केंद्रीय जेल बिल्डिंग का ठेका लेने वाले मां भगवती कंस्ट्रक्शन को लोक निर्माण विभाग पीआईयू जबलपुर के संभागीय परियोजना यंत्री ने ईएनसी पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखकर कहा है कि किसी प्रकार का कोई सर्टिफिकेट नहीं दिया
बिलासपुर/ बिलासपुर में केंद्रीय जेल बिल्डिंग का ठेका लेने वाले कंपनी मां भगवती कंस्ट्रक्शन के पीडब्ल्यूडी जबलपुर के नाम से जमा किए गए सारे दस्तावेज फर्जी है। लोक निर्माण विभाग पीआईयू जबलपुर के संभागीय परियोजना यंत्री ने रायपुर के ईएनसी पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखकर कहा है कि मां भगवती कंस्ट्रक्शन को किसी प्रकार का कोई सर्टिफिकेट नहीं दिया गया है। उक्त कंपनी द्वारा जबलपुर के नाम से जमा किए गए सारे दस्तावेज फर्जी हैं।
उन्होंने कहा कि जबलुपर के मुंगेली में श्रमोदय आवासीय विद्यालय का निर्माण इंदौर की कंपनी मेसर्स सीएमएम इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड ने की है। इसी कंपनी को विभाग की ओर से वर्क आर्डर से लेकर एलओए और पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग पीआईयू जबलपुर के संभागीय परियोजना यंत्री ने पीडब्ल्यूडी रायपुर के ईएनसी कमलेश पिपरी को पत्र लिखकर कहा कि श्रमोदय आवासीय विद्यालय मंुगेली जबलपुर का निर्माण इंदौर की कंपनी मेसर्स सीएमएम इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड ने किया है।
ईएनसी को भेजी गई प्रमाणित कॉपी
ईएनसी पिपरी को डिवीजनल प्रोजेक्ट इंजीनियर पीडब्ल्यूडी पीआईयू जबलपुर की ओर से सीएमएम इंफ्राप्रोजेक्ट इंदौर को जारी वर्क आर्डर, कंप्लीशन सर्टिफिकेट, लेटर आफ एसेप्टेंस(एलओए) समेत अन्य दस्तावेज सौंपा गया है। लेटर आफ एसेप्टेंस में परफार्मेंस सिक्युरिटी, परफार्मेंस गारंटी के लिए 2.13 कराेड़ रुपए जमा किए जाने के अलावा निर्माण को लेकर पूरे दस्तावेज हैं। सीएमएम इंफ्राप्रोजेक्ट इंदौर ने 10.01% बिलो रेट पर यह काम लिया था, इसकी भी प्रमाणित कॉपी दी गई है।
दस्तावेज के नाम पर फर्जीवाड़ा
सूत्रों का कहना है कि 116 करोड़ का ठेका लेने के लिए मां भगवती कंस्ट्रक्शन कंपनी ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों से सांठगांठ कर फर्जी दस्तावेज दिया और विभाग ने झूठे शपथ पत्र के आधार पर ठेका दे दिया। इस मामले में कई विभागीय अधिकारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि जांच में और भी खुलासे होंगे। ईएनएसी और सीई का कहना है कि जांच के बाद ही मामले में दोषियों परकार्रवाई होगी।
जबलपुर की चिट्ठी से फर्जीवाड़ा साबित
लोक निर्माण विभाग पीआईयू जबलपुर के संभागीय परियोजना यंत्री की चिट्ठी से फर्जीवाड़ा साबित हो चुका है। ईएनसी कमलेश पिपरी का कहना है कि केंद्रीय जेल बिल्डिंग का ठेका लेने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने वाली कंपनी मां भगवती कंस्ट्रक्शन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ