भुवनेश्वर/भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को ओडिशा के पुरी में झामू यात्रा में पूजा की। इस दौरान वह नंगे पांव जलते हुए कोयले पर लगभग 10 मीटर तक दौड़े। इसका 24 सेकेंड का वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।
वीडियो में अंगारों पर दौड़ते समय उनके चेहरे पर मुस्कान नजर आ रही है। ग्रामीण भी उन्हें देखकर काफी खुश नजर आ रहे हैं। पूजा के बाद पात्रा ने कहा कि उन्होंने लोगों के कल्याण और क्षेत्र में शांति के लिए भी मां से आशीर्वाद लिया।
भाजपा नेता ने लिखा- अग्नि पर चलकर देवी मां का आशीर्वाद लिया
पात्रा ने मंगलवार को ट्विटर पर लिखा- शक्ति पूजा हमारी सनातन संस्कृति एवं परंपरा का अहम हिस्सा है, पुरी जिले के समंग पंचायत के रेबती रमण गांव में आयोजित यह दण्ड और झामू यात्रा इसी प्राचीन परंपरा का प्रतीक है।
इस तीर्थयात्रा में अग्नि पर चलकर मां की पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद प्राप्त कर, खुद को धन्य अनुभव कर रहा हूं’।
झामू यात्रा की परंपरा में खुद को पीड़ा पहुंचानी होती है
झामू यात्रा की परंपरा के मुताबिक यह एक ऐसी तपस्या है, जिसमें भक्त अपनी मनोकामनाओं को पूरा करने और देवी मां को प्रसन्न करने के लिए आग पर चलते हैं या शरीर पर कील चुभोकर खुद को पीड़ा देते हैं।

टिप्पणियाँ