सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

स्कूल शिक्षा विभाग में फर्नीचर खरीदी में घोटाला का मामला आया सामने - सांसद गोमती साय ने मुख्य सचिव को चिट्‌ठी लिखकर जांच की मांग की

रायगढ़/ स्कूल शिक्षा विभाग में फर्नीचर खरीदी से लेकर सीएसआर और डीएमएफ फंड से मिली रकम के बंटरबाट की बात सामने आई हैं। ऐसा आरोप लगाते हुए सांसद गोमती साय ने मुख्य सचिव को चिट्‌ठी लिखकर जांच की मांग की है। इसके बाद शासन ने जांच कमेटी बैठा दी है। ऐसे में शिक्षा विभाग के पूर्व डीईओ और कर्मचारी दहशत में हैं। छुट्‌टी में दफ्तर खोलकर दस्तावेज इधर-उधर न किए जा सकें, इसलिए डीईओ ऑफिस में ताला लगवा दिया गया है।

सांसद गोमती साय ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा था। डीईओ आरपी आदित्य पर आरोप लगाते हुए कहा गया था कि संसदीय क्षेत्र की जानकारी मांगी गई थी, लेकिन डीईओ द्वारा एक माह बाद जानकारी दी गई। मैदानी इलाकों के स्कूलों में पदस्थ कर्मचारियों को अटैच कर लंबे समय तक रखे जाने, 2020-21 में 4 फर्म से 1 करोड़ 21 लाख रुपए से खरीदे गए फर्नीचर के गुणवत्ताहीन होने की बात कही गई।

अब सारे फर्नीचर अनुपयोगी हो चुके हैं। 2018 से लेकर 2021 में विभाग और डीएमएफ से मिली रकम में गड़बड़ी सामने आने की बात भी कही गई। शिक्षा गुणवत्ता को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में मुख्य सचिव से डीईओ के खिलाफ शिकायत कर उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच करने की मांग की गई थी।

पुराने अफसर पहुंच गए दफ्तर, तो आनन फानन में बंद कराया गया डीईओ कार्यालय

इस मामले में सीएस ने लोक शिक्षण संचनालय के माध्यम से बिलासपुर संभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर को इसकी जांच करने की जिम्मेदारी दी है। कहा जा रहा है कि 8-9 फरवरी को इस मामले में ज्वाइंट डायरेक्टर जांच करेंगे। शनिवार को छुट्‌टी होने के बावजूद पूर्व के अफसर रायगढ़ कार्यालय आए। कार्यालय के भी कुछ कर्मचारी के भी इसमें लिप्त होने की बात कही जा रही है, लेकिन इसकी सूचना सांसद कार्यालय में पहुंच गई, फिर शिकायत प्रशासन के बड़े अफसरों से हुई। इसके बाद डीईओ कार्यालय को बंद करने के लिए निर्देश दिया गया। फिर दफ्तर में ताला बंद करके चाबी अपने पास रख करके डीईओ बी बाख्ला चले गए। सुबह वहां पर कार्यालय खुलने कुछ अफसर पहुंचे थे।

हर विभाग में डीएमएफ और सीएसआर के पैसों की बंदरबाट, कई जगह गड़बडी

मैं समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिवासी विकास विभाग सहित हर विभागों की जानकारी लेती रहती हूं। हर विभाग में डीएमएफ और सीएसआर में जो रकम मिल रही है, उसमें व्यापक रूप से आर्थिक गड़बड़ियां की जा रही हैं। मैंने शिक्षा विभाग के कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत की है। बाकी विभागों में बड़ी आर्थिक गड़बड़ियां चल रही है। - गोमती साय, सांसद

सुरक्षा के दृष्टिकोण से बंद कराया कार्यालय

शनिवार को दफ्तर बंद रहता है, लेकिन सुरक्षा के दृष्टिकोण से कार्यालय बंद कराया गया है। हमने कार्यालय को बंद करा के उसकी चाबी को चौकीदार को ही दिया है। - बी बाख्ला, डीईओ

टिप्पणियाँ