कोरबा/ एक मेडिकल ऑफिसर और टेक्निशियन के नाम पर कोरबा सहित चार जिलों में ब्लड बैंक संचालित करने का मामला सामने आया है। इस पर खाद्य एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने चारों ब्लड बैंक के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें सात दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा है।
खाद्य एवं औषधि नियंत्रण विभाग रायपुर की ओर से ब्लड बैंकों की निगरानी की जा रही है। अफसरों ने ब्लड बैंकों के दस्तावेजों की जांच की। इसमें कोरबा जिले के कोसाबाड़ी मार्ग पर स्थित संवेदना ब्लड बैंक के दस्तावेजों में अनियमितता पाई गई है। इसे लेकर विभाग ने संचालक को नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि प्रबंधन की ओर से ब्लड बैंक संचालन के लिए लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जरूरत होती है।
प्रबंधन इसके लिए सभी दस्तावेज जिले के खाद्य एवं औषधि विभाग को उपलब्ध कराया गया था, लेकिन विभाग को इन दस्तावेजों में कई खामियां मिली है। एक ही मेडिकल ऑफिसर, टेक्निशियन के नाम पर कोरबा के चार जिले में अलग-अलग नाम से संचालित की जा रही है। कोरबा जिले के कोसाबाड़ी मार्ग पर संवेदना ब्लड बैंक, कोरिया जिले के मनेंद्रगढ़ में शोभा ब्लड सेंटर, जशपुर में समर्पण ब्लड सेंटर, रायगढ़ में सेवा ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर से संचालित है। इसे लेकर ब्लड बैंक को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है। निर्धारित समयावधि के भीतर जवाब नहीं देने या फिर विभागीय अफसर ब्लड बैंक के जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यह अवधि भी समाप्त होने वाली है। नोटिस में लिखा गया है कि मेडिकल ऑफिसर संजय चौधरी के नाम पर कोरबा, मनेंद्रगढ़, रायगढ़ और जशपुर में ब्लड बैंक का संचालन किया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद विभाग चिंतित है।
इन कर्मचारियों के नाम अन्य जिले के ब्लड बैंक में भी
अधिकारी ने बताया कि कोरिया जिले के मनेंद्रगढ़ में शोभा ब्लड सेंटर की जारी अनुज्ञप्ति में मेडिकल ऑफिसर संजय चौधरी एवं टेक्निशियन रमेश कुमार नवरेंगे व प्रेम लाल साहू का नाम दर्ज है। इन कर्मचारियों का नाम में संजय चौधरी का नाम समपर्ण ब्लड सेंटर जशपुर, संवेदना ब्लड बैंक में रमेश कुमार नवरंगे, सेवा ब्लड एंड कंपानेंसट सेंटर रायगढ़ में प्रेम लाल साहू का नाम दर्ज है। ब्लड बैंकों में कार्यरत कर्मचारियों के नाम में एकरुपता को लेकर नोटिस जारी किया गया है।
बिलासा ब्लड बैंक में निर्धारित दर से अधिक रुपए लेने की शिकायत, जांच शुरू
इधर बिलासा ब्लड बैंक से संबंधित एक शिकायत स्वास्थ्य विभाग को मिली है। इसमें बताया गया है कि ब्लड बैंक में सरकार की ओर से निर्धारित राशि से अधिक रकम लेकर लोगों को सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। शिकायत की पुष्टि करते हुए कोरबा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के प्रमुख बीडी सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। इसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। सबूत पाया जाता है तो ब्लड बैंक पर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि कोरबा मेडिकल कॉलेज में एक ब्लड बैंक संचालित है। लेकिन यहां खून के घटक को अलग करने के लिए जरूरी उपकरण नहीं हैं।
प्रदेश में संचालित ब्लड बैंकों के दस्तावेजों की जांच की गई है। इसके बाद 13 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। इसमें कोरबा का संवेदना ब्लड बैंक भी शामिल है। संवेदना में जिस मेडिकल ऑफिसर का नाम है उसी नाम से मनेंद्रगढ़, जशपुर और रायगढ़ में ब्लड बैंक चल रहा है।
बसंत कुमार कौशिक, डीडीसी, रायपुर

टिप्पणियाँ