6630 करोड़ नेटवर्थ वाले सबसे बड़े फैशन ब्रांड में से एक वर्साचे के मालिक जियानी वर्साचे ने माँ के साथ काम में हाथ बांटते हुए सिखा काम, मां दर्जी थीं
मियामी बीच, फ्लोरिडा , US/ दुनिया के सबसे बड़े फैशन ब्रांड में से एक वर्साचे के मालिक जियानी वर्साचे; 6,630 करोड़ की नेटवर्थ, 130 बुटिक्स के मालिक। वर्साचे उस दिन सुबह 6.30 बजे जागे। कुछ जरूरी फोन कॉल्स किए। फिर अपने घर से कुछ दूरी पर न्यूज कैफे पहुंचे। यहां एक कॉफी ली, कैफे के मैनेजर से कुछ देर बातें कीं और अपने घर लौट आए।
उनका घर महलनुमा था, जिसकी कीमत करोड़ों में थी। वर्साचे अपने घर की 5 सीढ़ियां ही चढ़े थे कि पीछे से एक शख्स उनके करीब आया। वर्साचे उसे जानते थे। बिल्कुल नजदीक आकर उसने पिस्तौल निकाली और वर्साचे पर दो गोलियां चला दीं। वो शख्स भाग गया, वर्साचे सीढ़ियों पर ही गिर पड़े। घरवाले और स्टाफ के लोग उन्हें हॉस्पिटल ले गए, लेकिन तब तक वो दम तोड़ चुके थे।
सिर्फ हॉलीवुड या अमेरिका नहीं, दुनिया से फैशन की दुनिया का एक सितारा डूब गया। 7 दिन बाद इटली के मिलान में वर्साचे का अंतिम संस्कार हुआ। इस फ्यूनरल में जितने भी लोग शामिल हुए उन्होंने वर्साचे ब्रांड के ही कपड़े पहने थे, सभी ने इसी तरह फैशन की दुनिया के सुपर सितारे को विदा किया। वर्साचे गे थे और उन्हें मारने वाला कोई और नहीं कभी उनका पार्टनर रहा एंड्रयू कनानन ही था। एंड्रयू सीरियल किलर था, जिसने वर्साचे के अलावा 3 और लोगों को मार दिया था।
मां के कामों से इंस्पायर होकर फैशन डिजाइनर बने
2 दिसंबर 1946 को जियानी वर्साचे का जन्म इटली के रेजियो कैलाब्रिया में हुआ। उनके पिता सेल्समैन और मां दर्जी थीं। शुरुआत से ही वर्साचे को पढ़ाई से कुछ खास लगाव नहीं था। वो अपनी मां के काम से बहुत प्रभावित रहते थे। जब मां गांव की दुल्हनों के लिए कपड़े बनाती, तो वो उस काम को सीखने के लिए मां के साथ लगे रहते थे।
![]() |
| 6630 करोड़ नेटवर्थ वाले सबसे बड़े फैशन ब्रांड में से एक वर्साचे के मालिक जियानी वर्साचे ने माँ के साथ काम में हाथ बांटते हुए सिखा काम, मां दर्जी थीं |
![]() |
| फैशन ब्रांड वर्साचे का लोगो |
मां जब उनसे पूछती- तुम बाहर जाकर बाकी बच्चों के साथ क्यों नहीं खेलते?
वर्साचे कहते- मुझे बाहर जाना पसंद नहीं। मैं बस तुम्हें कपड़े बनाते हुए देखना चाहता हूं।
26 साल की उम्र में वर्साचे मिलान जाकर बस गए और एक फैशन डिजाइन कंपनी में काम करने लगे। 1973 में वो फैशन कंपनी ‘बाइब्लोस’ के फेमस डिजाइनर बन गए।
एक ही साल में पहला बुटीक और फैशन कंपनी खोली
लगातार मिल रही सक्सेस के बाद उन्होंने मिलान के एक आर्ट म्यूजियम में महिलाओं के लिए अपना पहला सिग्नेचर कलेक्शन लगाया। इसी साल उनका पहला फैशन शो भी हुआ। फिर उन्होंने अपना पहला बुटीक 1978 में मिलान में खोला।
मिलान में बुटीक खोलने के तुरंत बाद ही वर्साचे इंटरनेशनल फैशन जगत में एक सनसनी बन गए। वो अपने डिजाइन्स में खिले हुए कलर, बोल्ड प्रिंट्स और सेक्सी कट्स का इस्तेमाल करते थे, जो बाकी डिजाइनर्स के कपड़ों में कम देखने को मिलते थे।
1978 में ही उन्होंने अपनी फैमिली के सपोर्ट से कंपनी भी खोल ली। उस कंपनी में बहन डोनाटेला को वाइस प्रेसिडेंट और भाई सेंटो को प्रेसिडेंट बनाया।
फैशन ऐड में सेलेब्स को कास्ट करने वाले पहले फैशन डिजाइनर
वर्साचे के बारे में कहा जाता था कि वो ना सिर्फ अच्छे डिजाइनर थे, बल्कि एक शानदार मार्केट एक्सपर्ट भी थे। उन्हें सेलिब्रिटी को फर्स्ट रो में लाने का भी क्रेडिट दिया जाता है। एक्ट्रेसेस और रॉक स्टार्स को फैशन ऐड में कास्ट करने वाले वर्साचे पहले फैशन डिजाइनर थे।
सुपर मॉडल का कॉन्सेप्ट वर्साचे ने लाया
वर्साचे उस दौर के सबसे फेमस फैशन डिजाइनर थे। सुपरमॉडल का कॉन्सेप्ट बनाने के पीछे इनका ही दिमाग था। उन्होंने लिंडा इवांजेलिस्टा, क्रिस्टी टर्लिंगटन और नाओमी कैंपबेल को स्टार बनाया था।
सुपरमॉडल और सिंगर कार्ला ब्रूनी ने एक इंटरव्यू में बताया था- 'जब करियर की शुरुआत में मुझे कोई नहीं जानता था, जब वर्साचे ने मुझ पर भरोसा किया था और अपने शो में जगह दी थी। वो सभी सुपरमॉडल्स के साथ ऐसा व्यवहार करते थे, जैसे कि हम कहीं की राजकुमारियां हों। वो हमें अपने परिवार का हिस्सा मानते थे।'
15 साल तक मॉडल एंटोनियो के साथ रिलेशनशिप में रहे
1982 में वर्साचे की मुलाकात मॉडल एंटोनियो डी'एमिक से हुई, जिनसे उनका रिश्ता मौत तक चला। मौत के पहले तक उन्होंने एंटोनियो को आश्वासन दिया था कि ताउम्र वर्साचे उनका ख्याल रखेंगे। एंटोनियो को वो एक फिक्स्ड पेंशन भी दिया करते थे। वर्साचे की कंपनी और बुटीक में भी उनका हिस्सा था। हालांकि, वर्साचे की मौत के बाद परिवार वालों ने एंटोनियो ये सभी लग्जरी छीन ली थीं और उन्हें वसीयत में लिखे हिस्से से भी बेदखल कर दिया था।
मौत के वक्त 6,630 करोड़ और 130 बुटीक के मालिक थे वर्साचे
जब वर्साचे की हत्या हुई तो पूरी फैशन की दुनिया इस बात से दंग रह गई क्योंकि उस समय उनका ब्रांड पीक पर था। मर्डर के समय वर्साचे 6,630 करोड़ रुपए के मालिक थे और दुनिया भर में उनके 130 बुटीक थे।
मर्डर के बाद वर्साचे ब्रांड फीका पड़ गया। गलत मैनेजमेंट की वजह से कई कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया। बहुत सारे बुटीक बंद हो गए। 2000 की शुरुआत में ब्रिकी में आई गिरावट को देखते हुए कंपनी के शेयर धीरे-धीरे दूसरों को बेचने पड़े। सबसे पहले ब्लैकस्टोरी ग्रुप ने 20% हिस्सा खरीदा था।
कंपनी के शेयर गिरने की बड़ी वजह डोनाटेला का ड्रग्स एडिक्ट बनना
वर्साचे और उनकी बहन डोनाटेला, दोनों बहुत करीब थे। भाई की मौत के बाद डोनाटेला को ड्रग्स की लत लग गई, इससे उनके दिमाग ने काम करना बंद कर दिया था। वो इतनी वॉयलेंट हो गई थीं कि उनके बच्चे भी उनके पास जाने से डरते थे। यही वजह थी कि वो कंपनी पर ध्यान नहीं दे पा रही थीं। हालांकि, इलाज के बाद वो ठीक हो गईं।
वर्साचे ब्रांड के कपड़े इतने सर्च हुए कि गूगल ने बनाया सर्च इमेज ऑप्शन
2000 में वर्साचे की बहन डोनाटेला ने ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए एक्ट्रेस जेनिफर लोपेज को एक ड्रेस भेजी। हालांकि, वो ड्रेस उन्होंने गलती से भेजी थी। फिर भी उस ड्रेस को जेनिफर ने पहनने का फैसला किया। इसे बड़े स्तर पर मीडिया ने कवर किया और गूगल पर लोगों ने उस ड्रेस की तस्वीर को लाखों बार सर्च किया। बड़ी तादाद में लोगों द्वारा सर्च किए जाने के बाद गूगल ने फैसला किया और उन्होंने गूगल पेज पर सर्च इमेज का ऑप्शन ऐड किया।
कान के कैंसर से पीड़ित थे, बहन की बेटी को कंपनी के 50% शेयर दिए
मर्डर के बाद ये अफवाह सामने आई थी वर्साचे HIV संक्रमित थे। हालांकि ऐसा नहीं था, बल्कि उन्हें कान का कैंसर था, जिस वजह से वो काफी बीमार चल रहे थे। इसी डर की वजह से उन्होंने अपनी बहन डोनाटेला की बेटी एलेग्रा को कंपनी का 50% शेयर दे दिया था, जिसका जिक्र उनकी वसीयत में भी था।
वर्साचे की मौत के वक्त एलेग्रा 11 साल की थीं। 2004 में जब वो 18 साल की हुईं, तब वो शेयर उन्हें कानूनी रूप से मिले। इसके बाद से ही वो कंपनी के बोर्ड का हिस्सा हैं। हालांकि, उन्होंने कंपनी में काम करना 24 साल की उम्र में शुरू किया था। इतनी बड़ी कंपनी का हिस्सा होने के बावजूद वो लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं।
मर्डर पर बनी है सीरीज
जियानी वर्साचे की हत्या की कहानी अमेरिकन क्राइम स्टोरीज के दूसरे सीजन में दिखाई गई थी, जिसमें 9 एपिसोड हैं। इस सीरीज के रिलीज होने के बाद डोनाटेला ने उनसे प्रोडक्शन बंद करने की शिकायत की, लेकिन उनकी कोशिशों का कोई नतीजा नहीं निकला।
मौजूदा समय में कंपनी का टर्नओवर 9 हजार करोड़
वर्साचे के डिजाइन जर्मनी, जापान, शिकागो और लंदन के म्यूजियम में रखे गए हैं। लेडी गागा इस ब्रांड का चेहरा हैं और डोनाटेला के साथ उनकी गहरी दोस्ती है। टर्नओवर की बात करें तो मौजूदा समय में कंपनी का टर्नओवर 9 हजार करोड़ है।
एंड्रयू कनानन कौन था और उसने वर्साचे का मर्डर क्यों किया…
IQ 147 होने के बावजूद भी पढ़ाई में कमजोर, कम उम्र में ड्रग्स एडिक्ट बना
एंड्रयू कनानन का जन्म सैन डिएगो में एक मिडिल क्लास परिवार में हुआ था। पिता स्टॉक ब्रोकर थे और मां हाउसवाइफ थीं, जो एक मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं।
एंड्रयू ने बिशप स्कूल से पढ़ाई की थी। उसे प्राइवेट स्कूल में अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए मां-बाप ने घर तक गिरवी रख दिया था। स्कूल में उसने दुनिया से ये बात छिपाई कि वो गे है। उसने अपनी पहचान एक अमीर बिगड़े हुए लड़के की तरह बनाई।
एंड्रयू का IQ 147 था इसके बावजूद पढ़ाई के रिजल्ट अच्छे नहीं आते थे। उसने जैसे-तैसे स्कूल की पढ़ाई पूरी की। फिर आगे की पढ़ाई के लिए कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया, लेकिन बीच में उसने ये पढ़ाई भी छोड़ दी और सभी खर्च के लिए अमीर बूढ़े लोगों से दोस्ती करने लगा। साथ ही वो ड्रग्स और पोर्नोग्राफी का भी आदी हो गया।
वर्साचे से पहले एंड्रयू ने इन तीन लोगों की हत्या बर्बरता के साथ की
1997 में एंड्रयू अमेरिका के राज्य मिनियापोलिस आ गया और वहां पर उसने दो अमीर लोगों जेफ ट्रेल और डेविट मैडसन से दोस्ती की। कथित तौर पर उसने दोनों को डेट किया फिर उनकी हत्या कर दी।
सबसे पहले उसने मैडसन के अपार्टमेंट में जेफ ट्रेल की हत्या हथौड़े से पीट-पीटकर की, फिर उसे डोर मैट में लपेट दिया। उस दिन जब मैडसन घर आया तो एंड्रयू से उसे बंदी बनाया फिर गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने एक हफ्ते के भीतर ही 72 साल के रियल एस्टेट डेवलपर डी मिग्लिन की गोली मारकर हत्या कर दी।
तीनों विक्टिम के परिवार वालों ने दावा किया था कि उन्होंने कभी एंड्रयू को नहीं देखा था।
मर्डर की वजह हत्यारे एंड्रयू का HIV संक्रमित होना!
वर्साचे की मौत के बाद अफवाह ये थी कि एंड्रयू HIV से संक्रमित था। एंड्रयू को शक था कि जिन 4 लोगों के साथ वो रिश्ते में था, उनमें से किसी एक से संबंध बनाने से वो भी HIV से संक्रमित हुआ है। इसी वजह से उसने बदला लेने के लिए मर्डर किया। हालांकि, मर्डर की वजह आज भी रहस्य है। HIV वाली अफवाह पर वर्साचे के परिवार वालों ने बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की थी कि वर्साचे या परिवार में कोई भी HIV से संक्रमित नहीं था।
वर्साचे के मर्डर के लगभग 2 हफ्ते बाद 23 जुलाई 1997 को हत्यारे एंड्रयू की बॉडी मियामी बीच के एक हाउसबोट में मिली। एंड्रयू ने खुद को उसी गन से शूट किया था, जिससे उसने बाकी 3 मर्डर किए थे।
क्यों एंड्रयू को माना गया दोषी?
एंड्रयू के परिवार के लगभग सभी लोग मानसिक बीमारी से पीड़ित थे और उसे भी एंटीसोशल पर्सनालिटी डिसऑर्डर था।
एंड्रयू के एक दोस्त ने बताया था कि उसने मैडसन की हत्या इसलिए की थी, क्योंकि मैडसन के नए बॉयफ्रेंड के बारे में उसे पता चल गया था।
स्कूल के दोस्त ने खुलासा किया था कि एंड्र्यू फेमस होना चाहता था। वो चाहता था कि हाई प्रोफाइल लोगों के बीच उसकी बातें हों, शायद उसने लाइमलाइट में रहने के लिए बड़े लोगों को शिकार बनाया।


टिप्पणियाँ