फिल्म प्रमोशन के लिए खुद ही सड़क पर उतर जाया करते थे आमिर, पोस्टर लगाने से आमिर पर भड़का गया था एक ऑटो ड्राइवर
आमिर खान का सालों पुराना वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो मुंबई की सड़कों पर अपनी फिल्म का पोस्टर चिपकाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि आमिर कैसे ऑटो रिक्शा पर फिल्म 'कयामत से कयामत तक' के पोस्टर चिपका रहे हैं। यहां तक कि वो रिक्शा चालकों से फिल्म देखने के लिए निवेदन करते हैं।
![]() |
| आमिर पोस्टर लगाते हुए |
उनके साथ फिल्म के को-एक्टर राज जुत्शी भी दिखाई दे रहे हैं। कहा जाता है कि पोस्टर चिपकाने के दौरान एक ऑटो ड्राइवर आमिर से नाराज हो जाता है और झगड़ने लगता है। बाद में आमिर ने उसे समझा बुझाकर शांत कराया था।
प्रमोशन के लिए खुद ही सड़क पर उतर गए थे आमिर खान
कयामत से कयामत तक 1988 में रिलीज हुई थी। आमिर खान को इसी फिल्म से शोहरत मिली थी। फिल्म रिलीज के पहले उन्हें कोई नहीं जानता था। इसी वजह से आमिर को खुद ही फिल्म के प्रमोशन की बागडोर संभालनी पड़ी। वो अपने दोस्त और को-स्टार राजेंद्रनाथ जुत्शी (राज जुत्शी) के साथ मुंबई की सड़को पर फिल्म के पोस्टर लेकर निकल पड़े।
इस दौरान आमिर कहते हैं, ' मैं कोशिश करता हूं कि अपने दोस्तों को फिल्म देखने के लिए मना लूं। टैक्सी और ऑटो ड्राइवर ये पूछते थे कि कौन सी फिल्म की बात हो रही है। वो एक्टर का भी नाम पूछते थे, फिर मैं उन्हें बताता था कि मैं आमिर खान हूं। फिर वो पूछने लगते थे कि आमिर खान कौन है। इस तरह हमने लोगों को अपने बारे में बताने की पूरी कोशिश की।
पोस्टर चिपकाने से नाराज हो गया था ऑटो ड्राइवर
लहरें की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कयामय से कयामत तक का बजट काफी कम था। इसलिए इसका प्रमोशन भी आज की फिल्मों की तरह नहीं हो पाया था। इसी को देखते हुए आमिर खुद सड़क पर उतर कर पोस्टर चिपकाते थे। ऐसा देख कर आमिर का मजाक भी उड़ाया जाता था।
एक बार तो एक ऑटो ड्राइवर आमिर पर बुरी तरह नाराज हो गया था। उसको इस बात से आपत्ति थी कि आमिर ने उसकी ऑटो पर पोस्टर क्यों चिपकाया। खैर उस ऑटो वाले को पता नहीं था कि वो जिस शख्स से उलझ रहा है वो आगे चलकर देश का बड़ा स्टार बनेगा।
फिल्म करने के लिए मिली थी 1000 रुपए फीस
आमिर खान की पहली फिल्म 'होली' थी लेकिन इससे आमिर को खास पहचान नहीं मिल पाई थी। इसके बाद 1988 में उनके चाचा मंसूर खान की फिल्म कयामय से कयामत तक ने उन्हें स्टार बनने की सीढ़ी दे दी।
ये फिल्म बहुत बड़ी हिट साबित हुई थी। फिल्म को 7 फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले थे। खुद आमिर को बेस्ट मेल डेब्यू का अवॉर्ड मिला था। ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को दिए एक इंटरव्यू में आमिर ने बताया था कि इस फिल्म के लिए उन्हें 1000 रुपए की फीस मिली थी।

टिप्पणियाँ