आत्मानंद स्कूल के बच्चों ने किया ऐसा डिवाइस तैयार; पेट्रोल पंप संचालक 10 मिली लीटर पेट्रोल भी नहीं चुरा सकेंगे, आईआईटी गुवाहाटी से मिला प्रथम पुरस्कार
भिलाई/ पेट्रोल पंप से पेट्रोल या डीजल डलवाने की स्थिति में अब आपको चोरी की शिकायत नहीं रहेगी। कार या बाइक की टंकी में कितना पेट्रोल गया है, इसकी जानकारी आपकी गाड़ी ही (Petrol diesel theft case ) बताएगी। पेट्रोल पंप संचालक 10 मिली लीटर पेट्रोल भी नहीं चुरा सकेंगे। पंप पर पेट्रोल चोरी की समस्या को देखते हुए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय घुघवा के बच्चों ने विशेष डिवाइस तैयार किया है, जिसे गाड़ियाें की टंकी पर लगाया जा सकेगा। जैसे ही पेट्रोल का नोजल टंकी में पेट्रोल भरना शुरू करेगा, वैसे ही उसका माप गाड़ी के स्पीडोमीटर पर दिखेगा। यह डिवाइस पेट्रोल की मात्रा को डिजिटल रूप से दिखाएगी। इससे कार-बाइक चालक को गाड़ी में डले कम पेट्रोल, डीजल का तुरंत ही पता चल जाएगा।
- कलेक्टर ने भी सराहा
आईआईटी गुवाहाटी से मिले प्रथम पुरस्कार के बाद यह बच्चे मंगलवार को दुर्ग जिला कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा से मिले। बच्चों ने उन्हें प्रोजेक्ट की जानकारी दी। कलेक्टर ने बच्चों का हौसला बढ़ाया।
इससे पूर्व भी इन छात्रोें ने ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी रायगढ़ द्वारा आयोजित नेशनल टेक्निकल फेस्ट 2.0 में भी प्रथम पुरस्कार एवं 15 हजार की राशि जीती थी। विजेताओं को शिक्षा मंत्रालय की ओर से इस प्रोजेक्ट को विकसित करने के लिए अनुदान के अवसर दिए जाएंगे। वहीं ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी इस प्रोजेक्ट को डेवलप करने में तकनीकी सहयोग करेगी। छात्रों के प्रोजेक्ट में आत्मानंद स्कूल घुघवा की शिक्षिका व अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी मारिया जास्मिन का मार्गदर्शन रहा।
लगेगा पेट्रोल गेज
इन होनहार बच्चों ने बताया कि पेट्रोल पंप पर पेट्रोल- डीजल की चोरी होती है। इसलिए इन्हें गाड़ियों की टंकी में फिट करने का विचार आया। यह एक तरह डिजिटल इंडीकेटर है, जिसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह पेट्रोल और डीजल की परफेक्ट रीडिंग दे सकता है। भले ही गाड़ी में पहले से कितना भी पेट्रोल हो, यह सिर्फ नए डलाए पेट्रोल की गणना ही करेगा। छात्रों ने बताया कि अभी तक गाड़ियों में पेट्रोल गेज को डिजिटल करने की जरूरत है।
मिला प्रथम पुरस्कार
इस मॉडल को उन्होंने मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन इनोवेशन सेल (एमआईसी) एवं ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (आईसीटीइ) की ओर से इनोवेशन डिजाइन एंड एंटरप्रेन्योरशिप ***** कैंप में प्रस्तुत किया है। यह आयोजन 22 से 26 जून को देश के 6 जोन में किया गया था। छात्र आयुष जोशी और पुर्वेश निषाद के द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट स्मार्ट व्हीकल का चयन आईआईटी असम गुवाहाटी के लिए हुआ।विभिन्न राज्यों के 60 टीम के 150 छात्रों नें भाग लिया।

टिप्पणियाँ