आधार कार्ड सबसे जरूरी डॉक्यूमेंट्स में से एक है। कोई बैंक अकाउंट खुलवाना हो या किसी सरकारी योजना का फॉर्म भरना हो हर जगह आधार कार्ड की जरूरत होती है। कई बार आधार कार्ड से जुड़ी जानकारी न होने के कारण लोगों के साथ फ्रॉड हो जाते हैं।
आधार कार्ड से कितनी सिम ली गई हैं, आधार कार्ड कहां इस्तेमाल हो रहा है इसे कैसे पता करें, आधार कार्ड देना कहां जरूरी है कहां नहीं।
सवाल: एक आधार से कितनी सिम ली जा सकती हैं?
जवाब: अब एक आधार कार्ड से 9 सिम खरीदें जा सकते हैं। पहले इसमें लिमिट नहीं थी, लेकिन टेलीकॉम रेग्युलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सुरक्षा के नजरिए से इसकी लिमिट तय कर दी।
सवाल: आधार कार्ड से कितनी सिम ली गई हैं कैसे पता करें?
जवाब: एक आधार कार्ड से कितनी सिम ली गई हैं तो इसे आसानी से पता किया जा सकता है। इसकी प्रोसेस को क्रिएटिव से समझिए और जानकारी को दूसरों के साथ शेयर भी करिए।
सवाल: किन जगहों पर आधार कार्ड देना जरूरी नहीं है?
जवाब: पहले आधार कानून के सेक्शन 57 के तहत सरकारी और प्राइवेट संस्थान पहचान पत्र के तौर पर आधार की मांग कर सकते थे।
2018 में सुप्रीम कोर्ट की 5 जजों की बेंच ने इसे खारिज कर दिया। अब ये अधिकार केवल सरकारी संस्थानों के पास है। प्राइवेट कंपनियां आपसे जबरन आधार कार्ड नहीं मांग सकतीं।
यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी UIDAI के मुताबिक, बैंक अकाउंट खोलने के लिए, नए SIM कार्ड के लिए, स्कूल में एडमिशन के लिए जबरन आधार कार्ड नहीं मांगा जा सकता है।
CBSE, NEET, UGC की परीक्षा में या फिर जन्म और मृत्यु के रजिस्ट्रेशन के लिए भी आधार नंबर देना जरूरी नहीं है। हालांकि, यह ऑप्शनल है यानी आधार कार्ड की जगह दूसरे डॉक्यूमेंट्स भी दे सकते हैं।
सवाल: किन जगहों पर आधार कार्ड देना जरूरी होता है?
जवाब: कुछ जगहों पर आधार कार्ड देना जरूरी होता है, उसके बिना काम नहीं हो सकता। जैसे...
- पैन कार्ड बनवाने में
- इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने में
- सरकारी योजनाओं में
- LPG सब्सिडी के लिए
- सरकारी ट्रांजैक्शन के लिए
- मंत्रालय से संबंधित कामों में
सवाल: आधार कार्ड कहां-कहां इस्तेमाल हो रहा है कैसे पता करें?
जवाब: UIDAI ने आधार कार्ड के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए यूजर्स को आधार कार्ड की हिस्ट्री जानने की सुविधा दी है। इससे चेक कर सकते हैं कि आपका आधार कार्ड कहां-कहां लिंक है। इसे क्रिएटिव से समझते हैं।
सवाल: आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल हो रहा हो तो कहां शिकायत करें?
जवाब: आधार कार्ड की हिस्ट्री चेक करने काे बाद अगर लगता है कि आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल हुआ है तो इसकी शिकायत UIDAI के टोल फ्री नंबर- 1947 पर या फिर help@uidai.gov.in पर ईमेल से कर सकते हैं।
सवाल: आधार कार्ड खो जाने या चोरी हो जाने पर क्या करें?
जवाब: अगर आपका आधार कार्ड खो जाता है या चोरी हो जाता है तो ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं। अपना आधार नंबर पता करने की कोशिश करें और आधार कार्ड कुछ समय के लिए लॉक करवाएं। इसे ऑनलाइन लॉक किया जा सकता है।
अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन जाकर या फिर ऑनलाइन आधार चोरी होने की FIR दर्ज करवाएं। FIR की कॉपी को संभालकर रखें, ताकि अगर आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल होता है तो आपके ऊपर कार्रवाई न हो।
आधार कार्ड से जुड़े मिथ और फैक्ट्स:
मिथ 1: आधार कार्ड से डाटा चोरी हो जाएगा।
फैक्ट: कुछ लोगों में यह धारणा है कि आधार कार्ड से डाटा चोरी हो जाता है। जबकि यह सच नहीं है। आधार कार्ड में मौजूद जानकारी का किसी तरह का दुरुपयोग नहीं किया जाता। अगर कोई तीसरा व्यक्ति आपके आधार का गलत इस्तेमाल करता है तो आप इसकी शिकायत कर सकते हैं।
मिथ 2: बायोमैट्रिक डिटेल देना खतरनाक होता है।
फैक्ट: यह सच नहीं है। UIDAI के मुताबिक, यह सिक्योर है, क्योंकि जैसे ही आप स्कैनर पर अपनी उंगली रखते हैं तो जानकारी एन्क्रिप्ट हो जाती है। केवल एन्क्रिप्टेड जानकारी ही आधार डेटाबेस में भेजी जाती है। बायोमेट्रिक डिटेल किसी भी तरह से स्टोर नहीं की जाती।
मिथ 3. मोबाइल सिम या बैंक खाता खुलवाने के लिए आधार कार्ड होना जरूरी है।
फैक्ट: नहीं, सिम या बैंक अकाउंट खुलवाने के लिए आधार नंबर देना जरूरी नहीं है। इसकी जगह पासपोर्ट, वोटर आइडी कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे डॉक्यूमेंट्स का यूज कर सकते हैं। हालांकि ITR दाखिल करने के लिए आधार कार्ड देना जरूरी है।
मिथ 4: आधार कार्ड की हार्ड कॉपी होना जरूरी है।
फैक्ट: ऐसा बिल्कुल नहीं है। आधार के किसी भी वर्जन को लेने से मना नहीं कर सकते, चाहे वह आधार वेबसाइट से डाउनलोड किया गया हो या आधार मोबाइल ऐप से। अगर सर्विस प्रोवाइडर आधार लेने से इनकार करता है तो आप शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
मिथ 5: NRI आधार कार्ड नहीं बनवा सकते।
फैक्ट: पहले के नियमों के अनुसार किसी NRI को आधार कार्ड बनवाने के लिए कम से कम 180 दिनों तक भारत में रहना जरूरी था।
नए नियम के हिसाब से अब NRI जिनके पास मान्य भारतीय पासपोर्ट हैं वो आधार नंबर के लिए UIDAI की वेबसाइट पर आधार नंबर के लिए नामांकन कर सकते हैं।

टिप्पणियाँ