नई दिल्ली/ सुंदर दिखना भला किसे पसंद नहीं होता। लोग सुंदर दिखने के लिए हजारों लाखों रुपए खर्च करने के लिए भी तैयार हो जाते हैं। लेकिन कई बार रूपए-पैसे, समय और मेहनत के बाद सुंदर दिखने के लिए कराए गए काम चेहरा बिगाड़ देते हैं।
ऐसा ही हुआ है मुंबई की एक लड़की के साथ। लड़की ने शहर के एक नामी ब्यूटी पार्लर से फेशियल कराया था। फेशियल भी खास किस्म का था। जिसके लिए महिला ने पूरे 17,500 रूपए चुकाए। लेकिन इस फेशियल ने महिला के पूरे चेहरे को जला दिया।
महिला के पूरे चेहरे पर जलने और फफोले के निशान पड़ गए। ये निशान परमानेंट हैं। जो अब पूरी उम्र उसके साथ रहेंगे। चेहरा खराब होने के बाद महिला ने पार्लर के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
- हाइड्रा फेशियल ने खराब किया चेहरा
मुंबई के एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में यह घटना हुई है। पीड़ित महिला ने अंधेरी इलाके में आकर इस लग्जरी ब्यूटी पार्लर में अपना हाइड्रा फेशियल कराया था।
बता दें कि हाइड्रा फेशियल एक खास तरह का ब्यूटी ट्रीटमेंट है। जिसमें चेहरे को साफ कर हाइड्रेट किया जाता है। साथ ही कई तरह के एंटी-ऑक्सीडेंट्स सीरम लगाए जाते हैं। इस लंबे प्रॉसेस से चेहरे को भीतर तक साफ किया जाता है।
इस तरह के ब्यूटी ट्रीटमेंट के लिए लाइसेंस की जरूरत होती है। इसे खास विशेषज्ञों की देखरेख में ही किया जाता है।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के होंठ सर्जरी की वजह से खराब हो गए।
कुछ महीने पहले अमेरिका की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जेसिका बर्को ने अपने होंठ की सर्जरी कराई। जेसिका को अपने होंठ कम सुंदर लगते थे और वो इनको सही शेप में लाना चाहती थी।
इसके लिए जेसिका ने लिप फिलर्स (lip fillers) सर्जरी कराई। ये सर्जरी लिप को मोटा और खूबसूरत बनाने के लिए कराई जाती है।
लेकिन जेसिका की ये सर्जरी नाकाम रही और उनके होंठ फूलकर गुब्बारे की तरह हो गए। जेसिका जब सर्जरी करने वाले डॉक्टर के पास गईं तो उसने पेन किलर देकर वापस भेज दिया।
दूसरी ओर, उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल जाना पड़ा।
हेयर ट्रांसप्लांट के बाद मौत और सिर पर गंभीर जख्म के कई मामले सामने आए हैं।
अभी कुछ महीने पहले ही राजस्थान के दौसा में एक युवक की शादी होनी थी। युवक के सिर पर कम बाल थे, जिसे वह शादी से पहले ठीक कराना चाहता था।
इसके लिए दोस्तों में उसे हेयर ट्रांसप्लांट की सलाह दी। हेयर ट्रांसप्लांट करवाने वाले युवक की दूसरे दिन ही मौत हो गई। उसके सिर पर गंभीर जख्म आए थे।
इसके अलावा भी देश के कई हिस्सों से हेयर ट्रांसप्लांट के बाद मौत की खबर सामने आई। कई जगहों से हेयर ट्रांसप्लांट के बाद पहले से मौजूद बाल गिरने और सिर पर फफोले पड़ने की भी खबर सामने आ चुकी है।
शादी के दिन टैनिंग सैलून में दुल्हन की मौत
ब्यूटी ट्रीटमेंट से जान जाने की एक घटना पिछले साल न्यूजीलैंड में भी हुई। यहां एक दुल्हन अपने शादी के दिन टैनिंग सैलून गई।
ट्रीटमेंट के दौरान ही उसकी जान चली गई। इस मामले में दुल्हन के घरवालों ने टैनिंग सैलून पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। 30 साल की दुल्हन अपने चेहरे के रंग को थोड़ा और निखारना चाहती थी। लेकिन यही उसकी मौत की वजह बनी।
दुनिया की भूख मिटा सकता है कॉस्मेटिक्स मार्केट
दुनिया भर में एक तरह ब्यूटी ट्रीटमेंट से लोगों की जान जा रही है तो वहीं दूसरी ओर इसका कारोबार दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है।
140 करोड़ आबादी वाले भारत का सालाना बजट 2022-23 के लिए 39 लाख करोड़ रुपए है। जबकि दुनिया भर के लोग हर साल 534 बिलियन डॉलर, यानी लगभग 43.5 लाख करोड़ रुपए के कॉस्मेटिक्स और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स खरीद लेते हैं। वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के मुताबिक यह रकम इतनी ज्यादा है कि इससे पूरी दुनिया की भुखमरी खत्म हो सकती है।
वैसे ‘खूबसूरती’ भी अपने आप में एक रहस्य है। दुनिया भर में इसके अलग-अलग पैमाने हैं। चीन में जिस पैमाने पर किसी को खूबसूरत माना जाता हो उसी पैमाने पर संभव है कि अफ्रीका में उसे कम सुंदर माना जाए।

टिप्पणियाँ