दो इंजीनियर भाइयों ने लाखों की नौकरी छोड़ी फिर अपनी जमा पूंजी लगाकर बनाई छत्तीसगढ़ी में मूवी सरई, मूवी हुई सुपरहिट; कॉमेडी के साथ-साथ 200 प्रेरक वीडियो और 70 गाने भी तैयार किए
बिलासपुर/ शहर के दो युवकों ने इंजीनियरिंग की लाखों के पैकेज की नौकरी छोड़कर यू-ट्यूब पर छत्तीसगढ़ी कंटेंट पर काम किया। कॉमेडी के साथ-साथ 200 प्रेरक वीडियो और 70 गाने तैयार किए। इसके बाद अच्छे कथानक पर छत्तीसगढ़ी मूवी बनाने की तैयारी की। जब किसी ने मदद नहीं की तो अपनी जमा पूंजी लगाकर मूवी सरई तैयार की।
इसे काफी पसंद किया जा रहा है। युवा इंजीनियर आनंद और तुषार मानिकपुरी का लगाव शुरू से छत्तीसगढ़ी भाषा की ओर रहा है। इन्होंने लाखों के पैकेज की नौकरी छोड़कर यू-ट्यूब में छत्तीसगढ़ी भाषा में शिक्षाप्रद कॉमेडी वीडियो बनाने का काम शुरू किया। फिर छत्तीसगढ़ी फिल्म बनाने मन में विचार आया और कहानी भी लिखी।
छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के कई लोगों के पास अपनी कहानी लेकर गए, लेकिन इन्हें न तो प्रोड्यूसर मिला और न ही डायरेक्टर। जब सहयोग नहीं मिला तो खुद प्रोडक्शन, डयरेक्टर और एक्टर की भूमिका निभाई और अपने साथियों के साथ छत्तीसगढ़ फिल्म सरई बनाई, जो आज सुपरहिट हो गई है।
एडीएम से पहचान, सरई से कामयाबी
आनंद ने वीडियो बनाने का काम सितंबर 2017 से शुरू किया और अब तक 200 से अधिक वीडियो बना चुके हैं। उनके डेढ़ मिलियन सब्सक्राइबर हैं। उन्होंने बताया कि यू-ट्यूब में वीडियो बनाने की प्रेरणा आशीष चंदलानी और अमित भडाना के वीडियो देखने से मिली। एडीएम में पहचान मिलने के बाद फिल्म बनाई। इसके लिए एक साल तक संघर्ष किया।
राइटिंग और एडिटिंग खुद करते हैं
आनंद ने बताया कि सरई मूवी की कहानी उन्होंने खुद लिखी है। एडिटिंग भी उन्होंने ही की है। कैमरे के पीछे की पूरी कहानी के लिए उनके इंजीनियर भाई तुषार मानिकापुरी ने सहयोग किया है।

टिप्पणियाँ