सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

टमाटर से किसान बना एक महीने में ही करोड़पति

नई दिल्ली/ पुणे के नारायणगंज में रहने वाले किसान तुकाराम भागोजी ने एक महीने में 13000 क्रेट टमाटर (20 किलो) बेचकर 1.5 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की। तुकाराम के पास 18 एकड़ कृषि भूमि है। वे अपने बेटे ईश्वर गायकर और बहू सोनाली की मदद से 12 एकड़ में टमाटर उगाते हैं। परिवार का कहना है कि वे अच्छी क्वालिटी के टमाटर उगाते हैं। उन्हें उर्वरकों और कीटनाशकों के बारे में भी अच्छी जानकारी है। यही वजह है कि उनकी फसल अच्छी होती है।

एक दिन में 18 लाख के टमाटर बेचे

तुकाराम ने शुक्रवार को नारायणगंज मार्केट में 900 क्रेट टमाटर बेचे। उसे एक क्रेट पर 2100 का रेट मिला। इस तरह किसान की 18 लाख रुपए की कमाई हुई। पिछले महीने भी तुकाराम ने 1000 से 2400 रुपए प्रति क्रेज के हिसाब से टमाटर बेचे थे।

बहू और बेटे की मदद से टमाटर उगाते हैं

तुकाराम की बहू सोनाली टमाटर की रोपाई, कटाई और पैकेजिंग का काम संभालती है। वहीं, उनका बेटा ईश्वर टमाटर की सेल, मैनेजमेंट और फाइनेंशियल प्लानिंग करता है। परिवार का कहना है कि उनकी पिछले तीन महीने की मेहनत रंग लाई है।

समिति ने महीने में 80 करोड़ का बिजनेस किया

नारायणगंज स्थित झुन्नू कृषि उत्पादन बाजार समिति की मंडी में अच्छी क्वालिटी के टमाटर की क्रेट का रेट 2,500 रहा। समिति ने टमाटर बेचकर एक महीने में 80 करोड़ रुपए का कारोबार किया। इससे क्षेत्र में करीब 100 से ज्यादा महिलाओं को रोजगार भी मिला है।

तुकाराम के अलावा पुणे जिले के जुन्नार शहर में कई किसान हैं, जो टमाटर की खेती कर करोड़पति बने हैं। टमाटर बेचकर किसानों के करोड़पति बनने के मामले सिर्फ महाराष्ट्र तक ही सीमित नहीं हैं। कर्नाटक के कोलार में भी एक किसान ने इसी हफ्ते टमाटर बेचकर 38 लाख रुपए कमाए।

चंडीगढ में टमाटर 350 रुपए किलो तक पहुंचा

चंडीगढ के फुटकर बाजारों में सोमवार-मंगलवार को टमाटर के दाम 350 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए थे, हालांकि अभी ये 200 रुपए के ऊपर ही बना हुआ है। वहीं गाजियाबाद में इसका भाव 200 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया है। देश में ज्यादातर जगहों पर टमाटर की कीमतें 100 रुपए के पार पहुंच गई हैं।

बीते 3 सालों में भी दिखा बारिश में टमाटर के दाम बढ़ने का ट्रेंड

बीते तीन सालों में भी बारिश में टमाटर के दामों में बढ़ोतरी का ट्रेंड दिखा है। पिछले साल यानी 2022 के जून महीने में टमाटर के दाम 60-70 रुपए किलो तक पहुंच गए थे। इससे पहले 2021 में दाम 100 रुपए और 2020 में दाम 70-80 रुपए प्रति किलो के करीब पहुंच गए थे।

चीन के बाद भारत सबसे बड़ा टमाटर उत्पादक देश

नेशनल हॉर्टिकल्चरल रिसर्च एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन के अनुसार, चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टमाटर उत्पादक देश भारत है। ये करीब 7.89 लाख हेक्टेयर क्षेत्र से लगभग 25.05 टन प्रति हेक्टेयर की औसत उपज के साथ करीब 2 करोड़ टन टमाटर का उत्पादन करता है। चीन 5.6 करोड़ टन उत्पादन के साथ टॉप पर है।

भारत में साल 2021-22 में 2 करोड़ टन से ज्यादा टमाटर का उत्पादन हुआ था। यहां मुख्य तौर पर दो तरह के टमाटर उगाए जाते हैं। हाइब्रिड और लोकल। मध्य प्रदेश देश में सबसे बड़ा टमाटर उत्पादक राज्य है। इसके बाद सर्वाधिक टमाटर उगाने वाले राज्यों में आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा और गुजरात का नंबर है।

टिप्पणियाँ