जांजगीर चंपा/ पामगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत केसला में भ्रष्टाचार का अनोखा मामला सामने आया है जहां गांव में कागजों में सड़क बन गई और पांच लाख रुपए का भुगतान भी हो गया। तात्कालिन सरपंच और सचिव पर गड़बड़ी का आरोप लग रहा है। इधर ग्रामीणों को इसकी जानकारी नहीं होने से मामला दब गया है।
- कागजों में बन गई 5 लाख की सड़क और हो गया भुगतान
पामगढ़. बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत केसला में वर्ष २०१८-१९ में सड़क निर्माण की स्वीकृत मिली थी जिसमें लटिया के घर से रामावतार घर तक सीसी रोड निर्माण होना था तब यहां की सरपंच पार्वती साहू थी लेकिन सड़क का निर्माण केवल कागजों में कर लिया गया और गांव में पूर्व में बनी सीसी रोड के फोटोग्राफ्स लगाकर सरपंच, वर्तमान सचिव सीमा बंजारे, इंजीनियर ने मिलीभगत पहली किस्त में ३ लाख रुपए आहरण कर लिए। इसके बाद वर्ष २१-२२ में पंचायत चुनाव हुआ तो सरपंच बदल गए और लकेश्वर चौहान सरपंच बने। लेकिन अविश्वास प्रस्ताव हुआ और लकेश्वर चौहान की कुर्सी चली गई और फिर उपसरपंच शकुन रत्नाकर को उपचुनाव होने तक स्थानापन्न सरपंच बनाया गया जो करीब १ से डेढ़ साल तक स्थानापन्न सरपंच रही। इस दौरान ही स्थानापन्न सरपंच पर दबाव बनाकर शेष बचे २ लाख रुपए का भुगतान भी करा लिया गया।
- पूर्व में बने पुरानी सड़क को किया शो
इस पूरे मामले में गांव में पूर्व में बनी पुरानी सड़क को दिखाकर भुगतान कराया गया है। इधर अपने बचाव में तात्कालिन सरपंच के द्वारा यह कहा जा रहा है कि १८-१९ में गांव में कलेश्र के घर से अजय घर तक सड़क बनी है और उसी का ५ लाख रुपए का भुगतान हुआ है। इधर वर्तमान सरपंच जानकी सुखदेव पाटले का कहना है कि उक्त सड़क का निर्माण करीब दस साल पूर्व मेरे कार्यकाल में हुआ था। इसके बाद वहां कोई नई सड़क नहीं बनी है।
- क्या कहते हैं मामले में जिम्मेदार
सड़क नहीं बनी है इसलिए मेरे द्वारा चेक पर दस्तखत नहीं करने बार-बार मना किया जा रहा था। जिस पर चेक कटवाने लगातार तात्कालिन सरपंच और जनपद अधिकारी के दबाव बना रहे थे कि कुछ नहीं होगा, पहले तो हम लोग फसेंगे, कहकर बार-बार बोला गया जिसके बाद चेक काटा गया।
शकुन रत्नाकर, तात्कालिन स्थानापन्न सरपंच व वर्तमान उपसरपंच केसला
जिस सड़क को शो करके ५ लाख रुपए का आहरण किया गया है वह सड़क पूर्व में मेरे सरपंची कार्यकाल के दौरान बनी है। इसके बाद उक्त स्थान पर नई सड़क नहीं बनी है।
जानकी सुखदेव पाटले, वर्तमान सरपंच केसला
- बिना सड़क बनाए रुपए आहरण की शिकायत निराधार है। गांव में कलेश्र के घर से अजय घर तक सड़क बनी है और उसी का भुगतान हुआ है।
पार्वती साहू, तात्कालिन सरपंच केसला
इसकी जानकारी नही ंहै। आपके माध्यम से जानकारी मिल रही है। ऐसा है तो इसकी जांच कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी।
प्रज्ञा यादव, सीईओ पामगढ़

टिप्पणियाँ