विश्वविद्यालय के कॉलेजों में प्रवेश लेने के साथ साथ ही दूसरी यूनिवर्सिटी से भी ले सकेंगे प्रवेश; एक साथ मिलेंगी दो डिग्री
भिलाई/ इस साल हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी साथ-साथ पं. सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय से भी डिग्री या डिप्लोमा ले सकेंगे।
इसके लिए मुक्त विश्वविद्यालय ने अपने पाठ्यक्रमों को नए स्वरूप में तैयार किया है, जिसे यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन को भेजा गया है। हफ्तेभर में इसका नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। इसके बाद हेमचंद यादव विवि के विद्यार्थी एक ही समय में मुक्त विवि से डिग्री ले सकेंगे। इस नियम का फायदा उन विद्यार्थियों को मिलेगा, जो ग्रेजुएशन के बाद पीजी या डिप्लोमा के लिए अलग समय नहीं निकाल पाते।
उनको ग्रेजुएशन पूरा करने पर स्नातक की डिग्री के साथ किसी भी विषय में एक और डिप्लोमा, डिग्री मिल जाएगी। इससे नौकरियों में आसानी होगी।
नए नियम में प्रावधान
पहले यूजीसी गाइडलाइन के तहत विद्यार्थी एक समय में एक ही डिग्री या डिप्लोमा कोर्स करने के लिए पात्र था। विश्वविद्यालय स्तर पर इसके लिए सख्त नियम बनाए गए थे। अमूनन दो विश्वविद्यालयों से एक साथ डिग्री या डिप्लोमा में एनरोल होने पर मान्यता संबंधी सवाल भी उठाए जाते थे, पर अब यूजीसी के नए नियम और नई शिक्षा नीति में प्रावधान कर दिया गया है।
एक छात्र दो अकादमिक कार्यक्रमों को कर सकेंगे। एक फुल टाइम और फिजिकल मोड में और दूसरा ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग या ऑनलाइन मोड में या एक साथ दो ओडीएल/ऑनलाइन कार्यक्रम कर सकेंगे। व्यवस्था पीएचडी को छोड़कर सभी शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए लागू होगा।
ऑनलाइन मोड के तहत डिग्री या डिप्लोमा कार्यक्रमों को केवल ऐसे उच्च शिक्षण संस्थान आगे बढ़ाएंगे जो यूजीसी से मान्यता प्राप्त है, इसमें पं. सुंदरलाल शर्मा मुक्त विवि शामिल होगा।
छात्रों को दो डिग्री योजना को तीन तरीकों से करने की अनुमति होगी। पहला, फिजिकल मोड में दोनों डिग्री, बशर्ते कि कक्षाओं का समय एक-दूसरे के साथ न टकराए। एक फिजिकल मोड में और एक ऑनलाइन या ओपन डिस्टेंस लर्निंग मोड में। व्यवस्थाएं अपने अनुरूप बना सकेंगे।

टिप्पणियाँ