लंदन/न्यूयॉर्क/ व्यस्तता के चलते इन दिनों लोग घर या वर्कप्लेस में सिमटकर रह गए हैं। इसका नतीजा यह हुआ कि लोग सामाजिक रूप से अलग-थलग हो गए। ‘चैरिटी टू एंड लोनलीनेस’ कैंपेन की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन में 40 लाख लोग लंबे समय से अकेलेपन से जूझ रहे हैं।
एक्सपर्ट कहते हैं- इस समस्या से निपटने का सबसे बेहतर तरीका बातचीत करना है। पड़ोस में रहने वालों से सकारात्मक चर्चा से शारीरिक और भावनात्मक फायदे तो मिलते ही हैं, सामाजिक दायरा भी मजबूत होता है।
मानसिक सेहत अच्छी रहती है
कोलंबिया यूनिवर्सिटी के इरविंग मेडिकल सेंटर में मनोचिकित्सक केली हार्डिंग कहती हैं- सामाजिक रिश्तों को बनाए रखना सेहत में निवेश की तरह है। ब्रिटिश वैज्ञानिक डॉ. माइकल मोस्ले कहते हैं- पड़ोसी या अजनबी से बात करने से उनकी और आपकी मानसिक सेहत पर सकारात्मक असर पड़ता है।
मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी में रिलेशनशिप एक्सपर्ट प्रो. पामेला क्वाल्टर कहती हैं- पड़ोसियों की मदद करना अकेलेपन को कम करने का शक्तिशाली तरीका है।
प्रो. क्वाल्टर के निर्देशन में हुई एक स्टडी के तहत लोगों को महीनेभर तक, हफ्ते में एक बार पड़ोसी के लिए कोई मदद या काम करना था। जैसे कि उनका कूड़ेदान बाहर निकालना या सड़क पर मुलाकात हो तो बातचीत करना। नतीजे बताते हैं कि इससे दोनों पक्षों में अकेलेपन की भावना कम हुई, जबकि एकता के भाव में बढ़ोतरी दिखी।
डिप्रेशन की आशंका कम हो जाती है
मैरीलैंड यूनिवर्सिटी की रिसर्च के मुताबिक पड़ोसियों के साथ सामाजिक रूप से जुड़े रहने से सेहत से जुड़ी समस्याओं का जोखिम कम होता है।
मैरीलैंड यूनिवर्सिटी में मनोविज्ञान विशेषज्ञ प्रो. मेरिसा फ्रैंकों कहती हैं- अकेलापन न रहने से चिंता और अवसाद की आशंका कम हो जाती है। साथ ही खराब नींद, दिल के रोग, स्ट्रोक व समय से पहले मौत के खतरे भी घट जाते हैं।
एक्सपर्ट कहते हैं- पड़ोसियों से बातचीत कम है तो रोजाना कुछ कारण तलाशें। जिज्ञासु बनकर, सवाल पूछकर उनकी प्रतिक्रिया जान सकते हैं। अपनी बातों को छोटा और विषय पर केंद्रित रखें। चीजों को उनकी नजर से देखने की कोशिश करें और ऐसे समाधान निकालने की कोशिश करें, जो दोनों के लिए कारगर हों।
स्टोर में चैटर काउंटर शुरू; ताकि लोग अजनबियों से भी बातें कर सकें
नीदरलैंड्स के जंबो सुपरमार्केट ने 2021 में बुजुर्गों और अकेलेपन से जूझ रहे लोगों के लिए 200 स्टोर में स्लो चेकआउट काउंटर शुरू किए थे। ताकि जिन्हें जल्दी नहीं है, वे कैशियर या कतार में खड़े अजनबी लोगों से आराम से बातें कर सकते हैं। स्टोर में समय-समय पर अकेलापन दूर करने के लिए एक्टिविटी भी रखी जाती हैं।
अब यह सुविधा सभी 700 स्टोर में देने की तैयारी है। प्लायमाउथ यूनिवर्सिटी ने ताजा स्टडी के तहत अकेले रह रहे लोगों को रोबोटिक कैट और डॉग दिए थे। ये थोड़ा इधर-उधर घूमते हैं और आवाजें निकालते हैं। इन्हें गले भी लगा सकते हैं।


टिप्पणियाँ