- राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने कहा- पिछली सरकारों ने मछुआरा समाज के साथ किया अन्याय।
बिलासपुर/ निषाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने बिलासपुर में बड़ा बयान देते हुए कहा है कि जिस तरह से उत्तरप्रदेश में पार्टी ने भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ी और कांग्रेस को सबक सिखाया। उसी तरह छत्तीसगढ़ विधानसभा में भी पार्टी BJP के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। समाज के लोगों को एकजुट करने के लिए पार्टी की तैयारी चल रही है। इसी कड़ी में निषाद समाज का सम्मेलन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर अब कुछ महीने का वक्त बचा है। ऐसे में राष्ट्रीय दलों के साथ ही क्षेत्रीय दल पूरी ताकत के साथ जनता के बीच अपनी आवाज बुलंद करने का प्रयास कर रहे हैं। अलग-अलग पार्टी के लोग जनता को अपने पक्ष में लाने और संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुट गए हैं। ऐसे में जातीय क्षेत्रीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए लगातार पार्टियों द्वारा अलग-अलग आयोजनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने और चुनाव में जीत का मंत्र फूंकने के लिए बड़े नेता बिलासपुर पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में निषाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद सोमवार को बिलासपुर पहुंचे, जहां संभाग भर से आए कार्यकर्ताओं और निषाद समाज के लोगों से मुलाकात करते हुए सभा को संबोधित किया।
- BJP के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने किया ऐलान
डॉ. संजय निषाद ने न केवल चुनावी बिगुल फूंका है। बल्कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के साथ चुनाव लड़ने का बड़ा ऐलान भी किया है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र में निषाद पार्टी का भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के साथ गठबंधन है, जिसे जारी रखते हुए 2023 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी भारतीय जनता पार्टी के साथ मैदान पर उतरेगी। डॉ. निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर तालमेल के साथ भारतीय जनता पार्टी और निषाद पार्टी काम कर रही है, उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी आगामी 2023 विधानसभा चुनाव एक साथ लड़कर विजय पाएंगे।
- एक तरफ ताला लगवाएंगे और दूसरी तरफ नौटंकी, ऐसा नहीं चलेगा
डॉ. संजय निषाद ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार द्वारा श्रीराम पर किए जा रहे कार्यों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक तरफ उत्तरप्रदेश में राम भगवान के मंदिर में ताला लगवाएंगे और उनकी सरकार राम भक्तों पर गोली चलवाएंगे। वहीं, दूसरी तरफ श्रीराम के नाम पर नौटंकी करेंगे, ऐसा नहीं चलेगा।
- सम्मेलन के बहाने निषाद समाज पार्टी ने किया शक्ति प्रदर्शन।
- श्रीराम ने निषाद राज को गले लगाए, वैसे ही मोदी और योगी ने गले लगाया
उन्होंने कहा कि जिस तरह से भगवान राम ने अपने मित्र निषाद राज को गले लगाया था। उसी तरह आज निषाद राज के वंशज डॉ. संजय निषाद को PM मोदी और CM योगी ने गले लगाया है। उत्तरप्रदेश में जिस तरह से मछुआरों का कल्याण हो रहा है उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी काम होगा।
- अनुसूचित जनजाति वर्ग का दर्जा देने की मांग
डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मांझी और मंझवार अनुसूचित जनजाति की सूची में हैं। हम 578 जातियों में बंट गए। हम देश में आजादी की लड़ाई लड़ने वाले उजड़े हुए परिवार के सदस्य हैं। बेइमान लोगों के हाथ में सत्ता आ गई और देश आजाद होने के बाद 70 साल तक हमें धोखे में रखा गया और पिछड़ी जाति के वर्ग में रखा गया। उन्होंने अनुसूचित जाति का दर्जा देकर प्रमाण पत्र देने की मांग करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने समाज के लोगों से वादा कर वोट हासिल किया और अब वादा खिलाफी की है।
टिप्पणियाँ