सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

फलों के बीजों को डाइट चार्ट में शामिल करना पड़ सकता है भारी, जान भी ले सकती है कुछ फलों के बीज, जाने कैसे

फिट रहना किसे नहीं पसंद। ज्यादातर लोग अपनी डाइट चार्ट में बीजों को भी शामिल कर लेते हैं। इनमें से कुछ बीज तो सेहत के लिए अच्छे होते हैं, लेकिन कुछ नुकसानदेह भी होते हैं। सूरजमुखी और तरबूज के बीजों समेत कुछ फल और सब्जियां ऐसे भी हैं, जिनके बीज सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए गलती से भी इनको न खाएं।

आयुर्वेदाचार्य डॉ. सिद्धार्थ सिंह बता रहे हैं उन फलों और सब्जियों के बारे में, जिनके बीज सेहत के लिए जहर जैसा काम कर सकते हैं। इसलिए इन्हें खाने से बचना चाहिए...

सेब के बीज निगल लिए तो हो सकती है मौत

डॉ. सिद्धार्थ बताते हैं कि सेब एक ऐसा फल है, जो सभी को पसंद आता है। लेकिन कई बार इसे खाते वक्त हम इसका बीज भी निगल जाते हैं। एक-दो सेब के बीज निगल जाने से कोई परेशानी नहीं, लेकिन ज्यादा मात्रा में यह निगल लिया जाए तो काफी खतरनाक हो सकता है। सेब के बीज में साइनाइड होता है। ज्यादा मात्रा में सेब के बीज खाने से पेट में ऐंठन, मतली, दस्त और यहां तक कि मौत भी हो सकती है।

नाशपाती के बीज सेहत के दुश्मन

नाशपाती के बीज भी सेब के बीज जैसे ही सेहत के लिए खतरनाक होते हैं। इन बीजों में साइनाइड पाया जाता है। जिसे गलती से खा लिया तो पेटदर्द, मतली और दस्त हो सकती है। ज्यादा मात्रा में खा लिए जाएं तो पसीना निकलने लगता है, थकान लगती है और पेट में मरोड़ होती है। कई बार तो कोमा तक में पहुंचने का खतरा रहता है।

आड़ू का बीज खाने पर आती है कमजोरी

आड़ू के बीजों को भी खाने से बचना चाहिए। इसमें एमिग्डालिन और साइनोजेनिक ग्लाइकोसाइड जैसे जहरीले तत्व पाए जाते हैं। इसे खाने से घबराहट, पेट में दर्द, कमजोरी हो जाती है। कई बार तो इंसान कोमा में भी चला जाता है। इसलिए भूलकर भी आड़ू के बीज को नहीं खाना चाहिए।

चेरी का बीज खराब कर सकता है पेट

चेरी खाने में लाजवाब होती हैं, लेकिन इसके बीज बेहद नुकसानदेह होते हैं। चेरी के बीज में साइनाइड कंपाउंड होता है। ज्यादा मात्रा में खाने से पेट में ऐंठन, दस्त और मतली होने लगती है। सेब के बीज की तरह ही ये बीज भी अगर ज्यादा मात्रा में शरीर में चले जाएं तो मौत भी हो सकती है।

खुबानी का बीज कोमा में पहुंचा सकता है

खुबानी के बीज सेहत के लिए जहर के समान हैं। इन बीजों में टॉक्सिन्स साइनोजेनिक ग्लाइकोसाइड और एमिग्डालान पाए जाते हैं। इसे ज्यादा मात्रा में खाने से आड़ू के बीज जैसी ही समस्या पैदा हो सकती है। शरीर में कमजोरी हो जाती है। घबराहट होने लगती है। गलती से ज्यादा मात्रा में इन बीजों को खाने से कोमा में भी जान का खतरा हो सकता है।

बेर के बीज पहुंचा सकते हैं नुकसान

वैसे तो बेर के बीज बेहद कठोर होते हैं और उन्हें खाना इतना आसान नहीं होता है। लेकिन आपको इस बात का ध्यान रखना है कि अगर गलती से भी बेर के बीज आपने निगल लिए तो वह पेट में जाकर कई बीमारियां पैदा कर सकते हैं।

आलूबुखारे के बीज हैं खतरनाक

आलूबुखारा बच्चों-बड़ों सभी को बेहद पसंद है। लेकिन ध्यान रहे कहीं गलती से आपका बच्चा इसका बीज न निगल ले। इसके बीज में भी कई ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। आलूबुखारा के बीज खाने से घबराहट, पेट में दर्द, कमजोरी हो सकती है। इसमें एमिग्डालिन और साइनोजेनिक ग्लाइकोसाइड और हाइड्रोजन सायनाइड पाया जाता है जो शरीर में जहर का काम करता है।

खरबूजे के बीज ज्यादा खा लिए तो बार-बार जाना पड़ेगा वॉशरूम

खरबूजे के बीज शुगर को कंट्रोल करते हैं। ऐसे में जिनका ब्लड ग्लूकोज पहले से कम है, उन्हें खरबूजे के बीज नहीं खाने चाहिए। इसे खाने से ब्लड शुगर और भी कम हो सकता है। खरबूजे के बीज में ड्यूरेटिक प्रभाव पाया जाता है। जिससे बार-बार यूरिन पास करने की परेशानी हो सकती है।

कद्दू के बीज वजन बढ़ाएं

कद्दू के बीजों में एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर होते हैं। ये ब्लड प्रेशर लेवल को कम करते हैं। कद्दू के बीजों में फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है। जिनको ज्यादा खाने से डायरिया, पेट दर्द, ऐंठन, सूजन होने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा, इसमें फैटी ऑयल भी होता है।

ये पेट में ऐंठन, मरोड़, दर्द बढ़ा सकता है। 100 ग्राम कद्दू के बीजों खाने से शरीर में 500 से भी ज्यादा कैलोरी बढ़ती है। प्रेग्नेंट या बच्चे को दूध पिलाने वाली महिलाएं इससे परहेज करें।

कटहल के बीजों के नुकसान

कहटल के बीजों में कुछ ऐसे तत्व भी होते हैं, जो शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। जैसे-टैनिन, ट्राइप्सिन। ये तत्व शरीर में कुछ खास पोषक तत्वों को अवशोषित होने से रोकते हैं, जिससे पेट बिगड़ सकता है। इसलिए कटहल के बीजों को खाने से बचना चाहिए। हालांकि अगर कटहल के बीजों को उबाल लेते हैं या आग पर भून लेते हैं, तो ये एंटी न्यूट्रिएंट्स खत्म हो जाते हैं और फिर यह खाने लायक बन जाता है।

टमाटर के बीज जहरीले

पेट से जुड़ी समस्याएं हैं तो टमाटर के बीज खाने से बचें। यह किडनी स्टोन के मरीजों की परेशानी बढ़ा सकता है। टमाटर के बीजों में मौजूद ऑक्सालेट तत्व किडनी में कैल्शियम की बहुत ज्यादा मात्रा में इकट्ठा होकर धीरे-धीरे स्टोन्स में बदल जाता है।

टमाटर के बीजों को खाने से डायवर्टीकुलिटिस का खतरा भी बढ़ता है। जिससे आंतों में सूजन हो सकती है। टमाटर की प्रकृति अम्लीय होती है जिसकी वजह से ये हार्ट बर्न को बढ़ाने के साथ ही पाचन तंत्र पर बुरा असर डालता है। टमाटर को इस्तेमाल करने से पहले बीच वाले हिस्से को काटकर निकाल दें।

सूरजमुखी के बीज सेहत बिगाड़ सकते हैं

जरूरत से ज्यादा सूरजमुखी के बीज खाने से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है क्योंकि इसमें सोडियम की ज्यादा मात्रा पाई जाती है। जिन लोगों को एलर्जी के साथ अस्थमा जैसी परेशानियां हो उनको सूरजमुखी के बीज से परहेज करना चाहिए। सूरजमुखी के बीजों में फास्फोरस की मात्रा भी पाई जाती है। शरीर में फास्फोरस की मात्रा बढ़ने से किडनी को नुकसान हो सकता है।

सूरजमुखी के बीज ज्यादा मात्रा में खाने से इसे पचाने में परेशानी होती है। जिस कारण पेट दर्द, उल्टी, मितली और जी मिचलाने की समस्या हो सकती है। इसके अलावा प्रेग्नेंसी और ब्रेस्टफीडिंग करा रही महिलाओं को भी सूरजमुखी के बीज से परहेज करना चाहिए क्योंकि इनकी तासीर गर्म होती है। जो गर्भ में पल रहे शिशु को नुकसान हो सकते है।

टिप्पणियाँ