सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

एकलव्य आवासीय विद्यालय में रैंगिंग का मामला- बड़े छात्र छोटे बच्चों की पिटाई करते व उनके बाल काटते वीडियो में नजर आ रहे, सात नाबालिग और एक बालिग छात्र पर एफआईआर दर्ज

  • कलेक्टर ने अधीक्षक को आधी रात में ही हटाया

कवर्धा/ सोशल मीडिया में मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुआ। एकलव्य आवासीय विद्यालय में बड़े छात्र छोटे बच्चों की पिटाई कर रहे हैं, उनके बाल काट रहे हैं। वायरल वीडियो को कलेक्टर ने संज्ञान में लिया। कलेक्टर ने आधी रात को ही अधीक्षक को वहां से हटा दिया, जबकि प्राचार्य को नोटिस थमाया। सात नाबालिग और एक बालिग विद्यार्थी पर एफआईआर दर्ज किया गया।

वायरल वीडियो की सत्यता और घटना की जांच करने कलेक्टर जनमेजय महोबे ने कवर्धा के बोड़ला विकासखण्ड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर के लिए रात्रि 9 बजे संयुक्त कलेक्टर और प्रभारी आदिमजाति सहायक आयुक्त मोनिका कौडों, कवर्धा एसडीएम पीसी कोरी, बोड़ला एसडीएम संदीप ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर आकांशा नायक और बोड़ला तहसीलदार तरेगांव जंगल पहुंचे।

अधिकारियों की टीम ने जांच के बाद देर रात्रि 12 बजे कार्यवाही की। अधिकारियों की टीम ने वाइरल वीडियो के आधार पर तरेगांव में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के अधीक्षक और प्राचार्य से घटना की पूरी जानकारी ली। जांच के प्रथम दृष्टया में पाया गया कि वाइरल वीडियो में छात्रावासी बच्चों की मारपीट की घटना 11 मार्च 2023 की है। जांच के बाद तरेगांव जंगल एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के अधीक्षक मालिक राम मरकाम को तत्काल संस्थान से हटाया गया। उनके स्थान पर प्री मैट्रीक आदिवासी बालक छात्रावास के अधीक्षक प्रहलाद पात्रे को चार्ज दिया गया है। वहीं प्राचार्य प्रमोद प्रकाश को शोकाज नोटिस जारी किया गया है।

8 पर एफआईआर

एकलव्य आवासीय विद्यालय में रैगिंग मामले में आठ छात्रों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें एक बालिग व सात नाबालिग शामिल हैं। तरेगांव थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एकलव्य आवासीय विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद प्रकाश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया कि स्कूल के कक्षा 11वीं में पढ़ने वाले बच्चों ने 6वीं क्लास में पढ़ने वाले बच्चों को अकेले में ले जाकर मारपीट की है। कुछ बच्चों के बाल भी काटे गए हैं, जिसके आधार पर थाना तरेगांव में विद्यालय में अध्ययनरत आठ बच्चों के खिलाफ आईपीसी की धारा 294, 323, 342 के अलावा छग के शैक्षणिक संस्थानों में रैगिंग अधिनियम 2001 के तहत मामला दर्ज कर एक बालिग व सात अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया गया है।

निलंबित नहीं किया

संस्था के प्रभारी अधीक्षक मालिकराम मरकाम द्वारा संस्था के देखरेख में अभाव व छात्रावासी बच्चों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण वहां स्थिति ऐसी बनी रही। बताया जाता है कि रात में अधीक्षक कवर्धा आ जाते थे। जिम्मेदारी कुछ लड़कों को दिया गया, जो हॉस्टल को नियंत्रित करते। हालांकि इस मामले में निलंबन की कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन प्रभारी अधीक्षक उक्त क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य के सुपुत्र हैं जिसके कारण कोई कार्रवाई नहीं किया गया। जबकि पूर्व में इसी तरह की लापरवाही बरतने पर सीधे आदिमजाति सहायक आयुक्त को निलंबित कर दिया गया था, लेकिन यहां पर ऐसा नहीं किया गया।

प्राचार्य से मांगा स्पष्टीकरीण

संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी आदिमजाति सहायक आयुक्त मोनिका कौडों ने बताया कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तरेगाव जंगल के प्राचार्य को प्रमोद प्रकाश प्राचार्य को शोकाज नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि उपरोक्त घटना आपके संज्ञान में होने के पश्चात् भी अधोहस्ताक्षरी को अवगत नहीं कराया गया जो आपको सौंपे गए पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही व स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है। जवाब प्राप्त नहीं होने पर सिविल सेवा आचरण नियम 1966 के प्रावधानों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

टिप्पणियाँ