सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

9 किमी तक पैच वर्क कराकर पूरे 27 किमी के पैच वर्क की धनराशि भुगतान का मामला

भिलाई/ कुम्हारी से बेरला तक 27 किमी सड़क के पैच रिपेयर में गड़बड़ी की शिकायत हुई है। शिकायतकर्ता गयूर आलम सिद्दिकी ने संभागायुक्त को सौंपे ज्ञापन में मात्र 1 से 9 किमी तक पैच वर्क कराकर पूरे 27 किमी के पैच वर्क की धनराशि भुगतान कराने का आरोप लगाया है।

सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत जानकारी लेकर अन्य साथियों संग स्थल मुआयना करने बाद शिकायत की है। बताया कि ज्यादा से ज्यादा राशि डकारने के लिए कार्य स्थल पर किए गये पेच रिपेयर कार्य की माप को पुस्तिका में दोगुना लंबा-चौड़ा चढ़ाया गया है। इस तरह 27 किमी तक की रिपेयर कार्य के लिए जारी राशि 80 लाख रुपए 9 किमी में ही खत्म कर दी गई है। बाकी सड़क में 10 से 27 किमी तक आज भी जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। शिकायतकर्ता ने लोक निर्माण विभाग संभाग दुर्ग के अनुभाग क्रमांक-3 से संबंधित इस गड़बड़ी की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने क्षेत्र की अन्य सड़क निर्माण में भी इसी तरह की गड़बड़ी की आशंका जताई है।

शोल्डर कार्य कराया नहीं उसका भी भुगतान ले लिया शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि कुम्हारी-बेरला मार्ग पर दोनों ओर 1.5-1.5 मीटर का मुरुम या मिट्टी डालकर पानी के साथ रोड रोलर चलाकर शोल्डर का कार्य किया जाना था। लेकिन ग्राउंड पर सड़क के दोनों ओर शोल्डर का कोई कार्य नहीं किया है। जबकि काम पूरा दर्शाने के बाद बनी माप पुस्तिका में शोल्डर का माप चढ़ाकर भुगतान ले लिया गया है।

टिप्पणियाँ