सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

साउथ के थलापति विजय हुए 49 साल के, रजनीकांत के डायलॉग की बदौलत मिली फिल्म आज रजनीकांत से ज्यादा फीस लेते हैं विजय; ओटोग्राफ देते हुए फैन से हो गया प्यार

साउथ के थलापति विजय आज 49 साल के हो चुके हैं। ये वो हैं जिनकी फिल्म रिलीज पर तमिलनाडु में जश्न मनाया जाता है। कभी तंगहाली में गुजारा करने वाले विजय रजनीकांत के फैन हुआ करते थे, लेकिन आज ये रजनीकांत से भी ज्यादा फीस लेने वाले भारत के हाईएस्ट पेड एक्टर हैं। विजय की फिल्म मास्टर भारत की सबसे ज्यादा हैशटैग में इस्तेमाल होने वाली फिल्म है। जब 2018 की फिल्म सरकार में विजय ने सरकार का विरोध किया तो उनके फैंस ने उनके नक्शेकदम पर चलते हुए सरकार से मिलने वाला हर मुफ्त सामान तोड़ना शुरू कर दिया।

2 साल की उम्र में गुजर गई बहन

22 जून 1974 को चेन्नई में जन्मे विजय का पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उनके पिता एस. ए. चंद्रशेखर तमिल डायरेक्टर हैं। विजय के बाद उनकी छोटी बहन विद्या का जन्म हुआ, लेकिन वो महज 2 साल की उम्र में ही गुजर गईं। बचपन में विजय अपनी शरारतों से हर किसी को परेशान किया करते थे, लेकिन बहन की मौत का उन पर बुरा असर पड़ा और वो गुमसुम रहने लगे।

पिता का काम बंद हुआ तो मां की कमाई से सुधरे हालात

जब विजय के पिता को काम मिलना बंद हुआ तो घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई। मां का काम भी ठीक-ठाक नहीं चल रहा था। ऐसे में विजय की मां ने महज 100 रुपए प्रतिदिन पर गाना शुरू किया और तंगी में परिवार ने गुजारा किया। कुछ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की मदद से विजय को 10 साल की उम्र में 1984 की तमिल फिल्म वेत्री में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम मिला। विजय की पहली फीस 500 रुपए थी। बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट चंद फिल्में करने के बाद जब विजय 18 के हुए तो उन्होंने अपने पिता से पूछा कि क्या वो उन्हें फिल्मों में हीरो बनाकर लॉन्च करेंगे, लेकिन पिता उन्हें लॉन्च नहीं कर सके।

रजनीकांत के डायलॉग की बदौलत मिली फिल्म

बचपन से ही विजय रजनीकांत के बहुत बड़े फैन थे। बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट विजय को रजनीकांत के साथ 1985 की फिल्म नान सिगप्पू मणिथन में भी काम करने का मौका मिला था। एक दिन विजय की मुलाकात डायरेक्टर एस.ए. चंद्रशेखर से हुई। विजय ने मिलते ही कह दिया कि वो हीरो बनना चाहते हैं। आगे विजय ने वहीं उन्हें रजनीकांत की फिल्म अन्नामलाई (1992) का डायलॉग सुना दिया और हुबहू रजनीकांत के अंदाज में पेश किया। उनके टैलेंट से इंप्रेस होकर चंद्रशेखर ने उन्हें अपनी फिल्म नालय्या थीरपू (1992) में हीरो का रोल दे दिया।

18 साल की उम्र में हीरो बने विजय को 1996 की फिल्म पूवे उनक्कागा से स्टारडम मिला। 1992 से लेकर अब तक विजय कुल 66 फिल्मों में नजर आ चुके हैं। साउथ स्टार विजय को थलापति का टाइटल मिला हुआ है।

रजनीकांत से ज्यादा फीस लेते हैं विजय

विजय ने अपनी फिल्म मास्टर के लिए 100 करोड़ रुपए फीस चार्ज की थी, जबकि रजनीकांत ने फिल्म दरबार के लिए 90 करोड़ रुपए चार्ज किए थे। इसी साल रिलीज हुई फिल्म वारिसु के लिए विजय 150 करोड़ फीस लेकर भारत के हाईएस्ट पेड एक्टर बन चुके हैं।

सेट पर मिलने आई फैन से हुआ प्यार

विजय की को स्टारडम दिलाने वाली फिल्म पूवे उनक्कागा थी। ये फिल्म भारत ही नहीं बल्कि विदेश में भी काफी पसंद की गई थी। फिल्म की कामयाबी के बाद विजय ने दूसरी फिल्म साइन कर ली, जिसकी शूटिंग चेन्नई की फिल्म सिटी में चल रही थी। एक दिन UK से विजय की एक फैन खासतौर पर उनसे मिलने पहुंची। जब मिलने का मौका मिला तो उस फैन ने विजय की फिल्म पूवे उनक्कागा की तारीफ की।

वो फैन ही संगीता सोर्नालिंगम है, जिनसे विजय ने शादी की है। दरअसल संगीता श्रीलंका के नामी बिजनेसमैन की बेटी हैं, जिनका परिवार UK में रहता था। संगीता काफी पहले से विजय की बड़ी फैन थीं।

संगीता से मुलाकात के बाद किया लंच के लिए इनवाइट

बतौर फैन मिल रहीं संगीता की खुशी देखने के बाद विजय ने उन्हें और उनके परिवार को लंच के लिए अपने घर बुला लिया। संगीता ने बिना समय गंवाए हां कह दिया और बताई हुई तारीख पर अपने परिवार को लेकर विजय के घर पहुंच गईं। पूरी मुलाकात के दौरान संगीता विजय की फैन की तरह ही बर्ताव करती रहीं और विजय के परिवार वालों ने उनकी अच्छी खातिरदारी की। उस समय कोई नहीं जानता था कि यही फैन एक दिन विजय की लाइफ पार्टनर बन जाएगी।

फैन से प्यार कर बैठे विजय, पेरेंट्स से ली थी इजाजत

अपने फैन मूमेंट के बाद संगीता परिवार के साथ घर लौट गईं। वो कुछ दिनों के लिए चेन्नई में रहकर UK लौटने वाली थीं। विजय ने एक दिन संगीता को कॉल किया और दोबारा घर पर इनवाइट किया। इस बार विजय के पेरेंट्स समझ चुके थे कि वो संगीता को चाहते हैं। पहली मुलाकात में ही विजय के परिवार को भी संगीता पसंद आ गई थीं।

दूसरी बार संगीता के पेरेंट्स उनके साथ नहीं आए, क्योंकि वो लौट चुके थे। जैसे ही संगीता विजय के घर पहुंची तो इस मुलाकात में विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने संगीता से पूछ लिया कि क्या वो विजय से शादी कर उनके घर की बहू बनेंगी। इस बार भी संगीता ने बिना समय गंवाए ये प्रस्ताव स्वीकार कर लिया।

संगीता की मर्जी जानने के कुछ दिनों बाद विजय अपने पेरेंट्स के साथ उनके परिवार से मिलने UK गए और बात पक्की हो गई।

विजय और संगीता ने 25 अगस्त 1999 को शादी कर ली, जिससे उन्हें दो बच्चे संजय जेसन और दिव्या साशा हैं।

मास्टर के हीरो ने गरीब बच्चों के लिए बनवाया स्कूल

2021 की फिल्म मास्टर में टीचर का रोल प्ले करने के बाद विजय ने चेन्नई के थिरुपौरूर में गरीब बच्चों के लिए एक स्कूल बनवाया है। इस स्कूल में विजय बच्चों को मुफ्त शिक्षा मुहैया करवा रहे हैं।

एक पूरा गांव है मास्टर का फैन

तमिलनाडु का गांव सिरूकूडल विजय की फैन फॉलोइंग के चलते अलग पहचान रखता है। इस गांव का हर शख्स विजय का फैन है। गांव के कई लोग विजय के कैरेक्टर और उन पर अपने बच्चों का नाम रख चुके हैं। इस गांव में विजय का एक स्टेच्यू भी है। विजय के पेरेंट्स भी इस गांव से बुलावा आने पर यहां जा चुके हैं। इस गांव में विजय का फैन क्लब के हेड टी. पार्थीबन का कहना है कि अगर विजय को पता चले कि इस गांव से उनसे कोई मिलने पहुंचा है तो वो तुरंत उसे मिलने घर के अंदर बुला लेते हैं।

विजय की फिल्म देखकर फैंस ने तोड़े सामान

2018 में रिलीज हुई फिल्म सरकार में विजय सरकार का विरोध करते दिखे थे। इस फिल्म के एक सीन में विजय सरकार द्वारा मिलने वाला मुफ्त सामान तोड़ते दिखे थे। फिल्म रिलीज के बाद ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम पार्टी के लोगों ने फिल्म को पूर्व CM जे.जयललिता से जोड़ते हुए मेकर्स पर वो सीन हटाने का दबाव बनाया। लंबे विवाद के बाद मेकर्स ने फिल्म से वो सीन डिलीट कर दिया, लेकिन ये सरकार के हस्तक्षेप से हुआ ये बदलाव फैंस को पसंद नहीं आया।

सीन डिलीट होने के बाद फैंस विजय का सपोर्ट कर सरकार का विरोध करने लगे और असल में सरकार की ओर से मिला मिक्सर, लैपटॉप और दूसरा सामान तोड़कर वीडियो बनाने लगे। कई लोगों ने अपने घर के कई सामानों को आग में झोंक दिया।

कोविड के बाद मास्टर लाई थी थिएटर्स की रौनक वापस

कोविड के चलते फिल्म मास्टर कई महीनों तक टली थी। आखिरकार फिल्म को 13 जनवरी 2021 को रिलीज किया गया। उस समय महज 5% ऑक्यूपेंसी में ही थिएटर खुले थे, इसके बावजूद फिल्म ने पहले ही दिन 40 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। ट्विटर की एक सर्वे रिपोर्ट के अनुसार मास्टर फिल्म का हैशटैग फिल्म से जुड़ा सबसे ज्यादा इस्तेमाल हुआ हैशटैग था। #MasterSelfie भारत में सबसे ज्यादा रीट्वीट हुआ हैशटैग था।

420 करोड़ के मालिक हैं थलापति विजय

साउथ एक्टर विजय फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट से सालाना 120 करोड़ रुपए कमाई करते हैं। उनकी कुल नेटवर्थ 420 करोड़ रुपए है। विजय अपने परिवार के साथ चेन्नई स्थित बीच होम में रहते हैं। वहीं उनके कार कलेक्शन में रोल्स रॉयस घोस्ट भी शामिल है, जिसकी कीमत करीब 2.6 करोड़ रुपए है। ये गाड़ी उन्होंने इंग्लैंड से इंपोर्ट करवाई है। इसके अलावा उनके कलेक्शन में BMW X5 और X6, ऑडी A8 L, रेंज रोवर, फोर्ड मस्टंग, वॉल्वो XC90, मर्सडीज बेंज GLA भी है।

डोनेशन के झगड़े में रजनीकांत के फैन ने की थी विजय के फैन की हत्या

कोरोना महामारी के बीच सभी हस्तियों ने बढ़-चढ़कर कोरोना रिलीफ फंड में दान किया था, लेकिन ये मुद्दा विजय के फैन की मौत का कारण बन गया। दरअसल, 23 अप्रैल 2020 में तमिलनाडु के मरक्कानम गांव में दो पड़ोसियों की इस बात पर बहस शुरू हो गई कि रजनीकांत ने ज्यादा दान दिया है या विजय ने। एम. युवराज नाम का लड़का विजय का बहुत बड़ा फैन था वहीं दिनेश बाबू रजनीकांत को पूजते थे। बातों-ही-बातों में बहस होने लगी और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। ये लड़ाई इतनी बढ़ गई कि दिनेश बाबू ने एम युवराज का कल्त कर दिया। बता दें कि विजय ने कोविड रिलीफ फंड में 1.3 करोड़ रुपए दान किए थे, जबकि रजनीकांत ने 50 लाख रुपए दिए थे।

अपने माता-पिता के खिलाफ कर चुके हैं केस

थलापति अपने पेरेंट्स समेत 11 लोगों के खिलाफ अपने नाम का गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर शिकायत दर्ज करवा चुके हैं। दरअसल, विजय राजनीति से दूर रहना पसंद करते हैं, हालांकि उनके पिता एस. ए. चंद्रशेखर ने उनके नाम पर राजनीतिक पार्टी ऑल इंडिया थलापति विजय मक्कल इयक्कम बना ली। इस पार्टी के जनरल सेक्रेटरी भी विजय के पिता ही हैं। जब विजय को पता चला कि उनके नाम का इस्तेमाल कर लोगों को पार्टी से जोड़ा जा रहा है तो उन्होंने पेरेंट्स समेत 11 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। बता दें कि पार्टी के कार्यालय में विजय का एक विशाल स्टेच्यू भी बनाया गया था।

टिप्पणियाँ