अवैध डोलोमाईट की गाड़ियों के बेतरतिब परिवहन से अब क्षेत्रवासी भी परेशान, जिला प्रशासन खनिज के अवैध परिवहन को गंभीरता से ले नहीं रहा;
- अवैध डोलोमाईट खदानों पर कार्रवाई का क्षेत्रवासियों को इंतजार, नियम कानून को ताक पर रखकर किया जाता है परिवहन
रायगढ़। कटंगपाली क्षेत्र में अवैध डोलोमाईट खदानों से निकलने वाली गाडिय़ों के बेतरतिब परिवहन से अब क्षेत्रवासी भी परेशान हो गए हैं। लोगों को इन वाहनों व खदानों पर कार्रवाई का इंतजार है, लेकिन खनिज नवगठित जिले के जिला प्रशासन अवैध खदानों व उससे निकलने वाले खनिज के अवैध परिवहन को गंभीरता से ले नहीं रही है।
विदित हो कि नवगठित सारंगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड में स्थित ग्राम कटंगपाली, मौहापाली व नवघटा में डोलोमाईट की अवैध खदानों काफी बड़े स्तर पर संचालित हो रही है। खनिज तस्करों द्वारा बेखौफ होकर इन खदानों से उत्खनन कर परिवहन कर रहे हैं। अवैध खनिज होने के कारण खदानों से निकलने वाली गाडिय़ां बेतरतिब तरीके से सड़कों पर जाती है जिसके कारण कई बार हादसे होते हैं तो वहीं कई बार अनहोनी हाने का भय लोगो ंको सताता है। नियम कानून को दरकिनार करते हुए बिना तिरपाल ढके खुले व कंडम ट्रेक्टरों में अवैध खनिज का परिवहन किया जाता है। इससे क्षेत्र की सड़के पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। क्षेत्र की पूरी सड़क गड्ढों से पटा हुआ है। जिसे देखते हुए अब क्षेत्रवासी भी इन खदानों व खदानों से निकलने वाले वाहनों के परिवहन पर कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
- बिना नंबर के ट्रेक्टर में करते हैं परिवहन
इस क्षेत्र में सुबह ८ बजे के बाद आम तौर पर यह देखने को मिलता है कि अवैध खदानों से बिना नंबर की ट्रेक्टर में डोलोमाईट का परिवहन किया जाता है। किसी भी ट्रेक्टर में नंबर प्लेट नहीं रहता है, ताकि गाड़ी पकड़ाने पर वाहन स्वामी का नाम सामने न आए।
- चौंकी के पहले ही खप जाता है खनिज
खनिज विभाग की जांच चौंकी टिमरलगा में है और डोलोमाईट के करीब दर्जन भर अवैध खदान कटंगलपाली व आस-पास क्षेत्र में ही संचालित हो रहा है। जिसके कारण यहां से निकले अवैध खनिज को वहीं के क्रशरों में खपा दिया जाता हैं।
हां क्षेत्र में अवैध खदान का संचालन हो रहा है, यह बात मेरे संज्ञान में है, जल्द ही क्षेत्र में कार्रवाई की जाएगी।
योगेंद्र सिंह, जिला खनिज अधिकारी

टिप्पणियाँ