राजनांदगांव/ छुईखदान-दनिया मार्ग निर्माण के लिए ठेकेदार एनसी नाहर के द्वारा 18 एकड़ सरकारी जमीन पर मुरुम का अवैध उत्खनन के लिए मौजूदा और उस समय पदस्थ रहे अफसर भी दोषी पाए जाएंगे। इस मामले में ठेकेदार नाहर पर जहां 3 करोड़ 26 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाई गई है, वहीं राजस्व विभाग के आठ अफसरों को कलेक्टर डॉ.जगदीश सोनकर ने नोटिस जारी की है।
तहसीलदार, आर आई और पटवारियों से पूछा गया है कि उस समय जब अवैध उत्खनन हो रहा था, तब मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की गई। सप्ताह भर में नोटिस का जवाब मांगा गया है। आगे कड़ी कार्रवाई होने की बात कही जा रही है।
अवैध उत्खनन के मामले में छुईखदान के वर्तमान तहसीलदार नेहा ध्रुव, उनके पूर्व मोक्षदा देवांगन और प्रीतम साहू के अलावा वर्तमान आर आई योगेश धनगुन, पूर्व में पदस्थ रही वैशाली नायडू (20 मार्च से अगस्त 2020 तक), उनके पूर्व योगेश धनगुन (20 नवंबर 2021 तक) तक पदस्थ रहे।
वहीं वर्तमान पटवारी धर्मेंद्र पटेल उनके पूर्व के पदस्थ रवि चंद नेताम को भी जवाब-तलब किया गया है। इन राजस्व विभाग के अफसरों को कड़े शब्दों में नोटिस भेजी गई है। इन अफसरों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
जानिए, ये है पूरा मामला
छुईखदान-दनिया मार्ग के निर्माण में ठेकेदार नाहर ने मुरुम की चोरी की। शिकायत के बाद जांच की गई तो 18 एकड़ सरकारी जमीन पर मुरुम का अवैध उत्खनन पाया गया। जांच प्रतिवेदन कलेक्टर को सौंपने के बाद मामले में ठेकेदार नाहर पर 3 करोड़ 26 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाई गई। फिलहाल विभागीय अफसरों पर कार्रवाई के लिए नोटिस जारी होने के बाद राजस्व अमले में हड़कंप मचा हुआ है।
यहां अब तक काम चल रहा
75 करोड़ रुपए की लागत वाले इस सड़क का निर्माण अब तक अधूरा पड़ा हुआ है। ऐसे में अभी लोगों की सड़क की सुविधा के लिए और इंतजार करना पड़ेगा। कंपनी ने बिना मुआवजा दिए करीब 27 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण शुरू किया और 24 किमी का निर्माण कर भी लिया। हालांकि अब तक दनिया, पद्मावती पुर और कोड़का मंदिर के पास पुलिया निर्माण और छुईखदान नगर में सड़क निर्माण का काम बचा हुआ है। करीब दो किलामीटर के आसपास सड़क निर्माण फिलहाल शेष है।
जवाब आने का इंतजार
"खनिज विभाग से जांच प्रतिवेदन आने के बाद उस समय और वर्तमान के अफसरों को नोटिस जारी किया गया है। स्पष्टीकरण में पूछा गया है कि अब तक इस मामले में राजस्व विभाग के अफसर व कर्मचारियों ने कार्रवाई क्यों नहीं की। जवाब आने के बाद इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।" - डॉ.जगदीश सोनकर, कलेक्टर, केसीजी

टिप्पणियाँ