सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

गरीबों के लिए बनाए गए अटल आवास योजना वाले मकान रसूखदारों ने लिए, 62 हजार में लेकर 12 लाख तक में बेच रहे

 बिलासपुर/

अटल आवास योजना के तहत हाउसिंग बोर्ड ने गरीबों के लिए तखतपुर के ग्राम िनरतू में 300 मकान बनाकर 62-62 हजार में आवंटित कर दिया, लेकिन मकान गरीबों के बजाय रसूखदारों ने ले लिया। 50% मकानों पर रसूखदारों का कब्जा है, जो सस्ते में लेकर अब ऊंचे दाम पर बेच रहे हैं। नियम के खिलाफ किसी ने दो किसी ने चार मकान ले लिए और पंचायत की जमीन पर कब्जा कर अपने हिसाब से मकान भी बना लिए। अब इन मकानों की कीमत 5 से 11 लाख तक हो गई है।

जो मकान जर्जर है, उनकी कीमत 5 लाख और जो मकान अच्छे हैं, उनकी कीमत 12 लाख रुपए तक है। मकान बेचने के बाद रजिस्ट्री के लिए 5 साल इंतजार करना पड़ रहा है। जहां मकान बने हैं, वहां दलाल सक्रिय हैं, जो मकानों का सौदा करते हैं। यहां कुछ खाली प्लॉट भी हैं, जो हाउसिंग बोर्ड के हैं। इन पर भूमाफियाओं की नजर है।

हाउसिंग बोर्ड ने 2009-10 में ग्राम निरतू में अटल आवास योजना के तहत 300 मकान गरीब वर्ग के लोगों के लिए बनाया। एक मकान 560 वर्गफीट पर बना है। विभाग ने गरीबों को 62-62 हजार में मकान आवंटित किया। मौके पर 50 प्रतिशत मकानों में लोग रह रहे हैं और 50 प्रतिशत मकान जर्जर हो चुके हैं, जहां नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। यहां रोड बनते ही जर्जर मकानों के रेट भी बढ़ गए।

कमर्शियल प्लॉट पर भू-माफियाओं की नजर

10 ईडब्ल्यूएस क्वार्टर साइज के प्लॉट खाली हैं। इनमें से अधिकांश पर वहां रहने वालों ने कब्जा कर रखा है। 7000 वर्गफीट का कमर्शियल प्लॉट खाली है, जिस पर भू-माफियाओं की नजर है।

क्या है योजना..?

गरीबों को पक्के मकान देने के लिए 560 वर्ग फीट के भूखण्ड पर दो कमरे, रसोई, शौचालय बनाए गए हैं। निरतू में निर्माण किया गया है।

टिप्पणियाँ