सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

बॉयफ्रेंड को वश में करने तंत्र-मंत्र के लिए 5 करोड़ रुपए चुराए ऑफिस से

नई दिल्ली/ पूर्वी चीन की एक लड़की एक बड़ी कंपनी में अकाउंटेंट का काम करती थी। उसके पास अच्छी पोजिशन, तनख्वाह, ऐशो-आराम सबकुछ था। कमी थी तो सिर्फ टूटकर प्यार करने वाले एक भरोसेमंद पार्टनर की। उसके मन में हमेशा डर बना रहता कि कहीं उसका बॉयफ्रेंड उसे छोड़कर चला न जाए। उसे यह भी लगता था कि बॉयफ्रेंड उससे कम प्यार करता है और उसकी लव लाइफ कभी भी खराब हो सकती है।

उन्हीं दिनों बॉयफ्रेंड की बेरुखी से परेशान उस अकाउंटेंट ने ऑनलाइन विज्ञापन देखा। जिसमें काले जादू के सहारे किसी को वश में करने, रिश्ते सुधारने और मनचाहा प्यार हासिल करने की बात कही गई थी।

इसके बाद अकाउंटेंट ने थाई ब्लैक मैजिक के दो गुरुओं से संपर्क किया। फिर तंत्र-मंत्र का सिलसिला शुरू हुआ। कुछ ही दिनों में लड़की ने अपनी सारी तनख्वाह और जमा-पूंजी ब्लैक मैजिक में लगा दी।

लेकिन फिर भी पैसे कम पड़ रहे थे। ऐसे में अकाउंटेंट ने अपने ऑफिस के खाते से पैसे चोरी करके खर्च करने शुरू कर दिए। देखते ही देखते 3 साल में उसने 5 करोड़ रुपए से ज्यादा रकम बॉयफ्रेंड को वश में करने के लिए खर्च कर दी। लेकिन इतनी बड़ी रकम की चोरी छिपाई नहीं जा सकी। उसकी चोरी पकड़ी गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक लड़की को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। उसका कहना है कि उसने सबकुछ अपने प्यार को हासिल करने के लिए किया और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। लेकिन लड़के को लड़की का यह प्यार समझ नहीं आया और वह भाग गया।

चीनी मीडिया में इस तरह की फोटो दिखाई जा रही है। इसमें लड़की के खरीदे हुए काले जादू का सामान देखा जा सकते है।

दो गुरुओं ने थाईलैंड के ब्लैक मैजिक के जाल में फंसाया

वांग नाम की अकाउंटेंट अपनी लव लाइफ को लेकर काफी परेशान थी। तभी उसने एक ऑनलाइन ऐड देखा। जिसमें थाईलैंड के स्पेशल ब्लैक मैजिक के सहारे मनचाहा प्यारा दिलाने का दावा किया गया था।

इसी ऐड के माध्यम से वांग दो चीनी गुुरुओं के संपर्क में आई। उन्होंने दोनों को लगभग 50-50 लाख रुपए फीस दी। इसके अलावा लाखों रुपए ब्लैक मैजिक का साजो-सामान खरीदने पर भी खर्च किए। ब्लैक मैजिक 3 साल तक लगातार चलता रहा और वांग अपने ऑफिस के खाते से पैसे निकालती रही।

बॉयफ्रेंड को देती थी महंगे गिफ्ट, अपने लिए भी लग्जरी बैग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अकाउंटेंट वांग 2018 से ही कंपनी के खाते से पैसे निकाल रही थी। इन पैसों से वह जादू-टोने के अलावा अपने बॉयफ्रेंड के लिए महंगे गिफ्ट आइटम्स भी खरीदा करती थी। साथ ही वह अपने लिए भी लग्जरी ब्रांड्स के बैग, कपड़े खरीदने लगी थी। इसके अलावा वह मेकअप और कॉस्मैटिक्स पर भी मोटी रकम खर्च करती थी।

लग्जरी बैग को देखकर बॉस को उस पर शक हुआ। जांच हुई तो 5 करोड़ रुपए से ज्यादा की चोरी पकड़ी गई। कंपनी की कंप्लेन के बाद आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे नौकरी से भी निकाला जा चुका है। नई उम्र के चीनी युवा काले जादू की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। इनमें से ज्यादातर मामले प्रेम प्रसंग से जुड़े होते हैं।

गायब है बॉयफ्रेंड; न सनम ही मिला, न विसाले खुदा

जिस बॉयफ्रेंड को पाने के लिए लड़की ने इतनी बड़ी चोरी की; उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। चीनी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़की का बॉयफ्रेंड पूरे मामले से खुद को अलग रखना चाहता है और लड़की की गिरफ्तारी के बाद से ही अंडरग्राउंड हो गया है।

बॉयफ्रेंड को पाने की चाहत में अजीबोगरीब हरकत करने लगी लड़की

इससे पहले जनवरी 2013 में भी शंघाई में एक ऐसा मामला सामने आया था। सोशल मीडिया के माध्यम से एक लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड को वापस पाने के लिए काले जादू के तांत्रिक से संपर्क किया।

तांत्रिक ने लड़की से डेढ़ लाख रुपए ऐेंठने के बाद उसे अजीबोगरीब और मुश्किल उपाय बताने शुरू किए। तांत्रिक के कहने पर लड़की कभी घंटों मोमबत्ती के आगे बैठा करती तो कभी सप्ताह भर तक घर से बाहर ही नहीं निकलती। क्योंकि तांत्रिक ने उसे बताया था कि अनुष्ठान के दौरान उसने दिमाग में बॉयफ्रेंड को छोड़कर और कोई ख्याल नहीं आना चाहिए। लड़की की इन अजीबोगरीब हरकतों की वजह से दोस्तों को शक हुआ। पूछने पर लड़की ने सबकुछ सच-सच बता दिया। जिसके बाद आरोपी तांत्रिक पर मुकदमा दर्ज किया गया।

सर्वे में दावा; 80% चीनी युवाओं को जादू-टोने में यकीन

‘नेटईज डेटाब्लॉग’ के 2021 में हुए सर्वे के मुताबिक 30 साल से कम के 80% चीनी युवा जादू-टोने यकीन करते हैं। ये युवा ऐप या किसी गुरु के माध्यम से अपने भविष्य को देखने और सही मुहूर्त जानने के लिए पैसे देने को भी तैयार होते हैं।

इस रिपोर्ट में बताया गया है कि भागदौड़ भरी जिंदगी की वजह से चीनी युवा अंधविश्वास की ओर आकर्षित हुए हैं। बड़ी समस्याओं का समाधान चुटकियों में करने के नाम पर ढोंगी बाबा उन्हें आसानी से अपना शिकार बना लेते हैं।

इसके अलावा चीन में काफी बड़ी आबादी कुंवारे युवाओं की भी है। ये लोग भी ढोंगी गुरुओं के आसान शिकार बनते हैं। चाइनीज वीडियो शेयरिंग ऐप ‘बिलिबिली’ पर ‘राशिफल’ कैटेगरी वाले वीडियो सबसे पॉपुलर थे। इसी तरह राशिफल बताने वाले पॉपुलर चीनी ऐप ‘सेसे’ की सालाना कमाई ढाई करोड़ रुपए से ज्यादा की है।

भारत में काला जादू का बड़ा कारोबार, लोग होते हैं ठगी का शिकार

‘प्रेम विवाह, किया-कराया, वशीकरण, विवाह में रुकावट, पति-पत्नी में अनबन, मनचाहा प्यार, सौतन से छुटकारा, रूठे प्रेमी को मनाना, शादी के लिए माता-पिता को मनाना…’

इस तरह के विज्ञापन शहरों की दीवारों से लेकर अखबार के पन्नों और सोशल मीडिया की स्क्रॉलिंग में नजर आ जाते हैं। काले जादू में खुद को 15 से 20 बार के गोल्ड मेडलिस्ट होने का दावा करने वाले बाबा-पीर चुटकियों में घर बैठे समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हैं और ऐसा करने के नाम पर भोलेभाले लोगों से मोटी रकम भी वसूलते हैं।

ज्यादातर ऐसे मामले ब्लैक मैजिक के होते हैं। कई बार लोग इन बाबाओं के चक्कर में ठगी का शिकार भी होते हैं।

साल की शुरुआत में पुणे में एक महिला को ऐसे ही बाबा की सलाह पर घर वालों ने इंसानी हड्डी का चूरन खिला दिया। दरअसल, महिला को बच्चे नहीं हो रहे थे; ऐसे में बाबा ने अमावस्या की रात इंसानी हड्डी का चूरन खाने की सलाह दी। महिला के घर वालों ने ऐसा किया भी। जबकि गुजरात में एक काले जादू के चक्कर में एक परिवार ने छोटी बच्ची की बलि दे दी।

टिप्पणियाँ