सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

ऊंट ने मालिक की गर्दन दबोचकर जान ले ली; परिवार ने ऊंट को पेड़ से बांधकर मरते दम तक पिट कर लिया बदला

नोखा/ राजस्थान के बीकानेर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक परिवार के लोगों ने एक ऊंट को पेड़ से बांधा और डंडों से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली। उन्होंने ऊंट के सिर पर तब तक वार किए गए, जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है।

इसमें देखा जा सकता है कि लोगों ने ऊंट की गर्दन पेड़ में फंसाई और डंडों से उसकी ताबड़तोड़ पिटाई की। कुछ देर तो ऊंट खड़ा रहा, फिर पिटाई के असर से उसकी हालत खराब होने लगी और वह गिर पड़ा। इतनी मार खाकर ऊंट की मौत हो गई। दरअसल, इस ऊंट ने मालिक सोहनराम की जान ले ली थी। सोहनराम परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ऊंट ने ली थी मालिक की जान, परिवार ने बदला लिया

मामला नोखा के पांचू गांव का है। मृतक सोहनराम नायक (45 साल) के परिजनों ने बताया कि सोहनराम सोमवार शाम को गांव से ऊंट गाड़ी लेकर ढाणी पहुंचा था। वह ऊंट को खेत में ले जा रहा था। इस दौरान ऊंट ने सोहनराम की गर्दन पकड़ ली। सोहनराम ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन वह छुड़ा नहीं पाया।

घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसी भंवरलाल मेघवाल, सोहनराम के पिता मोहनराम मौके पर पहुंचे। लाठियों से ऊंट को दूर करना चाहा, लेकिन ऊंट के मुंह में गर्दन होने से सोहनलाल लहूलुहान हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद ग्रामीणों ने जैसे-तैसे ऊंट को कब्जे में लिया। वहीं, घटना के बाद जमा भीड़ ने ऊंट को पीट-पीट कर मार डाला। गुस्साए लोगों का कहना है कि अगर ऊंट जिंदा रहता तो वह और कई लोगों को नुकसान पहुंचाता।

20 दिन पहले ही खरीदा था ऊंट

मृतक के बुआ के लड़के नेमाराम नायक ने बताया- सोहनराम ने 20 दिन पहले ही यह ऊंट खरीदा था। इस कारण उसे ऊंट के स्वभाव की पहचान नहीं थी। ऊंट स्वभाव से हिंसक था। सोहनराम ऊंटगाड़ी चलाकर ही अपने परिवार का गुजारा करता था। सोहनराम के 5 बेटे और 2 बेटियां है। सबसे बड़ा बेटा 18 साल का है।

मालिक की मौत के बाद परिवार ने पहले तो ऊंट को पेड़ से बांधा फिर उसे मार डाला।

रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

थानाधिकारी मनोज यादव ने बताया- ऊंट सोहनराम नायक का पालतू जानवर था। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। आज सुबह तक किसी प्रकार का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। ऊंट की हत्या के मामले की भी जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ