सरकारी निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार- बलरामपुर में निर्माणाधीन एएनएम सेंटर का सांचा खुलते ही छत और लेंटर गिरकर धराशाई
बलरामपुर/ बलरामपुर में कराए जा रहे सरकारी निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिले के पचपेड़वा विकास खंड के हरखड़ी गांव में निर्माणाधीन एएनएम सेंटर का छत और लिंटर भर भराकर गिर जाने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्यदाई संस्था और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बताया जा रहा है कि पचपेड़वा के हरखड़ी गांव में 30 लाख से अधिक की लागत से एक एएनएम सेंटर का निर्माण कराया जा रहा था। पिछले दिनों छत और लिंटर का सांचा जैसे ही खोला गया। छत और लिंटर भर भरा कर गिर गए। इस मामले की शिकायत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी तुलसीपुर के नेतृत्व में 3 सदस्यीय जांच टीम का गठन करते हुए रिपोर्ट तलब की। जांच टीम द्वारा निर्माण सामग्री मानक विहीन पाया गया और जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी महेंद्र कुमार ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया
एएसपी बोली- मामले की हो रही जांच
अपर पुलिस अध्यक्ष नम्रता श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया की पचपेड़वा थाने में हरखडी गांव में निर्माणाधीन एएनएम सेंटर में की गई गड़बड़ी के खिलाफ अवर अभियंता द्वारा कार्यदाई संस्था उतर प्रदेश प्रोजेक्ट लिमिटेड और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। उन्होंने बताया की मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्य इकठ्ठे किए जा रहे हैं और विधिक कार्यवाही की जा रही है।

टिप्पणियाँ