सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

घरेलू नुस्खों से बारिश में नहीं आयेंगे कीड़े-मकोड़े और कीट-पतंगें; जानें क्या हैं ये नुस्खे

बारिश के दिनों में कीड़े-मकोड़े और कीट-पतंगों का आना आम है। बेडरूम, बाथरूम, सिंक से लेकर घर में अलग-अलग जगहों पर कीड़े इन दिनों दिख रहे हैं। इनके काटने और रेंगेने भर से लाल चकते, दाने, खुजली और कई बार तो बुखार और इन्फेक्शन तक हो जाता है।

सवाल: बारिश में कीड़े क्यों ज्यादा आते हैं?

जवाब: बरसात के मौसम में पौधों तेजी से बढ़ते हैं, चारों ओर हरियाली होती है। कीट-पंतगों को खाने की कमी नहीं होती। वातावरण में ह्यूमिडिटी यानी नमी ज्यादा होती है। ये तमाम वजहें कीड़ों की प्रजनन दर को कई गुना बढ़ा देती हैं। इस कारण से ही बारिश के दिनों में हमारे आसपास चींटी, मच्छर, मक्खी, टिड्डे, बरसाती कीड़े, बरसाती भृंग जैसे कीड़े-मकोड़े ज्यादा दिखाई देते हैं। ये हमारी जरा सी गलती का फायदा उठाकर घर के अंदर घुस जाते हैं।

घर के अंदर कीड़े घुसने के पीछे कई वजहें हैं…

  1. खिड़की-दरवाजों में सालों से पेंट नहीं हुआ हो और जाली ठीक से नहीं लगी हो।
  2. घर के गार्डन को ठीक से मेंटेन नहीं किया गया हो। गमलों में पानी जमा रहने से मच्छर पनपते हैं।
  3. स्टोर रूम, छत में कबाड़ इकट्ठा है, जो पानी पड़ने से या नमी से सड़ रहा हो।
  4. चिमनी, खिड़की और रोशनदान की सफाई न करने से।
  5. बाथरूम, पानी जाने की नाली, सेप्टिक टैंक, जिनका यूज हर रोज होता है, उनकी रेगुलर सफाई न करने से।
  6. ज्यादा देर तक गंदे पड़े बर्तन, खुले में रखा कूड़ा, प्लेटफॉर्म की सफाई न करने से।

सवाल: बारिश में कीड़े-मकोड़े घर के अंदर न आएं, इसके लिए क्या करें?

जवाब: बारिश के दिनों में साफ-सफाई पर ज्यादा ध्यान रखना चाहिए।जैसे–

  1. रोज डस्टबिन को खाली करें, गीला और सूखा कचरा अलग रखें।
  2. जहां भी गंदगी होने का चांस ज्यादा हैं वहां फिनाइल या डिसइंफेक्टेंट डालकर पोंछा लगवाएं।
  3. गार्डन की साफ-सफाई करते रहें, गमलों में पानी न जमा होने दें।
  4. कबाड़ हटा दें। छत, बालकनी में पानी इकट्ठा न होने दें।
  5. इसके अलावा आप घर में मौजूद चीजों से कीड़ों को दूर कर सकते हैं। 

सवाल: किचन के सिंक से कॉकरोच बहुत निकलते हैं, इन्हें दूर करने के लिए क्या करें?

जवाब: ​कॉकरोच केवल बरसात में ही नहीं गर्मी में भी गंदगी की वजह से निकलते हैं। इनसे छुटकारा पाने के लिए नालियों, कूड़े के डिब्बे के आसपास और घर की अंधेरी जगहों पर हिट का स्प्रे करें। सिंक और वॉश-बेसिन को साफ रखें और नालियों में फिनाइल की गोलियां डाल दें।

इसके साथ कुछ और घरेलू उपाय हैं जिन्हें आप ट्राई कर सकते हैं…

घरेलू उपाय: कॉकरोच को भगाने के लिए घर के किचन में यूज होने वाली हल्दी बहुत काम की है। इसके लिए थोड़े से गर्म पानी में 2 चम्मच हल्दी, 1 कप नीम का तेल और 5 चम्मच नींबू रस अच्छे से मिला लें।

अब इस मिक्सचर को रात में सोने से पहले उस जगह पर स्प्रे करें, जहां से कॉकरोच बाहर निकलते हैं।

2-3 दिन तक लगातार यही प्रोसेस करने से घर में एक भी कॉकरोच नहीं दिखाई देंगे।

सवाल: घर में लाल और काली चीटियां भी बहुत आती हैं, इनसे छुटकारा पाने के लिए क्या करें?

जवाब: हां, बारिश के दिनों में चींटि​यां जगह-जगह दिखाई देती हैं। इससे छुटकारा पाने के लिए 2 उपाय हैं-

उपाय-1: बराबर मात्रा में नमक में हल्दी मिलाकर चींटियों के ठिकानों पर छिड़क दें। इससे चींटियां कुछ मिनट में ही उस जगह से गायब हो जाएंगी।

उपाय-2: एक स्‍प्रे बोतल में आधा पानी और आधा सफेद विनेगर डालें। इसे चींटियों के आसपास स्प्रे कर दें। चींटियां भाग जाएंगी।

उपाय-3: लहसुन को पीसकर इसका रस निकाल लें। इसे चीटियों वाली जगह पर छिड़कें। इससे कुछ ही मिनट में चीटियां गायब हो जाएंगी।

सवाल: मधुमक्खी काटने के बाद का डंक छोड़ देती है तो क्या घर में ट्रीटमेंट कर सकते हैं? जवाब: अगर मधुमक्खी ने ज्यादा डंक नहीं मारे हैं तब आप इसका इलाज घर पर ही कर सकते हैं।

इसके लिए इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं। इससे आराम तो मिलेगा ही और शरीर में जहर नहीं फैल पाएगा।

पहला काम डंक निकाल दें: मधुमक्खी के डंक को जल्दी से जल्दी निकाल दें। डंक जितनी जल्दी निकल जाएगा, उतना ही जहर का असर कम होगा। नहीं तो शरीर में जहर फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।

अब डंक निकालने के बाद उस जगह को एंटीसेप्टिक साबुन या क्लीनर से साफ कर एंटीसेप्टिक क्रीम लगा लें।

शहद का इस्तेमाल: डंक मारने वाली जगह पर शहद यूज कर सकते हैं। इसका एंटी-बैक्टीरियल गुण इन्फेक्शन को फैलने नहीं देता है।

टूथपेस्ट से भी मिलता है आराम: डंक लगने पर सफेद टूथपेस्ट लगाने से दर्द में राहत मिलती है। ये जहर के असर को कम कर देता है। इससे सूजन में राहत मिलती है।

बेकिंग सोडा फायदेमंद: बेकिंग सोडा अल्कलाइन होता है। जो जहर के असर को कम करने में मदद करता है। इसे अफेक्टेड जगह पर लगाने से दर्द, खुजली और सूजन में आराम मिलती है।

नोट: काटने या डंक मारने पर ज्यादा रिएक्शन हुआ है तो घरेलू उपायों के चक्कर में न पड़ें, तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें।

सवाल: बारिश में कीड़े मकोड़े काट ले तो क्या करें?

जवाब: नीचे लगे क्रिएटिव से समझते हैं-

सवाल: कीड़ों से बचने के लिए क्या करें?

जवाब: कीड़ों से खुद को और अपने बच्चों को बचाने के लिए फुल बाजू के कपड़े पहनें और ज्यादा पेड़ पौधे वाली जगह पर जाने से बचें।

सवाल: लाइट बल्ब के आसपास बहुत कीड़े उड़ते रहते हैं, उन्हें कैसे भगाएं?

जवाब: पॉइंट्स से समझते हैं-

  1. शाम होने से पहले खिड़की दरवाजे बंद कर दें।
  2. हफ्तेभर में दो बार बल्ब विनेगर से साफ करें।
  3. ज्यादा रोशनी की जरूरत न हो, तो नाइट बल्ब यूज करें।
  4. घर में जाली वाला गेट बंद रखें।
  5. कीड़े के दिखने पर कुछ देर के लिए लाइट बंद कर दें।

सवाल: बारिश में किन सब्जियों को नहीं खाना चाहिए?

जवाब: इस मौसम में हरी सब्जियां, हाई प्रोटीन डाइट और पत्तेदार सब्जियां खाने से बचना चाहिए। नमी की वजह से पत्तेदार सब्जियों में छोटे-छोटे कीड़े पड़ जाते हैं, जो पेट दर्द से लेकर फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं।

  1. बारिश में जो भी सब्जियां खाएं, अच्छी तरह धोकर काटकर और उबालकर ही खाएं।
  2. बारिश के मौसम में इन सब्जियों को खाने से परहेज करें
  3. पत्ता गोभी और फूल गोभी।
  4. देर से पचने वाली सब्जियां जैसे आलू, अरवी, भिंडी, फूलगोभी और मटर।
  5. मशरूम खाने से इन्फेक्शन का रिस्क बढ़ जाता है।
  6. कच्ची सब्जियों का सलाद जैसे- खीरा, मूली और गाजर।
  7. हरी मिर्च और शिमला मिर्च।
  8. भारी दालें जैसे- उड़द, चना, अरहर, राजमा और छोले।

एक्सपर्ट पैनल:

डॉ. सुचिन बजाज, फाउंडर डायरेक्टर, उजाला सिग्नस अस्पताल, दिल्ली

डॉ. बालकृष्ण श्रीवास्तव, मेडिकल ऑफिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोलार, भोपाल

टिप्पणियाँ