तेलुगू फिल्मों के सुपर स्टार महेश बाबू की इतनी लक्जीरियस लाइफ, लेकिन कमाई का 30% करते हैं दान, जानते हैं उनकी संपत्ति
तेलुगू फिल्मों के सुपर स्टार महेश बाबू ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट 1989 में फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। 1999 बतौर एक्टर उन्होंने फिल्मी सफर शुरू किया। महेश बाबू काफी लैविश लाइफ जीते हैं। उनके पास 30 करोड़ रुपए का आलीशान बंगला, 6 करोड़ की वैनिटी वैन, 2.3 करोड़ की रेंज रोवर कार और 1.19 करोड़ की इलेक्ट्रिक कार सहित 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। वे अपनी कमाई का 30% हिस्सा दान भी कर देते हैं।
- इंडोर स्विमिंग पूल और देसी स्टाइल वाला 30 करोड़ का बंगला
लॉकडाउन के दौरान महेश बाबू ने जब अपने घर के भीतर की तस्वीरें साझा कीं, तो फैंस को उनकी लग्जरी लाइफ के बारे में पता चला। हैदराबाद के सबसे पॉश इलाकों में शुमार जुबली हिल्स पर उनका यह बंगला है। गार्डन, इनडोर स्विमिंग पूल, फ्रेंच विंडो और जकूजी से लैस इस घर की कीमत 30 करोड़ है।
अपने जन्मदिन पर लिविंग रूम में परिवार के साथ महेश बाबू।
वे पत्नी नम्रता शिरोडकर और दो बच्चों के साथ रहते हैं। 17 साल के बेटे गौतम और 11 साल की बेटी सितारा के लिए उन्होंने सेपरेट स्टडी रूम बनवा रखा है। गौतम के कमरे का रंग स्लेटी है, जबकि बेटी सितारा के कमरे का रंग गुलाबी है।
अपने रूम में स्कूल फ्रेंड्स के साथ महेश बाबू की बेटी सितारा।
घर के पीछे के हिस्से में महेश बाबू ने बैठने की जगह बनवा रखी है। लकड़ी के फर्नीचर और देसी लुक वाले इस हिस्से में वे अपने पेट्स के साथ समय बिताते हैं। घर में मौजूद डाइनिंग स्पेस भी बेहद शानदार दिखता है। डाइनिंग टेबल के चारों ओर लाल रंग की ईंट की दीवार है, जिसके चारों तरफ गोल्डन फ्रेम्स में बड़े-बड़े शीशे लगे हैं।
देश की सबसे महंगी रेंज रोवर मॉडल महेश बाबू के पास
इसी महीने महेश बाबू ने रेंज रोवर मॉडल की एक कार खरीदी है। यह देश की सबसे महंगी रेंज रोवर मॉडल में से एक है। सन शाइन गोल्ड नाम के खास रंग की इस गाड़ी की कीमत करीब 6 करोड़ रुपए है। मसाज फंक्शन से लेकर बैक सीट पर बैठने वाले को एग्जीक्यूटिव कम्फर्ट देने वाली यह गाड़ी डिजिटल LED हेडलैंप और फ्रंट सीट रेफ्रिजरेटर के साथ आती है। इसमें पीछे की सीट पर 13 इंच की स्क्रीन लगी है।
महेश बाबू की फेवरेट 1.5 करोड़ की ऑडी ई- ट्रॉन
महेश बाबू ने इसी साल ऑडी ई- ट्रॉन खरीदी है। 1.5 करोड़ रुपए की यह इलेक्ट्रिक कार ई-स्पीड चार्जिंग और ऑल-व्हील ड्राइव से लैस है।
71kWh बैटरी और 308 hp की पावर से लैस यह गाड़ी 360-डिग्री कैमरा, ऑडी वर्चुअल कॉकपिट, 16-स्पीकर ओल्फसेन ऑडियो सिस्टम और पैनोरमिक ग्लास सनरूफ वाली यह कार महेश बाबू की फेवरेट कारों की लिस्ट में शामिल है।
रेंज रोवर वोग और बीएमडब्ल्यू 730एलडी
महेश बाबू के पास सेवन सीटर रेंज रोवर वोग है, जिसकी कीमत चार करोड़ रुपए है। 3 लीटर वी6 डीजल इंजन वाली यह कार 240 बीएचपी की पावर और 500 एनएम का जबरदस्त टॉर्क पैदा करती है। 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड पकड़ने में यह 6 सेकेंड का वक्त लेती है। ऐसी कार आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, माधुरी दीक्षित के पास भी है।
महेश बाबू के पास जर्मन कंपनी बीएमडब्ल्यू की एक सेडान भी है, जिसकी कीमत ऑन रोड दो करोड़ रुपए है। यह मॉडल 7 सीरीज लाइनअप में डीजल वैरिएंट है, जिसमें 360 डिग्री कैमरा समेत कई जरूरी सेफ्टी फीचर्स भी हैं।
6 करोड़ की वैनिटी वैन
अक्सर प्रोडक्शन हाउस या फिल्म के निर्माताओं द्वारा एक्टर्स को कॉस्ट्यूम या वैनिटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। मगर महेश बाबू का अपना स्टारडम है। उनके पास खुद की वैनिटी वैन है, जिसकी कीमत 6.5 करोड़ रुपए है।
2018 में खरीदा हैदराबाद का सबसे लग्जरी सिनेमा हॉल
महेश बाबू की महंगी संपत्तियों की लिस्ट में एक हाई-एंड मल्टीप्लेक्स थिएटर भी है। इसके लिए महेश बाबू ने एशियन सिनेमा के साथ टाइअप किया और साल 2018 में एएमबी सिनेमा लॉन्च किया। ये हैदराबाद के चर्चित सारथ सिटी कैपिटल मॉल में है और लग्जरी के साथ फिल्म देखने वालों के लिए पसंदीदा जगह है।
इसे हैदराबाद का सबसे लग्जरी मल्टीप्लेक्स थिएटर कहा जाता है। यहां का शानदार इंटीरियर, वर्ल्ड क्लास साउंड सिस्टम और आरामदायक कुर्सियां लोगों को बहुत पसंद आती हैं।
यहां दर्शकों को मिलने वाला पर्सनलाइज्ड माहौल इसे खास बनाता है। सोशल मीडिया के रिव्यूज बताते हैं कि जैसै ही आप हॉल में घुसते हैं, गर्मजोशी से आपका स्वागत किया जाता है और स्टाफ हर वक्त मदद के लिए तैयार रहते हैं।
टिप्पणियाँ