सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

राज्य कृषि विपणन बोर्ड में शिकायत - नवागांव के किसान ने 2022 को 73 क्विंटल 36 किलो धान एसडी एग्रो पंधी को धान बेचा, जबकि अक्टूबर 2020 काे उसकी मृत्यु हो गई थी; अधिकारियों का कहना जाँच चल रही है

बिलासपुर/ कृषि उपज मंडी जयरामनगर में मृत व्यक्ति के नाम पर सौदा पत्रक कट गया। नवागांव के किसान चोखराम ने 16 जून 2022 को 73 क्विंटल 36 किलो धान एसडी एग्रो पंधी को धान बेचा है। इसकी कीमत 1 लाख 136 रुपए है। वहीं, 20 अक्टूबर 2020 काे उनकी मृत्यु हो गई। इधर, कृषि उपज मंडी जयरामनगर में चाेखराम के नाम से बाकायदा साैदा पत्रक कटा है, जिसमें उनके हस्ताक्षर भी हैं। इसकी शिकायत राज्य कृषि विपणन बोर्ड में की गई है। इस मामले में जयरामनगर मंडी के अधिकारियों का कहना है कि जयरामनगर के अंतर्गत तीन नवागांव है, अब चोखराम कौन से नवागांव का है, इसकी जांच कराई जा रही है।

कृषि उपज मंडी अंतर्गत नवागांव के किसान चोखराम पटेल की 2020 में मृत्यु हो चुकी है। उनके नाम पर कृषि उपज मंडी जयराम नगर में सौदा पत्रक कटा है। आरोप है कि यहां अधिकारी-कर्मचारियों ने फर्जीवाड़ा करते हुए सौदा पत्रक में सरनेम को विलाेपित कर दिया है। यह भी आरोप है कि राइस मिलर्स या फर्म किसानों से ज्यादा मात्रा में धान खरीदकर कम धान का सौदा पत्रक कटवाते हैं, ताकि वे टैक्स देने से बच सकें। जांच से बचने के लिए मृत व्यक्ति के नाम का सहारा लेकर गुमराह किया जा रहा है।

प्रभारी सचिव का मूल पद इंस्पेक्टर है

कृषि उपज मंडी जयरामनगर के प्रभारी सचिव प्रशांत मिश्रा का मूल पद मंडी इंस्पेक्टर है और शासन ने उन्हें यहां का प्रभारी सचिव बना दिया है।

जून 2022 में भी अवैध रूप से कटा था सौदा पत्रक

कृषि उपज मंडी जयरामनगर में बीते 3 जून को धान का अवैध परिवहन पर तत्कालीन सचिव ने तीन ट्रक पकड़ा था। मंडी अधिनियम के तहत 5 गुना मंडी शुल्क लेने के बजाय अवैध रूप से सौदा पत्रक काटकर मामले को रफा दफा कर दिया था। जो तीन ट्रक पकड़ा गया था, उसमें 700 क्विंटल धान था, जिसकी कीमत 13 लाख 72 हजार थी। इसका 5 गुना मंडी शुल्क यानी 2 लाख 33 हजार रुपए वसूल की जानी थी, लेकिन उन्होंने तीन गाड़ियों का पांच सौदा पत्रक काटकर मामले को खत्म कर दिया।

क्या है सौदा पत्रक

सौदा पत्रक से मंडी की आय होती है। सौदा पत्रक के आधार पर ही मंडी शुल्क का निर्धारण किया जाता है। जानकारों का कहना है कि सौदा पत्रक काटने का अधिकार नियमित कर्मचारियों को है, लेकिन यहां प्लेसमेंट के कर्मचारी सौदा पत्रक काट रहे हैं।

जांच कराई जा रही है

"कृषि उपज मंडी जयरामनगर के अंतर्गत नवागांव के नाम से तीन गांव है। जिस चोखराम के नाम से सौदा पत्रक कटा है, वे कौन से नवागांव के हैं, उसकी जांच की जा रही है। सौदा पत्रक चोखराम के नाम से कटा है और मृतक किसान का नाम चोखराम पटेल है।"

- प्रशांत मिश्रा, प्रभारी सचिव, कृषि उपज मंडी,जयरामनगर

टिप्पणियाँ