कृषि विभाग में साढ़े पांच करोड़ की राशि में गड़बड़ी का मामला - एडवांस चेक के माध्यम से कई निजी फर्मो को बांटे
बैकुंठपुर।
बीते 10 साल से कोरिया जिला मुख्यालय में संचालित कृषि विभाग में चल रहे फर्जीवाड़ा का खुलासा आरटीआई से हुआ। चार डीडीए समेत कृषि विभाग के कर्मियों ने करीब 5 करोड़ 60 लाख एडवांस चेक के माध्यम से कई निजी फर्मो को बांट दिए। मामले में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों-कर्मियों समेत फर्माे के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग सिटी कोतवाली समेत कलेक्टर और एसपी से की है। आरटीआई से मिली जानकारी से यह बात सामने आई है कि कृषि विभाग में वर्ष 2013-14 से लेकर अब तक 4 उप संचालक बदले गए हैं, लेकिन चारों डीडीए द्वारा एक तरह से शासकीय राशि में गड़बड़ी की गई।
इसके तहत 5 करोड़ 65 लाख रुपए एडवांस चेक के माध्यम से जारी कर दिए गए। इतनी बड़ी राशि में गड़बड़ी करने वाले 2013-14 से लेकर अबतक चार डीडीए एचएस राजपूत, एमजी श्याम कुंवर, डीके रामटेके और्वे, पीएस दीवान समेत 17 लोगों द्वारा फर्जीवाड़ा किया जा रहा था। इस राशि में कई फर्जी फर्मो के नाम पर चेक जारी किए गए हैं, जिनके खिलाफ भी जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।

टिप्पणियाँ