सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

ठण्ड से कांपता बुजुर्ग चिता के बगल में सोने को मजबूर, मौसम विभाग ने आज यूपी के 53 जिलों में अलर्ट जारी किया

कानपुर/ यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि कानपुर भैरव घाट पर ठंड बचने के लिए एक बुजुर्ग जलती चिता के बगल में लेट गया। सुबह जब उसे लोगों ने चिता के बगल में लेटा देखा तो उससे पूछताछ की। उसने बताया कि सर्दी लग रही थी, इसलिए वह यहां आकर लेट गया।

इधर, मौसम विभाग ने आज 53 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसमें 10 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है, तो वहीं 43 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें, तो साल के आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक बारिश हो सकती है। इसके साथ ही घना कोहरे भी पड़ सकता है।

इधर, 3 दिनों में प्रदेश के औसत तापमान में 10°C से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शीतलहर की स्थिति बनी है। हालांकि, कोल्ड-डे का अलर्ट होने के बाद भी कहीं भी तापमान 4 °C से नीचे दर्ज नहीं किया गया। न्यूनतम तापमान सबसे कम 6 °C बिजनौर का दर्ज किया गया।

  • 56 ट्रेनें 8 से 12 घंटे देरी से पहुंची

उधर, शुक्रवार को कानपुर में 56 ट्रेनें 8 से 12 घंटे तक देरी से पहुंची। इस दौरान करीब ढाई हजार यात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल कर दिए। हालांकि, गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को कोहरा कम रहा। ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को घंटों वेटिंग हॉल और प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ा। कोहरे से बस और हवाई सफर भी असर पड़ा है।

कुशीनगर और सीतापुर सहित 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, बदायूं, कुशीनगर, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर और बाराबंकी में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

  • बरेली-कानपुर नगर सहित 43 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, मथुरा, हाथरस, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, इटावा, औरैया, कानपुर नगर, जालौन, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, महोबा, लखीमपुर-खीरी, फतेहपुर, बांदा, रायबरेली, चित्रकूट, कौशांबी, अमेठी, बहराइच, अयोध्या, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, गोंडा, श्रावस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, वाराणसी, बलिया, और गाजीपुर, बलरामपुर में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

  • दिसंबर में शुक्रवार का दिन सबसे ठंडा रहा

कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. SN सुनील पांडेय ने बताया कि अब शीतलहर की शुरुआत हो गई है। प्रदेश के कुछ शहर कोल्ड-डे की चपेट में आ सकते हैं। हालांकि, शीतलहर के चलते दिसंबर में शुक्रवार का दिन सबसे ठंडा रहा। अधिकतम औसत तापमान सबसे कम 15°C दर्ज किया गया, जो अब तक सबसे कम रहा। ये आने वाले दिनों में और गिर सकता है।

  • कोल्ड वेव के चलते गिरा तापमान

सुनील पांडेय ने बताया कि कोल्ड वेव के चलते अयोध्या, लखनऊ, मुरादाबाद, मेरठ, वाराणसी, प्रयागराज, झांसी व आगरा मंडल के अधिकतम तापमान 5°C की कमी दर्ज की गई। अयोध्या, कानपुर व लखनऊ मंडलों सामान्य से काफी कम 5 डिग्री तक तापमान गिर गया।

वहीं, प्रयागराज, मेरठ मंडलों में सामान्य से कम 3°C तापमान कम रहा। प्रदेश में सबसे ज्यादा बिजनौर का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 23.2°C दर्ज किया गया। बिजनौर का तापमान सबसे कम 6°C दर्ज किया गया।

  • अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट

डॉ. SN सुनील पांडेय ने बताया कि प्रदेश में ठंड का असर होने के बाद भी दिसंबर में अधिकतम तापमान औसतन 25 से 27 °C तक बना हुआ था। बीते 3 दिनों में अधिकतम तापमान 10 डिग्री तक नीचे गिर गया है। इसमें सबसे ज्यादा बुलंदशहर, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, मुरादाबाद, बहराइच, लखनऊ और कानपुर में दर्ज की गई है।

अन्य शहरों में मौसम

  • झांसी में आज सुबह कोहरा, दो जनवरी तक बारिश के आसार

झांसी में शनिवार सुबह कोहरा छाया रहा। सड़कों पर गाड़ियां रेंगती दिखाई दी। शुक्रवार को कोल्ड डे रहा। पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं ने झकझोर कर रख दिया। इससे अधिकतम तापमान भी सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 7.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगे सर्दी का सितम और बढ़ जाएगा। एक और दो जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है।

  • प्रयागराज में भीषण ठंड

प्रयागराज में पिछले तीन दिनों से भीषण ठंड और कोहरे की चपेट में है। प्रशासन ने बढ़ते ठंड को देखते हुए प्राइवेट स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए हैं। जबकि परिषदीय विद्यालयों के समय में बदलाव किया है। BSA प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि आज 30 दिसंबर को सभी विद्यालय सुबह 10 बजे से तीन बजे तक संचालित होंगे।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के प्रोफेसर एआर सिद्दीकी के अनुसार अभी ठंड इसी तरह से जारी रहेगी। वहीं शुक्रवार को नई दिल्ली और बेंगलुरु के लिए दो विमानों को यहां से भेजा गया। बाकी 9 शहरों के लिए जाने वाली विमान रद्द कर दी गई हैं।

  • गाजियाबाद में घना कोहरा, बठिंडा और लुधियाना की उड़ानें बंद

गाजियाबाद में आज सुबह घना कोहरा छाया है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस है। गलन अधिक होने से लोगों को ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। विजिबिलिटी कम होने से कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। हिंडन एयरपोर्ट से आज भी बठिंडा और लुधियाना की उड़ानें बंद हैं।

  • सहारनपुर में घना कोहरा, विजिबिलिटी 500 मीटर

सहारनपुर में आज सुबह से घना कोहरा छाया है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विजिबिलिटी 500 मीटर तक है। आसमान से कोहरे के साथ हल्की-हल्की ओस फुहार भी आ रही है।

  • बरेली में आज कोहरे से राहत, हवा की रफ्तार 4KM/h

बरेली में 4 दिन बाद आज कोहरे से राहत मिली है। देर शाम से ही कोहरे की हल्की फुआरें पड़ती रही। पिछले 24 घंटे में आज अधिकतम तापमान में 6 डिग्री की गिरावट रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 दिन शीतलहर का भारी प्रकोप रहेगा। सुबह न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा 4 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से रहेगी।

वाराणसी में बर्फीली हवा ने गिराया पारा, दिन का तापमान 5 डिग्री से कम

हिमालय की बर्फीली हवा ने वाराणसी में दिन का पारा काफी कम कर दिया है। यहां का अधिकतम तापमान नॉर्मल से 5 डिग्री सेल्सियस कम 17 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात का पारा 14 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। आज भी वाराणसी में घना कोहरा छाया है, विजिबिलिटी 50 मीटर पर आ गई है।

आज सुबह वाराणसी का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बर्फीली हवा 6 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से बह रही है जो कि ठिठुरन बढ़ा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 जनवरी तक वाराणसी में काफी घना कोहरा पड़ सकता है। इस दौरान न्यूनतम पारा भी 4 से 5 डिग्री नीचे खिसक सकता है।

  • वाराणसी में स्कूल आज से बंद

वाराणसी के आज से स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक छुट्टी कर दी गई है। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने भयानक ठंड, शीतलहर और प्रचंड कोहरे की वजह से शुक्रवार को यह आदेश जारी किया। डीएम ने कहा कि वाराणसी के सभी स्कूलों में अगले 8 दिनों के लिए कोल्ड वेव की वजह से छुट्टी कर दी गई है।

स्कूल अगले साल 6 जनवरी तक बंद रहेंगे। वाराणसी के सभी राजकीय, परिषदीय, CBSE, ICSE, प्राइवेट, सहायता प्राप्त और निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों के लिए यह आदेश जारी किया गया है।

पांच सबसे अधिक तापमान वाले शहर-

जिला अधिकतम तापमान

अलीगढ़ 13.8 °C

बुलंदशहर 13.7 °C

चित्रकूट 14.3 °C

बहराइच 14.8 °C

हरदोई 14.6 °C

  • पांच सबसे न्यूनतम तापमान वाले शहर

जिला न्यूनतम तापमान

बिजनौर 6.0 °C

मेरठ 7.6 °C

मुजफ्फरनगर 8.1 °C

शाहजहांपुर 9.0 °C

कानपुर 9.6 °C

  • कोल्ड डे के बारे में....

मौसम विभाग के मुताबिक, आज का दिन भी कोल्ड डे हो सकता है। अगर किसी इलाके में लगातार दो दिनों तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो और उस दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.5 से लेकर 6.4 डिग्री तक कम हो। अगर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो और अधिकतम तापमान में 6.5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा गिरावट दर्ज हो तो सिवियर कोल्ड डे यानी 'गंभीर ठंड वाला दिन' होता है।

  • मैदानी इलाकों में कोल्ड वेव

मैदानी इलाकों में अगर किसी वेदर स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 10°C या उससे कम रहे या फिर यह सामान्य तापमान से 4.5°C से लेकर 6.4°C तक कम हो तो ये स्थिति शीतलहर कहलाएगी। इसके अलावा अगर न्यूनतम तापमान 4 °C या उससे कम दर्ज हो तब भी कोल्ड वेव माना जाता है।

टिप्पणियाँ