सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

सड़कों पर मवेशियों के कारण हो रहे हादसों को रोकने के लिए हाई कोर्ट का निर्देश, 7 किमी के अन्दर में ही 99 आवारा मवेशी मिले

बिलासपुर/ नेशनल व स्टेट हाइवे के साथ-साथ बाकी सड़कों पर मवेशियों के कारण हो रहे हादसों को रोकने के लिए हाई कोर्ट ने चीफ सेक्रेटरी की अध्यक्षता में कमेटी बनाने के निर्देश जारी किए हैं। हाई कोर्ट के आदेश पर अलग-अलग टीमें बना दी गईं। कुछ दिनों के लिए अफसरों ने बैठकें कीं।

ग्राउंड पर कुछ काम दिखा पर अब स्थिति जस की तस हो गई है। दैनिक भास्कर ने हाई कोर्ट के निर्देश के बाद सड़कों का हाल जानने के लिए एनएच-130 पर बिलासपुर से अंबिकापुर तक 214 किलोमीटर तक सफर किया। इस दौरान ​शहर से कोनी के बीच करीब 7 किमी में ही 99 मवेशी मिले। आईटीआई गेट के सामने सड़क पर 5 मवेशी सड़क पर दिखे। बाईं ओर एक गाय सड़क पर बीचों-बीच बैठी थी। दो डिवाइडर के बीच और दो अन्य सड़क के दूसरी ओर बैठी थी। हमने स्पीड कम की और किनारे से निकले।

कुछ आगे बढ़े और इंजीनियरिंग कॉलेज गेट के पास 17 मवेशियों का एक झुंड सड़क पर था। यह झुंड इस तरह बैठा था कि रास्ता पूरा जाम था। सामने चल रहे ट्रक के क्लीनर ने नीचे उतरकर उन्हें हटाया, तब रास्ता खुला और गाड़ियां आगे बढ़ीं। 200 मीटर और आगे बढ़े तो कोनी थाना आ गया। थाने के पास ही 12 मवेशी बैठे थे। 1.12 बजे का समय था और हम शहर से 5.5 किलोमीटर ही आगे बढ़े थे। 20 कदम और आगे बढ़े तो 17 मवेशी सड़क पर मिले।

इस तरह करीब 7 किलोमीटर के सफर में ही 99 ​मवेशी सड़क पर थे। कोनी से आगे बढ़े तो करीब 1.19 बजे 10.1वें किलोमीटर पर 16 मवेशी एक साथ बैठे​ मिले। कई गाड़ियां वहां रुकी हुई थीं। हॉर्न सुनकर भी मवेशी हट नहीं रहे थे, इसलिए किसी तरह सड़क के किनारे से होकर गाड़ियां आगे बढ़ीं। यही हाल 18.02वें किमी पर रानीगांव के पास था। यहां 12 मवेशी सड़क पर बैठे थे और बाजू से गाड़ियां गुजर रही थी। गाड़ी की स्पीड थोड़ी तेज होती थी और मवेशियों के कारण फिर से ब्रेक करना पड़ता था।

रतनपुर में बाइपास जहां से शुरू होता है, वहां भी सड़क पर रात 1.33 बजे 11 मवेशी रोड के दोनों ओर बैठे मिले। रात 2.17 बजे 71.8 किमी पर सुतर्रा के पास 14 मवेशी, 75.2 किमी पर कटघोरा के पास 19 और 78.8 किमी पर कनकोनी के पास 12 मवेशी बैठे मिले।

रात 2.23 बजे 91.1 किमी पर पोड़ी के पास 21,97.4 किमी पर 11 और 137 किमी पर मोरगा के पास 19 मवेशी मिले। इसके बाद मोरगा से लखनपुर के बीच अच्छी बारिश हो रही थी। इस कारण मवेशी सड़क से हटकर किसी छाया वाली जगह पर चले गए ​थे। तड़के 4 बजे अंबिकापुर की सीमा में पहुंचे। शहर के एंट्रेंस में ही सुबह 5 बजे सड़क पर 5 मवेशी बैठे हुए थे।

ग्राम पंचायतों को करनी होगी पहल

हम अपनी एरिया के मवेशियों को सड़क से हटाने का प्रयास करते हैं। इसके लिए आम लोगों को खुद सोचना चाहिए। इसके लिए ग्राम पंचायतों को पहल करने की जरूरत है। हमने कई बार नेशनल हाइवे से जुड़े पंचायतों को चिट्‌ठी भेजी पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।

-संजय साहू, ट्रैफिक डीएसपी बिलासपुर

रास्तेभर में 17 मृत मवेशी मिले:

बिलासपुर से अंबिकापुर के बीच सफर में 17 मवेशी मृत मिले। जाहिर है कि वाहनों की टक्कर से मवेशियों की जान गई थी। वहां रुककर यह जानने की कोशिश की कि कोई गाड़ी या वाहन चालक दुर्घटना में घायल न हुआ हो। वहां कोई भी नहीं था।

टिप्पणियाँ