाएगी। जो लोग इसमें शामिल हैं उनकी जल्द गिरफ्तारी होगी और उन्हें फांसी की सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।
- शराबबंदी को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाएं नीतीश
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि शराबबंदी की गलत नीतियों और नीतीश कुमार की जिद की वजह से कई लोगों को जेल जाना पड़ा। कई लोगों की शराब माफिया ने हत्या कर दी। आज बेगूसराय में एएसआई को माफिया ने कुचल कर मार डाला। इसके लिए सीएम नीतीश कुमार जिम्मेदार हैं। कोई कानून है तो नीतीश कुमार पर शिकंजा कसना चाहिए। नीतीश कुमार अपनी जिद्द छोड़कर पुनर्विचार करके सर्वदलीय बैठक बुलाएं।


टिप्पणियाँ