जल जीवन मिशन के हर काम में गड़बड़ी- फंड की कोई कमी नहीं फिर भी ठेकेदार फंड की कमी का रोना रो रहे, अधूरा छोड़ रहे निर्माण
खैरागढ़/ जल जीवन मिशन के कार्यों में लेटलतीफी हो रही है। जिला मुख्यालय से लगे हुए खजरी में चार महीने से काम बंद है। ठेकेदार ने सिर्फ टंकी का काम किया है। एक तरफ अधिकारी फंड की कमी न होने की बात कह रहे हैं तो दूसरी ओर ठेकेदार फंड की कमी का रोना रो रहे हैं। गांवों में जल जीवन मिशन के प्रत्येक काम में गड़बड़ी सामने आ रही है।
पीएचई के एसडीओ टीए खान ने बताया कि जल जीवन मिशन का काम पूरा होने के सालभर बाद तक मैंटेनेंस की जवाबदारी कार्य एजेंसी की है। जहां कमियां पाई जा रही है, वहां ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है। फंड की कोई कमी नहीं है।
जहां काम रोका गया है, उसे जल्द से जल्द पूरा करने नोटिस जारी किया गया है, जो ठेकेदार काम नहीं कर रहे हैं उनका बिल रोका जाएगा। सभी कामों की मॉनिटरिंग की जा रही है। खजरी में पानी टंकी का निर्माण करने वाले भिलाई के ठेकेदार विशाल चौधरी ने बताया कि पैसा नहीं मिला है। जिसकी वजह से काम नहीं हो रहा है।
इन गांवों में समस्या: कांचरी में टंकी बनाई, पाइप लाइन भी बिछा पर घटिया क्वालिटी की वजह से पाइप लाइन फूट गई। टेकापार में टंकी तैयार,पुताई भी की पर बोर कनेक्शन नहीं हुआ है। काम होली के बाद से बंद है। कातलवाही में टंकी तैयार है। पाइप लाइन नहीं है, काम तीन माह से बंद है।
- बिना मौका मुआयना के ही कर दिया गया भुगतान
अधिकारियों के बिना मौका मुआयना किए ठेकेदारों को कमीशन के लालच में भुगतान कर दिया। काम को लेकर कोई व्यवस्थित सेटअप तैयार नहीं किया गया। जिसकी कहीं टंकी बनीं है तो कहीं पाइप लाइन बिछी है तो फिर आखिर ठेकेदारों को काम पूरा किए बिना भुगतान ही क्यों किया गया।

टिप्पणियाँ